×

Farmani Naaz: Youtube सिंगर फरमानी नाज के शिव भक्ति गीत से नाराज हुए कट्टरपंथी, देवबंद के मौलाना ने बताया इसे गुनाह

Farmani Naaz Singer: मुजफ्फरनगर जिले की रहने वाली यू ट्यूब सिंगर फरमानी नाज ने सावन के पवित्र महीने में शिव भक्ति गीत 'हर-हर शंभू' गाया। इस गीत से उनके धर्म के कट्टरपंथी नाराज हो गए हैं

Krishna Chaudhary
Published on: 1 Aug 2022 10:56 AM GMT
youtube singer Farmani Naaz
X

Youtube सिंगर फरमानी नाज। (Social Media) 

Click the Play button to listen to article

Farmani Naaz: कहते हैं कलाकार का कोई धर्म और जाति नहीं होती है। उसके कला से मिलने वाला मनोरजंन इन सब चीजों से परे होता है। लेकिन फिर भी ऐसे लोगों की कमी नहीं जो कलाकारों में मजहब खोजते हैं। मुजफ्फरनगर जिले की रहने वाली यू ट्यूब सिंगर फरमानी नाज (youtube singer farmani naaz) इन दिनों एक शिव भजन को लेकर चर्चा में हैं। सावन के पवित्र महीने में उनका गाया शिव भक्ति गीत 'हर-हर शंभू' को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। लेकिन इस गीत से उनके धर्म के कट्टरपंथी नाराज हो गए हैं।

देवबंद के मौलाना ने फरमानी नाज की भक्ति गीत को बताया गलत

देवबंद के मौलाना मुफ्ती असद कासमी (Maulana Mufti Asad Qasmi of Deoband) ने फरमानी नाज की भक्ति गीत को गलत बताया है। कासमी ने कहा कि ये शरीयत के खिलाफ है। मुसलमान होकर ऐसा गाना गुनाह है। नाज को इससे तौबा करना चाहिए। वहीं नाज का कहना है कि वह एक कलाकार हैं, इसलिए उन्हें हर तरह के गीत गाने पड़ते हैं। यू ट्यूब पर अब तक इस गाने को लाखों व्यूज मिल चुके हैं।

नाज का मौलाना पर पलटवार

फरमानी नाज (youtube singer farmani naaz) ने उनके गाने पर सवाल उठाने पर कट्टरपंथी मौलानाओं को जवाब देते हुए कहा कि कलाकार का कोई धर्म नहीं होता है, वह सबके लिए गाता है। कलाकार हिंदू मुस्लिम देखकर अपनी कला का प्रदर्शन नहीं करता। जो ऐसा करता है, वह कलाकार नहीं बन सकता। नाज ने कहा कि उन्हें उनके भक्तिगीत पर आपत्ति उठाने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता है।

पति से लड़ाई के बाद से मायके में रहती हैं नाज

फरमानी नाज (youtube singer farmani naaz) मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर माफी गांव की निवासी हैं। उनका निकाह 25 मार्च 2017 को मेरठ के छोटा हसनपुर गांव निवासी इमरान से हुई थी। शादी एक साल बाद उन्हें बेटा हुआ। बेटे के गले में बीमारी का पता लगने के बाद ससुरालवालों का बर्ताव बदल गया। वे लगातार नाज पर अपने मायके से इलाज के लिए पैसे लगाने का दवाब बनाने लगे। विवाद अधिक होने के बाद वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई और वहीं रहनी लगी। फिर कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि उनके पति ने दूसरी शादी कर रचा ली है।

इंडियन आयडल में भी गई थीं नाज

नाज को शुरू से ही गाने का शौक था। उनकी मां फातिमा बताती हैं कि एकबार उन्हीं के गांव में राहुल ने उनकी बेटी को गाते हुए सुना और मंत्रमुग्ध हो गया। उसने फरमानी का गाना रिकॉर्ड किया और यूट्यूब पर डाल दिया। यह गाना खूब वायरल हुआ था। इस दौरान फरमानी इंडियन आयडल भी गई थीं और उसे अगले राउंड के लिए गोल्डन टिकट भी मिल गया था। मगर बेटे की तबियत अचानक बिगड़ जाने के कारण उसे वापस आना पड़ा। फरमानी अब यूट्यूब सिंगर बन चुकी हैं। अपने भाई फरमान और राहुल बच्चन के साथ मिलकर यूट्यूब पर गीत बनाती हैं। उनकी आर्थिक स्थिति भी अब बेहतर हो गई है, जिससे वह अपने बेटे का पालन – पोषण अच्छे से कर पा रही है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story