×

Maharashtra: महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल, अब राज्यसभा भेजेगी BJP, कांग्रेस के पूर्व एमएलसी ने भी दिया पार्टी को झटका

Maharashtra: अशोक चव्हाण के साथ कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 13 Feb 2024 8:25 AM GMT (Updated on: 13 Feb 2024 9:02 AM GMT)
Ashok Chavan joins BJP
X

Ashok Chavan joins BJP  (photo: social media )

Maharashtra: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण आज भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफे का ऐलान करते हुए पार्टी को बड़ा झटका दिया था। अशोक चव्हाण के साथ कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने इन दोनों नेताओं को भाजपा की ई सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर फडणवीस ने कांग्रेस के कद्दावर नेता के भाजपा में शामिल होने पर खुशी जताई। अब चव्हाण को भाजपा की ओर से राज्यसभा भेजने की तैयारी है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी की ओर से जल्द ही उनकी उम्मीदवारी का ऐलान किया जा सकता है। अशोक चव्हाण के बाद कांग्रेस के कुछ और विधायकों के भी पार्टी से इस्तीफा देने की संभावना है। मिलिंद देवड़ा और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बाद अशोक चव्हाण कांग्रेस के ऐसे तीसरे दिग्गज नेता हैं जिन्होंने हाल में पार्टी से इस्तीफा दिया है।

फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता

सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अशोक चव्हाण ने आज सुबह कहा था कि आज मेरे जीवन में एक नई राजनीतिक करियर की शुरुआत है। कांग्रेस से इस्तीफा देने के साथ ही चव्हाण ने विधानसभा की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया था। हालांकि अब उन्होंने अपने इस्तीफा का कोई विशेष कारण नहीं बताया। उनका कहना था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है और वे जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर फैसला लेंगे।

मंगलवार की सुबह उन्होंने नया राजनीतिक करियर शुरू करने के साथ भाजपा में शामिल होने की बात कही थी। उनका कहना था कि मैं भाजपा कार्यालय में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता लूंगा। अपने ऐलान पर अमल करते हुए उन्होंने आज दोपहर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

अब भाजपा की ओर से राज्यसभा भेजने की तैयारी

सूत्रों का कहना है कि अब भाजपा की ओर से उन्हें राज्यसभा भेजने की तैयारी है। वे कल भाजपा उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा सदस्य के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने भाजपा के इस कदम का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की ओर से अशोक चव्हाण को राज्यसभा भेजा जाता है तो यह कारगिल के शहीदों का अपमान होगा।

दरअसल 2010 में कारगिल शहीदों के परिजनों के लिए मुंबई में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी बनाई गई थी। उस समय चव्हाण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। तब भाजपा समेत कई राजनीतिक दलों की ओर से चव्हाण पर अपने रिश्तेदारों और करीबियों को आदर्श हाउसिंग सोसाइटी में घर बांटने का आरोप लगाया गया था। इस विवाद में फंसने के बाद ही चव्हाण को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा भी देना पड़ा था। उद्धव ठाकरे ने इसी विवाद का जिक्र करते हुए चव्हाण को राज्यसभा भेजने का विरोध किया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता

अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें राज्य में कांग्रेस का दिग्गज नेता माना जाता रहा है। वे 2008 से 2010 तक का महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके पिता शंकरराव चव्हाण भी महाराष्ट्र के सीएम रहे हैं। अशोक चव्हाण 2015 से 2019 तक महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। वे 1987 में पहली बार लोकसभा के सांसद चुने गए।

इसके बाद वे 1999 से 2014 तक तीन बार विधायक रहे। 2014 में वे दूसरी बार सांसद बनने में कामयाब हुए थे।अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफे की जानकारी देते हुए बयान जारी कर कहा था कि मैं 12/02/2024 की दोपहर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।

भाजपा की जगह लिया कांग्रेस का नाम

आज भाजपा में शामिल होने के वक्त अशोक चव्हाण भाजपा की जगह कांग्रेस का नाम ले बैठे। उनकी ओर से कांग्रेस को धन्यवाद दिए जाने पर भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें टोका जिस पर हाल में मौजूद सारे लोग हंसने लगे।

इस पर अशोक चव्हाण ने कहा कि आज भाजपा कार्यालय में मेरी पहली पीसी है और इस कारण यह गलती हुई है। फडणवीस ने पार्टी की ओर से चौहान का स्वागत किया। अशोक चव्हाण ने 500 रुपए का भुगतान करने के साथ भाजपा के सदस्यता ली है। फडणवीस ने चव्हाण के साथ ही पूर्व एमएलसी राहुल अमर राजुलकर का भी पार्टी में स्वागत किया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story