×

Ramcharitmanas Row: रामचरितमानस की रिकॉर्ड बिक्री, विश्व पुस्तक मेले में उमड़ी भीड़

Ramcharitmanas Row: सियासी बयानबाजी से इतर रामचरितमानस पर आस्था और इसकी लोकप्रियता हमेशा की तरह बुलंदी पर है। दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित विश्व पुस्तक मेले के पहले ही दिन इसकी सैकड़ों प्रतियां बिक गईं।

Dhanish Srivastava
Published on: 26 Feb 2023 8:42 AM GMT
World Book Fair 2023
X

World Book Fair 2023 (Pic: Social Media)

Ramcharitmanas Row: दिल्ली के प्रगति मैदान में दो साल बाद लग रहा विश्व पुस्तक मेला साहित्यप्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। यहां देश-विदेश के लेखकों की पुस्तकों से रूबरू होने लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खास बात यह है कि रामचरितमानस को लेकर लोगों में काफी खासा उत्साह देखा जा रहा है। यहां लगे गीता प्रेस के स्टॉल पर एक दिन में इस धार्मिक ग्रंथ की 300 से ज्यादा प्रतियों की बिक्री हुई। इसकी डिमांड के आगे दुनिया भर की बेस्ट सेलर पुस्तकें फीकीं नजर आईं।

साहित्यप्रेमियों के चेहरे पर खिली मुस्कान

विश्व पुस्तक मेले में दुनियाभर के टॉप लेखकों की किताबें लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रही हैं। यहां लगे अलग-अलग प्रकाशकों के स्टॉलों पर हर आयुवर्ग के लोग अपनी पसंद की किताबें खोजते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि युवा हों या बुजुर्ग सभी की रूचि रामचरितमानस को लेकर काफी देखी जा रही है। बड़े से बड़े लेखकों की पुस्तकों से ज्यादा रामचरितमानस की डिमांड है। विश्व पुस्तक मेले में गोरखपुर की गीता प्रेस के स्टॉल पर पाठकों की सबसे ज्यादा भीड़ दिख रही है और लोग यह धार्मिक ग्रंथ खूब खरीद रहे हैं।

गीता प्रेस से जुड़े लोगों के मुताबिक यहां रामचरितमानस तीन अलग-अलग आकारों में उपलब्ध है। जिनकी कीमत 300 से लेकर 1600 रूपए है। इस ग्रंथ के अलावा अन्य धार्मिक पुस्तकों की तरफ भी लोगों की खासी रूचि देखने को मिल रही है। वाल्मीकि रचित रामायण और श्रीमदभगवद गीता को लोग खूब खरीद रहे हैं। धर्म, ज्ञान और आध्यात्म से जुड़ी पुस्तकों की ओर लोगों का अच्छा रूझान है।

दो हजार स्टॉलों पर लाखों पुस्तकें

केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने विश्व पुस्तक मेले का शनिवार को उद्घाटन किया था। इसके साथ ही दो साल से अपनी मनपसंद पुस्तकों का इंतजार कर रहे साहित्यप्रेमियों की भीड़ यहां उमड़ना शुरू हो गई। दुनिया के कोने-कोने के नामचीन लेखकों के अलावा प्राचीन व दुर्लभ पुस्तकों का संग्रह लोगों को काफी पसंद आ रहा है। यहां करीब दो हजार स्टॉल लगे हुए हैं, जिनमें लाखों किताबें लोगों को खूब पसंद आ रही हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story