×

Delhi New CM: सामने आ गया दिल्ली की नई सीएम का नाम, जल्द ही हो सकती है घोषणा

Delhi New CM: अगर सब कुछ ठीक रहा तो दिल्ली की गद्दी पर इस बार महिला की ताजपोशी होगी। महिला मुख्यमंत्री के नाम को फाइनल करने के फैसले के पीछे कई अहम कारण हैं।

Ramkrishna Vajpei
Published on: 17 Feb 2025 4:01 PM IST
Delhi New CM: सामने आ गया दिल्ली की नई सीएम का नाम, जल्द ही हो सकती है घोषणा
X

Delhi New CM: दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अब सस्पेंस खत्म होने का समय करीब आ गया है। भाजपा हाईकमान के करीबी सूत्र का कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है। अब बस इसकी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो दिल्ली की गद्दी पर इस बार एक महिला की ताजपोशी होगी। सूत्र का कहना है कि मुख्यमंत्री के नाम को फाइनल करने के फैसले के पीछे कई अहम कारण हैं। जिन पर गंभीरता से विचार जा रहा है।

सूत्र का कहना है कि प्रवेश वर्मा के नाम पर गंभीरता से विचार किया गया। बाकी सब चीजें प्रवेश वर्मा के पक्ष में रही हैं लेकिन उनकी सबसे बड़ी डिमेरिट उनका साहिब सिंह वर्मा का पुत्र होना माना जा रहा है। क्योंकि भाजपा किसी भी हालत में इस समय परिवारवाद को बढ़ावा देने के आरोप से बचना चाह रही है इसलिए प्रवेश वर्मा के अलावा दूसरे नाम पर भी विचार किया जा रहा है।

वर्तमान में भाजपा शासित राज्यों में कहीं भी महिला मुख्यमंत्री नहीं है। इसके अलावा दिल्ली की राजनीति में भी सुषमा स्वराज के बाद भाजपा के पास कोई मजबूत चेहरा नहीं है। हालांकि दिल्ली में शीला दीक्षित के लम्बे कार्यकाल को देखते हुए ये साफ है कि दिल्ली में महिला सीएम फेस की स्वीकार्यता है। ऐसे में भाजपा लम्बी पारी खेलने के इरादे से और आम आदमी पार्टी की कार्यवाहक मुख्यमंत्री अतिशी को किसी महिला चेहरे से ही रिप्लेस करना चाहती है।

ऐसे में प्रवेश वर्मा के नाम के बाद रेखा गुप्ता का नाम भाजपा की पहली पसंद के रुप में सामने आ रहा है। रेखा गुप्ता दिल्ली भाजपा कि बड़ी नेता हैं और वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव और अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वह वैश्य समुदाय से आती हैं और उनका लंबा राजनीतिक अनुभव भी है। रेखा गुप्ता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य और पार्टी की दिल्ली राज्य इकाई की महासचिव हैं। वह वर्ष 1996-1997 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष बनीं। वह 2007 में उत्तरी पीतमपुरा (वार्ड 54) से दिल्ली पार्षद चुनाव के लिए चुनी गईं। वह 2012 में उत्तरी पीतमपुरा (वार्ड 54) से दिल्ली पार्षद चुनाव के लिए फिर से चुनी गईं।

रेखा गुप्ता एलएलबी पास हैं। रेखा गुप्ता का जन्म जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव 1974 में हुआ था। जब वे दो साल की थीं, उनके पिता की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर लगी। इसके बाद वे दिल्ली चले गए और 1976 में पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई दिल्ली में हुई। इसी दौरान वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी और राजनीति में सक्रिय हुई।



Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Next Story