×

LIVE: किसान नेता राकेश टिकैत बोले- आज का आंदोलन सफल रहा, वापस नहीं जाएंगे

किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने आज कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर से मुलाकात कर उन्हें भारत सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों को कुछ संशोधन के साथ लागू रखने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया है।

Shivani
Published on: 14 Dec 2020 4:55 AM GMT
LIVE: किसान नेता राकेश टिकैत बोले- आज का आंदोलन सफल रहा, वापस नहीं जाएंगे
X

नई दिल्ली:कृषि कानूनों के खिलाफ आज देशभर के किसान भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच बैठकों का दौर भी जारी है, सोमवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ मुलाकात की।

दूसरी ओर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने पहुंचे है। किसानों की भूख हड़ताल के समर्थन में आप भी धरना कर रही है। दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल समेत कई नेता धरने पर हैं।

बीजेपी देश भर में कृषि कानूनों पर जनसमर्थन जुटाने के लिए किसान सम्मेलन और चौपाल शुरू कर रही है। वहीं, विपक्ष ने किसानों के समर्थन में गांव-गांव पंचायत और जिला मुख्यालय पर धरना देने की कवायद शुरू की है।

इस तरह विपक्ष कानून की खामियों को किसानों के बीच पहुंचाने की तैयारी में है। कुल मिलाकर किसानों के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष की सियासत तेज होती नजर आ रही है।

किसान आंदोलन LIVE

राकेश टिकैत की किसानों को सलाह- शरारती तत्वों से बचके रहना है

आज अनशन पर बैठे राकेश टिकैत और बाकी किसान नेताओं ने बच्चो के जरिए अपना अनशन खोला है। राकेश टिकैत ने इसके साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर हमारे ट्रैक्टर/गाड़ियों को रोका गया तो हम फिर हाईवे को रोकेंगे।

अपने साथियों को आगाह करते हुए राकेश टिकैत ने कहा, "शरारती तत्वों से बचके रहना है, हमारे बीच कोई गलत तत्व ना आने पाए।जिससे हमारा आंदोलन प्रभावित हो।सरकार कानून को वापस ले, रास्ते खुल जाएंगे।"

राकेश टिकैत बोले- आज का आंदोलन सफल रहा

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि आज का आंदोलन सफल रहा, किसान वापस नहीं जाएगा। कल के बाद रणनीति तैयार की जाएगी।

जिन थानों से हमें परेशान किया जाएगा, हम वहां पर पशु बांधना शुरू करेंगे।हम प्रदर्शन शांति पूर्ण तरीके से ही रखना चाहते हैं।सरकार चाहती है कि हंगामा हो।

शाम पांच समाप्त हुआ किसानों का उपवास

किसान आंदोलन में भूख हड़ताल पर बैठे किसानों ने अपना उपवास शाम 5 बजे तोड़ दिया। बता दें कि आंदोलन के तमाम किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ आज सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक भूख हड़ताल पर थे।

केजरीवाल ने समाप्त किया अपना अनशन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। बता दें कि किसान आंदोलन के समर्थन में उन्होंने एक दिवसीय अनशन किया था।

किसानों को मिला स्कूली छात्राओं का समर्थन

भूख हड़ताल पर बैठे किसानों कि चिंता में सातवीं कक्षा छात्राएं आज दोबारा सिंघु बॉर्डर चली आई हैं। कल भी वह यहां पर आई थीं और उनसे किसानों का कष्ट देखा नहीं गया।

दरअसल एक दिन पहले यह सिंघु बॉर्डर पर जमा किसानों को देखने आई थीं पर यहां पर किसानों का हाल देख कर इनको लगा कि इन्हें भी उनकी मुहिम में अपना योगदान देना चाहिए। सिंघु बॉर्डर पर अब यह किसानों के समर्थन में पोस्टर लिए हुए नारे लगा रही हैं।

कृषि मंत्री बोले- किसानों के साथ खंडवार चर्चा को तैयार

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हम किसानों के साथ खंडवार चर्चा करने को तैयार हैं। हमने किसानों को अपना लिखित प्रस्ताव भेजा है और हम अगले दौर की बात के लिए उनकी प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहे हैं।ये तीनों विधेयक किसानों के कल्याण के लिए हैं।

AAP ने की कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग करती है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों की हरसंभव मदद और एमसीपी की गारंटी की भी बात कही है।

केजरीवाल बोले- 'आप' किसानों के साथ है

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी किसानों के साथ है। उन्होंने कहा, "अगर किसान या जवान मुसीबत में है तो देश खुश कैसे रह सकता है। लेकिन किसान आज खेतों के बजाय विरोध कर रहे हैं।आज भारत उनके साथ है।"

कुछ किसान संगठनों ने की कृषि कानूनों को लागू रखने की मांग

हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और अन्य राज्यों के किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने आज कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर उन्हें भारत सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों को कुछ संशोधन के साथ लागू रखने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया और इस संबंध में कृषि भवन में बैठक में विस्तृत चर्चा की।

