×

Bharat Bandh: किसानों का ‘भारत बंद’ आज, पंजाब में सबसे ज्यादा असर, एक किसान की हार्ट अटैक से मौत

Bharat Bandh: किसानों ने शुक्रवार 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इस बंद का अन्य ट्रक एंव ट्रेड यूनियनों ने भी समर्थन किया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 16 Feb 2024 3:14 AM GMT (Updated on: 16 Feb 2024 6:14 AM GMT)
Bharat Bandh
X

Bharat Bandh  (photo: social media)

Bharat Bandh: देश में किसान आंदोलन एकबार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। केंद्र सरकार और किसानों के बीच बना गतिरोध तीसरे दौर की वार्ता के बाद भी नहीं टूटा। संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक समेत कई अन्य किसान संगठनों ने आज यानी शुक्रवार 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इस बंद का अन्य ट्रक एंव ट्रेड यूनियनों ने भी समर्थन किया है। विपक्षी राजनीतिक पार्टियों का भी इन्हें समर्थन हासिल है। भारत बंद को लेकर पंजाब से लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक पुलिस हाईअलर्ट पर है है।

भारत बंद का सबसे अधिक असर पंजाब में देखा जा रहा है। सुबह से सड़कों पर निजी और सरकारी बसें नदारद दिखीं। बस अड्डों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ठप होने के कारण कई जगहों पर यात्रियों को फंसा हुआ देखा गया। दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे पर पुलिस ने बैरिगेटिंग कर हाईवे को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

दरअसल, मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर पंजाब से आए किसानों को हरियाणा पुलिस ने एक इंच आगे नहीं बढ़ने दिया और इस दौरान दोनों पक्षों के बीच भीषण झड़प हुई। जिसमें प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए। इसी कार्रवाई के विरोध में 16 फरवरी को भारत बंद का ऐलान किया गया, जिसका उन किसान संगठनों ने भी समर्थन किया जिन्होंने अभी तक इस आंदोलन से दूरी बना रखी है।

कांग्रेस ने किया बंद का समर्थन

कांग्रेस ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हमने इसका समर्थन किया है। हम न केवल किसानों बल्कि श्रमिकों की मांगों का भी समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों के साथ जिस तरह का बर्ताव कर रही वह अफसोसजनक है। मोदी सरकारी की ये विशेषता रही है कि चंदादाताओं का सम्मान और अन्नदाताओं का अपमान करती है।

एक किसान की हार्ट अटैक से मौत

शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे एक किसान की हार्ट अटैक से मौत होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, 65 वर्षीय ज्ञान सिंह मंगलवार को पंजाब से आए किसानों के उस जत्थे में शामिल थे, जो अंबाला में शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरूवार शाम को अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात में उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक ज्ञान सिंह को शंभू बॉर्डर पर लाने की तैयारी है, जहां प्रदर्शन कर रहे किसान उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

आज क्या-क्या रहेगा बंद ?

पंजाब के निजी बस उद्योग ने बंद का समर्थन करते हुए 16 फरवरी को सड़कों पर बस न उतारने का निर्णय लिया है। आज सब्जियों और अन्य फसलों की खरीद, आपूर्ति और बिक्री निलंबित रहेगी। गैर सरकारी दफ्तरों और निजी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। प्राइवेट और सरकारी वाहन भी सड़कों पर नहीं दिखेंगे। केवल एंबुलेंस, शव वाहन, अखबार के वाहन, परीक्षा देने जाने वाले स्टूडेंट्स की गाड़ियों और अन्य इमरजेंसी सेवाओं के लिए ही रास्ता खोला जाएगा। भारत बंद के दौरान सरकारी दफ्तर और बैंक खुले रहेंगे। स्कूल-कॉलेजों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

हरियाणा के सभी टोल प्लाजा फ्री रखे जाएंगे

हरियाणा के सबसे बड़े किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने आंदोलन का समर्थन किया है। हालांकि, संगठन की ओर से साफ कर दिया गया है कि वे शंभू बॉर्डर पर नहीं जाएंगे। बीकेयू (चढूनी) की ओर से ऐलान किया गया है कि आज हरियाणा में 12 से 3 बजे के बीच सभी टोल प्लाजा फ्री रखे जाएंगे। कल भी चार घंटे के लिए चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर मौजूद टोल प्लाजा पर टोल लेने नहीं दिया गया था।

बता दें कि किसानों के भारत बंद को देखते हुए आज हरियाणा और दिल्ली में पुलिस ने आज सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए हैं। आंदोलन की आर में हुड़दंग करने वाले लोगों से निपटने के लिए खास योजना तैयार की गई है। दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री के जवानों ने इसको लेकर रिहर्सल भी किया। दिल्ली से लगने वाली हरियाणा और यूपी की सीमा पूरी तरह से किले में तब्दील है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story