×

Election Results 2023: त्रिपुरा,मेघालय और नगालैंड के चुनाव नतीजे आज, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 811 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

Election Results 2023: तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे एक साथ आज घोषित किए जाएंगे। तीनों राज्यों को मिलाकर कुल 178 सीटों पर 811 उम्मीदवारों की किस्मत का आज फैसला होगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 March 2023 1:57 AM GMT (Updated on: 2 March 2023 2:01 AM GMT)
Election Results 2023
X

Election Results 2023  (photo: social media)

Election Results 2023: पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के चुनाव नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को मतदान हुआ था जबकि मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को वोट डाले गए थे। नागालैंड के चार मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की शिकायत के बाद बुधवार को फिर से मतदान कराया गया।

तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे एक साथ आज घोषित किए जाएंगे। तीनों राज्यों को मिलाकर कुल 178 सीटों पर 811 उम्मीदवारों की किस्मत का आज फैसला होगा। तीनों राज्यों में मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। माना जा रहा है कि दोपहर तक तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे मिल जाएंगे। भाजपा ने इस बार तीनों राज्यों में पूरी ताकत लगाई है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक भाजपा एक बार फिर पूर्वोत्तर में बड़ी ताकत बनकर उभरती दिख रही है।

त्रिपुरा में हुआ था सबसे ज्यादा मतदान

त्रिपुरा की 60 तो मेघालय और नगालैंड की 59-59 सीटों के लिए आज मतगणना की जाएगी। दरअसल, मेघालय के पूर्व मंत्री और यूडीपी उम्मीदवार एचडीआर लिंगदोह के निधन के कारण सोहिओंग सीट पर मतदान स्थगित कर दिया गया था। इसलिए राज्य में 59 सीटों पर मतदान कराया गया है। दूसरी ओर नगालैंड में भाजपा के एक उम्मीदवार ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। नागालैंड की अकुलुतो सीट से भाजपा उम्मीदवार काजेतो किनिमी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। इसी कारण नामगालैंड में भी 59 सीटों पर ही मतदान कराया गया था।

यदि तीनों राज्यों के मतदान प्रतिशत को देखा जाए तो सबसे ज्यादा मतदान त्रिपुरा में हुआ था। त्रिपुरा में 16 फरवरी को हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया था। त्रिपुरा में कुल 89.95 फीसदी मतदान हुआ था। नगालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को वोट डाले गए थे। नगालैंड में 84 फीसदी और मेघालय में 76.27 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।

मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

तीनों राज्यों में मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा तीन स्तर पर की जा रही है। त्रिपुरा में मतगणना के लिए 21 केंद्र बनाए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। इसके अलावा राज्य की पुलिस को भी राज्य के पुलिस कर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

मेघालय में तेरह केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी। वोटों की गिनती के लिए 27 मतगणना ऑब्जर्वर और 500 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। नागालैंड में भी मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा मजबूत

तीनों राज्यों में चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक भाजपा मजबूत स्थिति में दिख रही है। अधिकांश एग्जिट पोल में त्रिपुरा और नगालैंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने की संभावना जताई गई है जबकि मेघालय में पिछली बार की तरह इस बार फिर किसी दल को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। तीनों राज्यों में 2018 से भाजपा अपने दम पर या फिर गठबंधन के साथ सरकार चला रही है। त्रिपुरा में भाजपा अपने दम पर सत्ता में थी और इस बार भी अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरी है।

मेघालय में भाजपा ने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के साथ मिलकर सरकार बनाई थी मगर इस बार दोनों दल अलग-अलग चुनावी अखाड़े में कूदे हैं। नागालैंड में नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी और इस बार फिर दोनों दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। अगर एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविकता में बदले तो पूर्वोत्तर में भाजपा एक बार फिर अपनी ताकत दिखाने में कामयाब होती दिख रही है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का कहना है कि पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों में एनडीए की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story