×

Ramnath Kovind Birthday: चुनौतियों से जूझकर तय किया राष्ट्रपति पद तक का सफर, PM मोदी और शाह ने दी जन्मदिन की बधाई

Ramnath Kovind Birthday: रामनाथ कोविंद का आज जन्मदिन है। मोदी सरकार की ओर से एक देश-एक चुनाव के संबंध में गठित की गई एक हाईपावर कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 1 Oct 2023 3:16 PM IST
Ramnath Kovind Birthday: चुनौतियों से जूझकर तय किया राष्ट्रपति पद तक का सफर, PM मोदी और शाह ने दी जन्मदिन की बधाई
X

Ramnath Kovind Birthday: देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 78वें जन्मदिन के मौके पर आज पीएम मोदी समेत कई प्रमुख लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सामान्य से परिवार में जन्म लेने के बाद रामनाथ कोविंद ने अपने संघर्ष के दम पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की। उन्होंने 2017 से 2022 तक देश के राष्ट्रपति पद की कमान संभाली। हाल ही में मोदी सरकार की ओर से एक देश-एक चुनाव के संबंध में गठित की गई एक हाईपावर कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अनुकरणीय नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण से एक अमिट छाप छोड़ी है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी पूर्व राष्ट्रपति को बधाई देते हुए कहा कि गरीब और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के लिए उन्होंने समर्पित भाव से काम किया है।



चुनौतियों से जूझकर हासिल किया मुकाम

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जन्म 1 अक्टूबर, 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में परौंख गांव में हुआ था। सामान्य से परिवार में जन्म लेने के बाद उन्हें जीवन में तमाम चुनौतियां और संघर्षों का सामना करना पड़ा। चुनौतियों से जूझते समय उन्होंने कभी हार नहीं मानी और यही कारण था कि मुश्किल डगर होने के बावजूद वे बुलंदी पर पहुंचने में कामयाब रहे।

दरअसल, रामनाथ कोविंद का ज्यादातर बचपन आर्थिक बदहाली में गुजरा। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी। इसके बावजूद उनके परिवार ने कोविंद की शिक्षा को प्राथमिकता दी और उन्हें खूब पढ़ाया-लिखाया। उन्होंने कानपुर से लॉ किया फिर वे दिल्ली आ गए। उन्होंने आईएएस परीक्षा की तैयारी भी की। बाद में वे राजनीति के मैदान में सक्रिय हो गए और 1994 में उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का सदस्य चुना गया। उन्होंने भाजपा और देश की राजनीति में कई महत्वपूर्ण पदों को बखूबी संभाला। बाद में उन्हें बिहार के राज्यपाल पद के जिम्मेदारी सौंपी गई।



2017 में संभाली राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी

2017 में राष्ट्रपति पद के लिए कई नाम चर्चा में थे मगर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने आखिरकार रामनाथ कोविंद के नाम पर मुहर लगाई। राष्ट्रपति चुने जाने के बाद रामनाथ कोविंद 25 जुलाई, 2017 को देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली थी। उन्होंने 2022 तक सफलतापूर्वक राष्ट्रपति पद का दायित्व संभाला। देश के राष्ट्रपति पद तक उनका सफर काफी मुश्किलों भरा था मगर उन्होंने चुनौतियों से जूझते हुए देश का सर्वोच्च पद हासिल करने में कामयाबी हासिल की।

मोदी सरकार ने बनाया कमेटी का अध्यक्ष

राष्ट्रपति के रूप में कार्यकाल पूरा होने के बाद केंद्र सरकार की ओर से हाल में उन्हें एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंप गई है। सरकार ने एक देश-एक चुनाव के लिए गठित कमेटी में कोविंद को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इस कमेटी ने अपना काम शुरू कर दिया है। हाल ही में कमेटी की पहली बैठक भी हुई थी।



पीएम मोदी और अमित शाह ने दी बधाई

पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति को जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अनुकरणीय नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने एक अमिट छाप छोड़ी है। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा लोगों को प्रभावित करती रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोविंद के लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना की है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पूर्व राष्ट्रपति कोविंद को जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। गृह मंत्री शाह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति कोविंद जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी और शुचिता से उच्च आदर्श स्थापित किए। गरीब और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के लिए उन्होंने समर्पित भाव से काम किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है।



Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Hi! I am Snigdha Singh, leadership role in Newstrack. Leading the editorial desk team with ideation and news selection and also contributes with special articles and features as well. I started my journey in journalism in 2017 and has worked with leading publications such as Jagran, Hindustan and Rajasthan Patrika and served in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi during my journalistic pursuits.

Next Story