×

Rekha Gupta Delhi New CM: संघ ने की थी रेखा गुप्ता की वकालत,भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी लगा दी मुहर

Rekha Gupta Delhi New CM: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को नेता चुन लिया गया है। रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं और उन्होंने शालीमार बाग विधानसभा सीट से चुनाव जीता है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 19 Feb 2025 9:00 PM IST (Updated on: 19 Feb 2025 10:07 PM IST)
Rekha Gupta Delhi New CM: संघ ने की थी रेखा गुप्ता की वकालत,भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी लगा दी मुहर
X

Rekha Gupta Delhi New CM: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को नेता चुन लिया गया है। रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं और उन्होंने शालीमार बाग विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और महिला मोर्चे की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी है।

रेखा गुप्ता का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से काफी करीबी रिश्ता रहा है और संघ की ओर से ही उनका नाम सुझाया गया था। संघ की ओर से वकालत किए जाने के बाद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी उनके नाम पर मुहर लगा दी। हालांकि उनके नाम का ऐलान सुनकर विधायक दल की बैठक में मौजूद कई नेता आश्चर्यचकित रह गए। भाजपा ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर चौंकाने वाला फैसला किया है। छात्र राजनीति के दिनों में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी हुई थीं। रेखा भाजपा शासित 21 राज्यों में अकेली महिला मुख्यमंत्री होंगी।

भाजपा नेतृत्व ने फिर सबको चौंकाया

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए गए थे और पिछले 11 दिनों से नए मुख्यमंत्री को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं। हालांकि मुख्यमंत्री पद की रेस में कई नेताओं के नाम शामिल थे मगर नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आप मुखिया अरविंद केजरीवाल को चुनाव हारने वाले प्रवेश वर्मा को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। हालांकि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने प्रवेश वर्मा और अन्य दावेदारों पर रेखा गुप्ता को तरजीह देते हुए एक बार फिर अपने फैसले से सबको चौंका दिया।

सियासी जानकारों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से रेखा गुप्ता की करीबी ने बड़ा रंग दिखाया है। संघ की ओर से रेखा गुप्ता के नाम की पैरवी की गई थी और आखिरकार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उनके नाम को मंजूरी दे दी। हालांकि रेखा गुप्ता के नाम को मंजूरी देने से पहले भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भी इस मुद्दे पर गहराई से मंथन किया। मंथन के बाद भाजपा के दोनों पर्यवेक्षकों को रेखा गुप्ता के नाम पर सभी विधायकों को रजामंद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और विधायक दल की बैठक में उनके नाम का ऐलान कर दिया गया।

पहली बार विधायक,अब बनेंगी मुख्यमंत्री

हरियाणा के जींद जिले की मूल निवासी रेखा गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति के मैदान में सक्रिय रही हैं। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से पुराना नाता रहा है। उन्होंने इस बार दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। वे पहली बार विधायक का चुनाव जीतने में कामयाब हुई हैं मगर अब वे दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। हालांकि इसके पूर्व दो बार उन्हें विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

रेखा गुप्ता ने इस बार के विधानसभा चुनाव में 29 हजार 595 वोटों से जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता को 68 हजार 200 वीट मिले थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की महिला उम्मीदवार वंदना कुमारी को हराया था। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण कुमार जैन तीसरे स्थान पर रहे थे। 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में वंदना कुमारी ने इस सीट से जीत हासिल की थी मगर इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दोनों बार उन्होंने रेखा गुप्ता को चुनाव हराया था।

सबसे मजबूत दावेदार ने ही रखा नाम का प्रस्ताव

रेखा गुप्ता दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ की महासचिव और अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे तीन बार दिल्ली नगर निगम की पार्षद रही हैं और इसके साथ ही दक्षिण दिल्ली की मेयर भी रह चुकी हैं। इस बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए महिला चेहरे के रूप में उनका नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था। मजे की बात यह है कि मुख्यमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे प्रवेश वर्मा और विजेंद्र गुप्ता ने ही रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली में विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाबी हासिल की है और अब रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री के रूप में दिल्ली की कमान संभालेंगी। मौजूदा समय में भाजपा की देश के कई राज्यों में सरकारें हैं मगर रेखा गुप्ता भाजपा शासित राज्यों में पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी।। वे गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। भाजपा के कई प्रमुख नेताओं के साथ आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल और वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने भी रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है।



Shivam Srivastava

Shivam Srivastava

Next Story