एमपी के कृषि मंत्री ने किसान संगठनों को कहा- 'कुकुरमुत्ता'

मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने किसान आंदोलन का विरोध करते हुए किसान संगठनों को 'कुकुरमुत्ता' कह दिया। पटेल नए कृषि कानूनों की उपयोगिता पर किसान को जागरूक करने के लिए बीजेपी के एक कार्यक्रम के तहत उज्जैन में एक पीसी को संबोधित कर रहे थे।

इसी दौरान उन्होंने कहा, "ये किसान संगठन 'कुकुरमुत्ता' की तरह उग आए हैं, वे किसान नहीं बल्कि व्हील डीलर्स और एंटी नेशनल हैं।"

कानपुर देहात में सपाइयों की पुलिस से हुई धक्का मुक्की

यूपी के कानपुर देहात में समाजवादी पार्टी(सपा) किसानों के समर्थन में उतर आई है। जिला मुख्यालय पर सपा नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया है।

जिसके बाद पुलिस ने सपा के जिला कार्यालय की घेराबंदी की है। यहां पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। पार्टी कार्यालय के अंदर सपा जिला पंचायत अध्यक्ष,जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद हैं।

सदर एसडीएम व सीओ ने भारी पुलिस बल के साथ कार्यालय को घेर रखा है। पुलिस ने कई सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल में भेज दिया है।

कार्यालय से बाहर निकल कर धरना स्थल पर जाते समय सदर एसडीएम व सीओ से सपा नेताओं ने की धक्कामुक्की की भी खबर है।

वहीं अब खबर ये आ रही है कि कलेक्ट्रेट परिसर में सपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ किसान यूनियन के नेताओं ने साथ मे धरना देने से मना कर दिया है।

केजरीवाल पहुंचे पार्टी कार्यालय

अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं।

4 बजे पार्टी दफ्तर पहुंचेंगे केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शाम चार बजे पार्टी दफ्तर पहुंचेंगे, जहां वो अपना एक दिवसीय अनशन तोड़ेंगे।

कानपुर देहात में कई सपा नेता गिरफ्तार

कानपुर देहात में किसानों के समर्थन में जिला मुख्यालय पर शामिल होने जा रहे सपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रसूलाबाद कस्बा से दो दर्जन से अधिक किसानों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तारी से नाराज समाजवादी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है।

बलरामपुर में कई सपा नेता किये गये नजरबंद

यूपी के बलरामपुर जिले में पूर्व मंत्री एसपी यादव समेत दर्जनों सपा नेता नजरबन्द किये गये हैं। पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष को घर पर ही किया गया नजरबंद करके रखा गया है।

सुबह से ही सभी नेताओं के घर पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा हुआ है। सपा के कार्यकर्ता डीएम को ज्ञापन देने व गिरफ्तारी की मांग पर अड़े है। सपाईयों की सीओ और एसडीएम से हुई दो दौर की वार्ता असफल रही है।

फ़िरोज़ाबाद में भाजपा नेता के घर की बढ़ाई गई सुरक्षा के घर पुलिस का कड़ा पहरा

किसान और विपक्ष के प्रदर्शन को देखते यूपी के फ़िरोज़ाबाद में भाजपा नेता के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शिकोहाबाद कोतवाली अंतर्गत शम्भू नगर मोहल्ले में भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह के घर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

शाहजहांपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन

यूपी के शाहजहांपुर के सदर बाजार इलाके में कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन किया है। जिसके बाद धरना प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस पकड़कर अपने साथ ले गई है। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यूपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है।

नोएडा में भानु गुट के कई किसान कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा

यूपी के नोएडा में भानु गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मनमानी के चलते सैकड़ों किसानों ने संगठन से इस्तीफा दे दिया है। किसान भानु गुट राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भानुप्रताप सिंह व प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप के रवैये से नाराज हैं।

फिरोजाबाद में पीएम मोदी और सीएम योगी का किया पुतला दहन

यूपी के फिरोजाबाद शहर में सपाइयों ने पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया है। जिला प्रशासन ने 60 से अधिक समाजवादी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है और उनके विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।

वाराणसी में भी किसानों के समर्थन में प्रदर्शन

यूपी के वाराणसी में भी नए किसान कानून को लेकर सपा के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया है।

वे किसान बिल वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। कार्यकर्ताओं ने कानून वापस लेने की मांग सम्बन्धी ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा है।

बीएचयू के सिंह द्वार पर छात्रों ने भी प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया है।

वाराणसी में सपाइयों ने सौंपा ज्ञापन

किसान बिल के विरोध में और किसानों के समर्थन में समाजवादी कार्यकर्ता अखिलेश यादव के आवाहन पर पूरे उत्तर प्रदेश में सभी जिलों पर एकत्रित होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

जिसके तहत वाराणसी में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर का घेराव के लिए निकले थे लेकिन प्रशासन ने उन्हें शास्त्री घाट पर रोकने का काम किया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग पत्र को एसीएम चतुर्थ को सौंप कर अपनी बात प्रशासन के सामने रखी।

