×

Bharat Jodo Yatra: दिल्ली पुलिस राहुल गांधी की सुरक्षा करने में रही नाकाम, कांग्रेस ने अमित शाह को लिखा खत

Bharat Jodo Yatra: केंद्रीय गृह मंत्री को लिखे खत में कांग्रेस महासचिव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत अन्य भारत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Dec 2022 10:45 AM GMT
Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra
X

Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra (photo: social media )

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में निकली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद ब्रेक पर है। कुछ दिनों बाद कांग्रेसी फिर से यात्रा की शुरुआत यूपी के गाजियाबाद से करेंगे। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली पुलिस को अपने नेता राहुल गांधी को सुरक्षा मुहैया कराने में पूरी तरह से नाकाम करार दिया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बाबत एक खत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखा है। दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के मातहत की काम करती है।

वेणुगोपाल ने अपनी चिट्ठी में लिखा, दिल्ली में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में कई जगह पर चूक हुई। पुलिस राहुल के ईद-गिर्द भीड़ को नियंत्रित कर घेरा बनाने में नाकाम रही जबकि उन्हें जेड प्लस की सुरक्षा प्राप्त है। 24 दिसंबर को स्थिति यह हो गई थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारत यात्रियों को राहुल गांधी के आसपास घेरा बनाना पड़ा था।

राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाई जाए

केंद्रीय गृह मंत्री को लिखे खत में कांग्रेस महासचिव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत अन्य भारत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा अब पंजाब और जम्मू कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्यों में पहुंचने वाली है, लिहाजा यात्रा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। खत में पूर्व पीएम इंदिर गांधी और राजीव गांधी समेत उन नेताओं की राजनीतिक हत्या का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

केसी वेणुगोपाल ने आईबी द्वारा भारत यात्रा के दौरान राहुल गांधी से मिलने वाले लोगों से पूछताछ पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अनुच्छेद 19 के तहत कोई भी व्यक्ति अभिव्यक्ति की आजादी के तहत प्रदर्शन या यात्रा या अपने विचारों को व्यक्त कर सकता है।

बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू होकर तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, एमपी, राजस्थान, हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंची है। 3 जनवरी को यात्रा की शुरूआत यूपी से होगी, जो हरियाणा, पंजाब होते हुए जम्मू कश्मीर पहुंचेगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story