×

Eid 2025: कब होगी ईद-उल-फितर? यहां जानिये भारत से लेकर सऊदी अरब में चांद निकलने की तारीख

Eid 2025 Moon Timing: भारत समेत पूरी दुनिया में ईद की तैयारियां जोरों से चल रही है। ऐसे में आइये आज आपको बताते हैं कि आखिर इस साल ईद का त्योहार कब मनाया जायेगा।

Gausiya Bano
Published on: 29 March 2025 12:23 PM IST
eid 2025 date and moon timing in india and saudi arabia
X

ईद-उल-फितर

Eid 2025 Moon Timing: रमजान का महीना खत्म होने में अब बस कुछ दिन ही बाकी है, जिसके बाद पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। यह इस्लाम धर्म का मुख्य त्योहार है, जिसे इस्लामिक कैलेंडर के नौवें महीने में रमजान पूरा होने के बाद 10वें महीने यानी शव्वाल की पहली तारीख को मनाया जाता है। लेकिन यह तारीख भी चांद पर निर्भर करती है। चांद निकलने के बाद ही अगले दिन ईद मनाई जाती है।

अब हर किसी को यह जानना है कि आखिर इस साल ईद की तारीख क्या है, तो आइये जानते हैं।

भारत में कब मनाई जायेगी ईद?

ईद का त्योहार रमजान का महीना खत्म होने के बाद आता है। भारत में नवें इस्लामिक महीने का चांद 1 मार्च को नजर आया था, इसलिए यहां रमजान की शुरुआत चांद निकलने के अगले दिन यानी 2 मार्च को हुई। ऐसे में अब अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत में ईद 31 मार्च या फिर 1 अप्रैल को हो सकती है। क्योंकि कुछ महीने 29 दिन के होते हैं तो कुछ 30 दिन के, इसलिए ईद की तारीख भी बदलती रहती है। इसकी पुष्टि चांद देखने के बाद ही हो सकती है।

अगर 30 मार्च की शाम को चांद नजर आयेगा तो ईद 31 मार्च को होगी। लेकिन अगर चांद 30 मार्च को नहीं नजर आयेगा तो ईद 1 अप्रैल को मनाई जायेगी।

सऊदी अरब में आज दिख सकता है चांद

सऊदी अरब में भी ईद की तारीख तय करने का यही एक नियम है। वहां नवें इस्लामिक महीने का चांद 28 फरवरी को नजर आया था, इसलिए वहां रमजान की शुरुआत 1 मार्च से हुई थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि बाहरी देशों में ईद का चांद आज यानी 29 मार्च को देखा जा सकता है। अगर सऊदी में आज चांद निकलता है तो वहां 30 मार्च को ईद मनाई जायेगी। अगर वहां आज चांद नहीं निकलेगा तो ईद का त्योहार 31 मार्च को होगा और भारत में 1 अप्रैल को मनाया जायेगा।

इस बात की पुष्टि आज यानी 29 मार्च को इस्लाम धर्म के जानकार रोजा खोलने के बाद चांद देखकर कर देंगे।

खुशियां और भाईचारे का मौका

ईद का त्योहार सिर्फ नये कपड़े पहनने और मीठी सेवाइयां खाने का नहीं है। यह त्योहार भाईचारे, मोहब्बत और खुशियां बांटने का मौका भी है। मस्जिदों में नमाज के बाद लोग अपनी नफरतें मिटाकर एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते हैं। इस मौके पर घरों और बाजारों में चहल-पहल रहती है। लोग एक-दूसरे के घर जाकर मुंह मीठा करते हैं और खूब दुआएं देते हैं। हर तरफ खुशनुमा सा माहौल रहता है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story