अखिलेश का बीजेपी पर हमला



सपा का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

बीजेपी सूबे के कृषि कानून पर जनसमर्थन जुटाने के लिए सम्मलेन कर रही है तो समाजवादी पार्टी किसानों के पक्ष में खड़ी नजर आ रही है। सपा के कार्यकर्ताओं ने कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन शुरू किए हैं। सपाइयों के विरोध प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों में बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स लगा रखी है।

राजनाथ बोले- किसानों की बात सुनने के लिए हम तैयार, सभी गलतफहमियां दूर करेंगे

कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को मनाने में सरकार जुटी हुई है। फिक्की की 93वीं सालाना मीटिंग को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कृषि एक ऐसा सेक्टर रहा है, जो महामारी के दुष्परिणामों से बचने में सक्षम रहा है और वास्तव में यह सबसे अच्छा है। हमारी उपज और खरीद भरपूर है और हमारे गोदाम भरे हुए हैं।

किसान आंदोलन के बीच बैठकों का दौर

किसानों के आंदोलन के बीच बैठकों का दौर जारी है, अमित शाह के घर जारी कृषि मंत्री के साथ बैठक खत्म हो गई है। दूसरी ओर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला दिल्ली में नितिन गडकरी के घर बैठक करने पहुंचे हैं।

दुष्यंत चौटाला लगातार किसान आंदोलन को लेकर बैकफुट पर हैं और उनकी पार्टी पर दबाव है। बीते दिनों में वो दिल्ली में कई बड़े बीजेपी नेता और मंत्रियों से मिल चुके हैं।

लखविंदर सिंह झाखड़ का किसानों को समर्थन

किसान आंदोलन के समर्थन में पंजाब डीआईजी पद से इस्तीफा देने वाले लखविंदर सिंह झाखड़ आज उपवास रख रहे हैं. अभी लखविंदर का इस्तीफा स्वीकार किया जाना बाकी है।

आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन जारी...



किसान आन्दोलन में टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग घुस गये हैं: बीजेपी महासचिव अरुण सिंह

भारतीय जनता पार्टी के नेता अरुण सिंह का कहना है कि पूरे आंदोलन में एक फीसदी किसान भी शामिल नहीं हैं।बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि किसान भोले-भाले हैं, लेकिन इनमें टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग घुस गए हैं जिनके बारे में बात करना जरूरी है।

बीजेपी नेता अरुण सिंह ने राजस्थान के जयपुर में ये बात कही। अरुण सिंह जयपुर में हुई पार्टी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं।

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शाह से मिले

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके घर पहुंचे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी किसानों को समझाने की जिम्मेदारी दी गई है। तोमर और राजनाथ सिंह दोनों सभी से अलग-अलग बात करेंगे, लेकिन, पंजाब के किसान नेताओं की जिम्मेदारी अमित शाह ने अपने पास रखी है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट: बंद हुए ये सब रास्ते, किसान आंदोलन का बड़ा असर

सीएम केजरीवाल 4 बजे तोड़ेंगे उपवास

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शाम 4:00 बजे आईटीओ स्थित आप कार्यालय पहुंचेंगे और फिर कार्यकर्ताओं के साथ उपवास खोलेंगे। उसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

kejriwal

डिप्टी सीएम सिसोदिया समेत दिल्ली सरकार के मंत्री उपवास पर

किसान आंदोलन के समर्थन में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन, गोपाल राय और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता भूख हड़ताल पर बैठ हुए हैं।

किसान 8 बजे से 5 बजे तक भूख हड़ताल पर

पंजाब- हरियाणा, यूपी और राजस्थान समेत कई राज्यों के किसानों हजारों की संख्या में कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन रत हैं।

कई बार सरकार के साथ बैठक होने के बाद भी मांग पूरी न होने पर किसानों का गुस्सा अब चरम पर हैं। किसानों ने इसी कड़ी में पहले हाईवे जाम किये। दिल्ली की सीमाएं घेरी, भारत बंद बुलाया तो अब अन्न देने वाले किसान ही भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

ये भी पढ़ेंः आज भूख हड़ताल पर बैठेंगे प्रदर्शनकारी किसान, दिल्‍ली के सभी नाकों पर करेंगे अनशन

आज दिल्ली की सिंघु, टिकरी, पलवल, गाजीपुर सीमाओं पर किसान सुबह आठ से शाम 5 बजे तक भूख हड़ताल पर रहेंगे। इसी के साथ देशभर में टोल नाकों को मुफ्त किया जाएगा। किसानों की मांग है कि कृषि कानून रद्द किए जाएं।

भाजपा का किसान सम्मेलन

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में जगह जगह पर आज से किसान सम्‍मेलन आयोजित किया है। दरअसल, मोड़ सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के रुख को देखते हुए पार्टी ने यह फैसला लिया। इस दौरान भाजपा कृषि कानूनों को लेकर किसानों के भ्रम को दूर करेगी।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shivani

Shivani

Next Story