Earthquake Alert: भूकंप ने दिया तबाही का संकेत, लखनऊ-दिल्ली के बाद पंजाब में हिली धरती

Earthquake Alert: कुछ दिनों में उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 14 Nov 2022 2:26 AM GMT
Earthquake Today
X

Earthquake Today (Social Media)

Earthquake in Punjab: पंजाब के अमृतसर में सोमवार सुबह भूकंप के झटकों से लोग सहम उठे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप सुबह 3.42 बजे आया। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 4.1 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र अमृतसर से 145 किमी उत्तर – पश्चिम में था। इसकी गहराई धरती से 120 किलोमीटर नीचे थी। भूकंप के समय ज्यादातर लोग सोए हुए थे। झटके से उनकी नींद खुली और वे फौरन अपने घरों से बाहर आ गए। लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। इससे पहले पिछले शनिवार को दिल्ली – एनसीआर में 5.4 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश नेपाल में था। इसके अलावा पंजाब के भी कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 12 नवंबर की रात 8 से सवा 8 बजे के बीच 30 से लेकर 40 सेकेंड तक कंपन महसूस किया गया था। इसी दिन सुबह में उत्तराखंड के ऋषिकेश में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

दिल्ली में दो बार भूकंप के झटके

दिल्ली में पिछले हफ्ते दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 12 नवंबर से पहले 9 नवंबर को भी राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले लोगों को कंपन महसूस हुई थी। 9 नवंबर को 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था। तब भारत के साथ – साथ चीन और नेपाल में भी झटके महसूस किए गए थे। भूकंप आने के बाद दिल्ली में हड़कंप मच गया था। लोग घर और दफ्तर से बाहर आ गए थे। दरअसल, दिल्ली को भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।

इस भूकंप ने पड़ोसी देश नेपाल में खूब तबाही मचाई थी। वहां कई घरें तबाह हो गईं और कम से कम 6 लोग मारे गए थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story