TRENDING TAGS :
Delhi Election 2025: दिल्ली और मिल्कीपुर में चुनावी शोर थमा, आखिरी दिन सभी दलों ने झोंकी प्रचार में ताकत
Delhi Election 2025: दिल्ली और मिल्कीपुर में आज शाम चुनावी शोर थम गया, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिल्ली में भाजपा की ओर से गृह मंत्री अमित शाह तो आप की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मोर्चा संभाला।
Delhi Election 2025: दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों और मिल्कीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए आज शाम चुनावी शोर थम गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आज दिल्ली और मिल्कीपुर में सभी दलों और प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिल्ली में भाजपा की ओर से गृह मंत्री अमित शाह तो आप की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मोर्चा संभाला।
मिल्कीपुर में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ी चुनावी रैली करते हुए भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कई प्रत्याशियों ने रोड शो और सभाओं के जरिए अपनी चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश की। अब सबकी निगाहें बुधवार को होने वाली वोटिंग पर टिकी हुई हैं।
दिल्ली में आखिरी दिन तीनों दलों ने झोंकी ताकत
दिल्ली के विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में वोटिंग होगी जबकि मतगणना के बाद 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जबर्दस्त सरगर्मी दिखी। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस तीनों दलों ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पूरी ताकत झोंकते हुए चुनावी बाजी जीतने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी।
दिल्ली के चुनाव में भाजपा आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हो रहा है। कुछ सीटों पर एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने अपने प्रत्याशी लड़ाकर कांग्रेस और आप की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। वैसे जानकारों के मुताबिक दिल्ली चुनाव में मुख्य रूप से आप और भाजपा के बीच भिड़ंत हो रही है। भाजपा दिल्ली में पिछले 27 साल का सूखा खत्म करने की कोशिश में जुटी हुई है जबकि आम आदमी पार्टी एक बार फिर चुनावी बाजी जीत कर दिल्ली में अपनी ताकत दिखाना चाहती है।
अमित शाह और राजनाथ समेत कई नेता प्रचार में उतरे
दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने पार्टी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार किया। अपनी चुनावी रैली में गृह मंत्री अमित शाह ने आप नेता अरविंद केजरीवाल को झूठों का सरदार बताया। उन्होंने कहा कि मैं वादा करता हूं कि यदि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी तो शीशमहल को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने यमुना की सफाई न होने पर भी केजरीवाल को जमकर घेरा। उन्होंने केजरीवाल को आपदा बताते हुए कहा कि एक ओर अरविंद केजरीवाल हैं तो दूसरी ओर देश को विकास के रास्ते पर ले जाने वाले प्रधानमंत्री मोदी हैं और ऐसे में दिल्ली की जनता को बड़ा फैसला करना है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जनता ने इस बार भाजपा के पक्ष में फैसला कर लिया है।
गृह मंत्री अमित शाह के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पार्टी सांसद रविकिशन और पार्टी सांसद मनोज तिवारी समेत कई प्रमुख नेताओं ने पार्टी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार किया।
आप की ओर से केजरीवाल और मान ने संभाला मोर्चा
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने भी आखिरी दिन चुनाव प्रचार में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दिल्ली में आप प्रत्याशियों की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया। केजरीवाल ने कालकाजी और छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार किया। केजरीवाल ने रोड शो के साथ ही पदयात्रा भी निकाली। कालकाजी में इस बार दिल्ली के मुख्यमंत्री आतिशी को भाजपा और कांग्रेस की ओर से कड़ी चुनौती मिल रही है।
केजरीवाल ने दिल्ली में लगातार चौथी बार सत्ता में आने की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि भाजपा की ओर से पूरी ताकत लगाए जाने के बावजूद मतदाताओं का रुझान आप के पक्ष में दिख रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवान सिंह मान ने आज दिल्ली में रोड शो के जरिए पार्टी प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। मान ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान हम घर-घर तक पहुंचे हैं। दिल्ली के लोग काफी समझदार हैं और उन्होंने एक बार फिर आप के पक्ष में वोट देने का मन बनाया है।
मिल्कीपुर में भी चुनावी शोर थमा
दिल्ली के साथ ही उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी आज चुनावी शोर थम गया। मिल्कीपुर में आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनावी सभा में भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के पक्ष में चुनावी सभा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद की जीत का दावा करते हुए अयोध्या में दलित युवती की हत्या का भी जीत जिक्र किया। चुनावी सभा के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद एक बार फिर मंच पर रोने लगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि योगी ने दलित युवती के लिए आवाज उठाने पर मुझे कुत्ता तक कह डाला।
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर इस बार सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद और भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान अयोध्या में मिली हार के बाद इस बार भाजपा ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा की जंग बना लिया है। भाजपा की ओर से कई मंत्री पिछले कई दिनों से मिल्कीपुर में डेरा डाले रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कई बार मिल्कीपुर के दौरे पर पहुंचे।