BJP Meeting: भाजपा की बैठक में लोकसभा चुनाव और प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा, राजनीतिक दलों के असंतुष्ट नेताओं को साधने को बनी बड़ी रणनीति

BJP Meeting: बैठक में 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने और देशभर में लोगों तक इसे पहुंचाने को लेकर रोड मैप तैयार किया जा गया।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 2 Jan 2024 12:57 PM GMT (Updated on: 2 Jan 2024 12:57 PM GMT)
Lok Sabha elections and life prestige discussed in BJP meeting, big strategy made to appease disgruntled leaders of political parties
X

भाजपा की बैठक में लोकसभा चुनाव और प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा, राजनीतिक दलों के असंतुष्ट नेताओं को साधने को बनी बड़ी रणनीति: Photo- Social Media

BJP Meeting: 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा और 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार यानी दो जनवरी को दिल्ली में भाजपा की बैठक पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी का काम विभिन्न राजनीतिक दलों के असंतुष्ट नेताओं से संपर्क करना और उन्हें पार्टी में शामिल करना होगा।

बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, महासचिव तरुण चुघ, महासचिव सुनील बंसल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया समेत अन्य नेता शामिल रहे।

बैठक में 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने और देशभर में लोगों तक इसे पहुंचाने को लेकर रोड मैप तैयार किया जा गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम लला मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पार्टी एक कमेटी भी बना सकती है, जिसमें 1-2 मुख्यमंत्री और 3-4 केंद्रीय मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। भाजपा राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को भव्य बनाने में जुटी है।

बिहार बीजेपी कराएगी 50 लाख लोगों को अयोध्या दर्शन

बिहार बीजेपी की ओर से 50 लाख लोगों को अयोध्या का दर्शन कराया जाएगा। ऐसे में बीजेपी की ओर से लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए लव कुश रथ यात्रा निकाली जा रही है। बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चैधरी ने आज हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यह रथ बिहार के 38 जिलों से होते हुए 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। अयोध्या पहुंचने के साथ ही यात्रा का समापन हो जाएगा।

जब पीएम मोदी ने अयोध्या में कही थी ये बातें-

बता दे कि 30 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने राम की नगरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि यह ऐतिहासिक क्षण बहुत भाग्य से हमारे जीवन में आया है। मैं भारत के 140 करोड़ देशवासियों से हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं... जब 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भगवान श्री राम विराजमान हों, तब सभी अपने घरों में राम ज्योति जलाएं। दीपावली मनाएं।

22 को सभी को अयोध्या आना संभव नहीं-

पीएम मोदी ने आगे कहा था कि 22 जनवरी को सभी का अयोध्या आना संभव नहीं है। यहां का पूरा कार्यक्रम हो जाने के बाद एक बार परिवार के साथ अयोध्या जरूर आएं। प्रभु राम को तकलीफ हो, ऐसा हम भक्त कभी नहीं सह पाएंगे। हमने 550 साल इंतजार किया है, कुछ दिन और करें।

पीएम मोदी ने अयोध्या में 8 किलोमीटर तक लंबा रोड शो भी किया था। इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। रेलवे स्टेशन का नाम अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम रखा गया है।

22 को होगी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा

राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। इसमें 1 मिनट 24 सेकेंड का समय लगेगा। यह मुहूर्त काशी के पंडितों ने तय किया है। द्रविड़ बंधु पं. गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ और पं. विश्वेश्वर शास्त्री ने बताया था कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकेंड से मूल मुहूर्त होगा, जो 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकेंड तक चलेगा। इस दौरान संत और पीएम नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story