×

ड्रग्स किंग था इकबाल मिर्ची

seema
Published on: 29 Aug 2023 1:18 PM GMT
ड्रग्स किंग था इकबाल मिर्ची
X
ड्रग्स किंग था इकबाल मिर्ची

मुंबई: पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल, इंटरनेशनल ड्रग्स तस्कर इब्राहिम मिर्ची से संबंधों के कारण मुश्किल में पड़ गये हैं। इकबाल मिर्ची की 14 अगस्त 2013 को लंदन में मौत हो गयी थी। वह 1993 में मुंबई बम धमाकों के बाद भारत छोड़कर भाग गया था। इकबाल मिर्ची का असली नाम इकबाल मेमन था लेकिन मसाले का कारोबार करने के कारण उसका नाम इकबाल मिर्ची पड़ गया था। उसे दाऊद इब्राहिम का खास आदमी कहा जाता था।

किंग ऑफ ड्रग्स

इकबाल मिर्ची का असली नाम इकबाल मोहम्मद मेमन था। बड़ा होने पर उसे अपने परिवार के मसाले के बिजनेस में कोई रुचि नहीं रही। पढ़ाई उसने हाईस्कूल के बाद ही छोड़ दी थी और अब मसाले का कम छोड़ कर टैक्सी चलाने लगा। कुछ महीनों बाद इकबाल को लगा कि टैक्सी चला कर वह अमीर नहीं बन सकता सो वह बंदरगाह के आसपास मंडराने लगा। वहां वो कंटेनरों से चोरी करके बाजार में माल बेचने लगा। इकबाल एक बड़े धंधेबाज आमिर से जुड़ गया लेकिन धीरे धीरे उसने आमिर को ही बाहर कर दिया। वह तेल, केमिकल, स्टील, बाल बियरिंग और ऑटो स्पेयर्स की तस्करी करने लगा। इसी दौरान वह करीम लाला और वरदराजन मुदलियार के गैंग्स से भी जुड़ गया। इकबाल ने ग्लोबल तस्करों ने तार जोड़े और ड्रग्स के धंधे में उतर गया। धीरे धीरे वह मैंड्रैक्स के धंधे को कंट्रोल करने लगा। 70 पैसे में बनी एक गोली 200 रुपए में बेची जाती थी। इसके अलावा वह गुजरात व राजस्थान से हेरोइन और हशीश की तस्करी यूरोप व अमेरिका को करता था। ड्रग्स की तस्करी के दम पर इकबाल ने मुंबई, दुबई, लंदन समेत कई शहरों में करोड़ों की संपत्ति बना ली थी। मुंबई में हाजी अली के पास उसका सी- फेसिंग आलीशान बंगला था। मुम्बई में उसने फिशरमैन व्हार्फ नामक नाइट क्लब खोला जहां पुलिस अफसरों और नेताओं की भी खूब आवाजाही होती थी। इसी क्लब में अंडरवल्र्ड और फिल्म स्टार्स का भी जमावड़ा हुआ करता था। नब्बे के दशक की शुरुआत में इकबाल मिर्ची की सालाना आय 1500 करोड़ रुपए आंकी गई थी। 1986 में मिर्ची ने अपना बेस दुबई शिफ्ट कर दिया और वहां इंपीरियल सुइट्स नाम से होटल खोल दिया।

बम धमाकों से नाम जुड़ा

1993 में मुम्बई बम धमाकों में इकबाल मिर्ची का नाम जोड़ा गया। वजह ये थी कि कई षडयंत्रकारियों ने पूछताछ में उसका भी नाम लिया था। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की जांच का दायरा बढ़ा तो पता चला कि मिर्ची का धंधा दुनिया भर में फैला हुआ था। मुंबई ब्लास्ट के बाद वह भारत से फरार हो गया था। उसने एक्ट्रेस हिना कौसर से दुबई में शादी की। हिना कौसर मुगल-ए-आजम के निर्देशक के. असिफ की बेटी थी।

चाल में हुआ था पैदा

इकबाल जब मसालों की दुकान में बैठा करता था तभी उसकी मुलाकात मुंबई के 'भाई' अनीस इब्राहीम से हुई, जो जल्द ही दोस्ती में बदल गई। कहते हैं कि यहीं से उस इकबाल ने 'इकबाल मिर्ची' बनना शुरू कर दिया। इसी सफर में वह आगे दाऊद के खास छोटा शकील के पास जा पहुंचा। इकबाल पढ़ा-लिखा भले नहीं था, लेकिन वह दिमाग का बहुत शातिर था। इसके चलते वह शकील का दिल जीतने में कामयाब रहा। रही सही कसर तब पूरी हो गई, जब 70 के दशक में उसने अनीस इब्राहीम की साली से शादी कर ली। अनीस की मदद से वह छोटा शकील के बाद दाऊद का सबसे खास आदमी बनने में कामयाब हो गया।

यह भी पढ़ें : हुड्डा की किस्मत! तय करेगा ये चुनाव, कुछ ऐसा रहा राजनीतिक सफर

पाकिस्तान भाग गया था इकबाल

1993 में मुंबई बस धमाकों से ठीक एक दिन पहले उसने भारत छोड़ दिया और पाकिस्तान चला गया। बाद में वह वहां से लंदन चला गया। वहां वो पॉश एमरसन पार्क उपनगर में रहता था। अपनी जिंदगी के आखिरी वषोरं में उसने नाम को साफ करने की कोशिशें भी कीं। उसने भारत लौटने की पेशकश की लेकिन न्यायिक अभिरक्षा की शर्त के साथ। 2012 में एक इंटरव्यू में उसने कहा था कि वह अपने देश को बहुत मिस करता है और वापस जाने के लिये कुछ भी करने को तैयार है। लंदन पुलिस ने अक्टूबर 2011 में उसे एक बिजनेसमैन को जान से मारने की धमकी के जुर्म में गिरफ्तार किया। उस वक्त भारत ने उसके प्रत्यर्पण की कोशिशें कीं, लेकिन लंदन पुलिस ने यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि इकबाल के खिलाफ सीबीआई के पास पुख्ता सबूत नहीं हैं। 2013 में हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई।

अंग्रेजन का बंगला

इकबाल मिर्ची ने दाऊद के इशारे पर ड्रग्स की तस्करी शुरू की थी। वह दाऊद के साथ साए की तरह रहता था। वह बड़ी डील करने के लिए पांच सितारा होटलों में जाया करता था। बताया जाता है कि इकबाल एक डील करने के लिए एक फाइव स्टार होटल पहुंचा हुआ था, वहां उसकी नजर 19 साल की एंग्लोइंडियन लड़की इरा पर पड़ी। इकबाल उसकी तरफ आकर्षित हो गयाऔर उसने इरा से जान पहचान बढ़ाई। इस मुलाकात के बाद दोनों में मिलना-जुलना आम बात हो गई। एक बार इरा ने इकबाल को बताया कि उसकी मां बहुत बीमार है और उसे भोपाल जाना होगा। इरा ने बताया कि भोपाल में उसकी मां ज्वॉय पेटर्सन ने नवाब हमीदुल्ला खां के बंगले को खरीदा है और वो वहीं रहती हैं। वह बंगला बहुत कीमती था। इकबाल ने उसके बारे में पहले से ही सुन रखा था। इस बंगले को हथियाने के लिये इकबाल ने चाल चलनी शुरू कर दी। भोपाल के श्यामला हिल्स में मुख्यमंत्री निवास से चंद कदमों की दूरी पर करीब 8343 वर्ग फुट में बना ये बंगला 'अंग्रेजन के बंगले' के नाम से मशहूर था। इकबाल ने इरा को आर्थिक मदद देने के बहाने से बंगले के कागजात हथिया लिये। बाद में उसने धीरे-धीरे किनारा करना शुरू। कुछ ही दिनों में इरा की मां की मौत हो गई। तब तक इकबाल बंगले को अपने नाम करवा चुका था। इरा अपने कुछ दोस्तों की मदद से भारत छोड़ कर विदेश चली गई। इकबाल ने जिस प्रॉपर्टी को हासिल करने के लिए इरा को धोखा दिया, वहां उसके जाने के बाद एक रात भी नहीं गुजार पाया। वह बंगला वीरान ही रहा। माना जाता है कि इकबाल ने बंगले को संवारने की कोशिश की थी, पर ज्वॉय पेटर्सन की 'आत्मा' ने ऐसा नहीं करने दिया। कहते हैं कि 'अंग्रेजन बंगले' में आज भी ज्वॉय पेटर्सन की आत्मा रहती है। 25 नवम्बर 1999 को संगीतकार गुलशन कुमार के हत्यारे अब्दुला उर्फ अनिल शर्मा का शव इस बंगले में मिला था। इस उजाड़ बंगले की कीमत लगभग दस करोड़ रुपए बताई जाती है। उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर फरार अपराधियों की सम्पत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया के तहत इकबाल मिर्ची की इस सम्पत्ति की नीलामी का 25 बार प्रयास किया गया लेकिन किसी ने इसे नहीं खरीदा। अंतत: इसे वित्त मंत्रालय के सुपुर्द कर दिया गया।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story