×

Ganesh Utsav 2022: इस बार राममंदिर में विराजे लालबाग के राजा, गणेश गली में सजा बाबा विश्वनाथ का दरबार

Ganesh Utsav 2022: दुनिया भर में मशहूर मुंबई के सबसे मशहूर गणपति लालबाग के राजा ने विधिवत स्थापना के दिन पहले मंगलवार को भक्तों को प्रथम दर्शन दिए।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 31 Aug 2022 4:29 AM GMT
Ganesh Utsav 2022
X

लालबाग के राजा (photo: social media )

Ganesh Utsav 2022: देशभर में गणेश उत्सव की धूम दिखने लगी है। खास तौर पर महाराष्ट्र में इस 10 दिवसीय उत्सव को लेकर खासा उत्साह दिख रहा है। कोरोना महामारी के कारण दो साल से लोग पंडालों में भगवान गणेश का दर्शन नहीं कर पा रहे थे। सिर्फ ऑनलाइन दर्शन की ही अनुमति थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस बार गणेश उत्सव के दौरान सभी पंडालों के दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए खोलने की अनुमति दे दी है। इस कारण इस बार पंडालों में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

दुनिया भर में मशहूर मुंबई के सबसे मशहूर गणपति लालबाग के राजा ने विधिवत स्थापना के दिन पहले मंगलवार को भक्तों को प्रथम दर्शन दिए। इस बार लालबाग के राजा का दरबार अयोध्या के निर्माणाधीन राम मंदिर की थीम पर सजाया गया है। लालबाग में ही एक अन्य प्रसिद्ध गणेश उत्सव गणेश गली मंडल ने इस बार काशी विश्वनाथ मंदिर की थीम पर भगवान गणेश का पंडाल सजाने का फैसला किया है। मुंबई के इन दोनों प्रसिद्ध पंडालों में लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ती है।

लालबाग में दिखेगी राम मंदिर की झलक

लालबाग के गणेश उत्सव की शुरुआत 1934 में की गई थी और यहां का गणेश उत्सव पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। इस बार लालबाग में 12 फुट के गणपति शाही सिंहासन पर विराजे नजर आएंगे और गणपति के पंडाल में अयोध्या के निर्माणाधीन राम मंदिर की झांकी दिखेगी। पूरे पंडाल को रामलला के मंदिर की अनुकृति के रूप में तैयार किया गया है।

आयोजकों का कहना है कि पंडाल के अंदर की पूरी साज-सज्जा और दृश्य हुबहू राममंदिर के जैसा ही होगा। पंडाल के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक के आकार को राम मंदिर जैसा ही तैयार किया गया है। प्रवेश द्वार पर भगवान श्रीराम की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इस बार लालबाग के राजा के दरबार को हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय कला निर्देशक नितिन देसाई की देखरेख में तैयार किया गया है।

भक्तों का हुजूम उमड़ने की उम्मीद

लालबाग के राजा के दर्शन के लिए भक्तों का भारी हुजूम उमड़ता है। दो साल से कोरोना महामारी के कारण भक्त बाबा का दर्शन नहीं कर सके थे। इस बार पंडाल में दर्शन के लिए सारे प्रतिबंध समाप्त किए जा चुके हैं। महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने पंडालों के दरवाजे सारे भक्तों के लिए खोल दिए हैं।

इस कारण माना जा रहा है कि इस बार ज्यादा भीड़ उमड़ सकती है। लालबाग के राजा के दरबार में प्रतिदिन बॉलीवुड सितारों और दिग्गज नेताओं समेत करीब दो लाख भक्तों की भीड़ उमड़ती रही है। इस बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी लालबाग के राजा में के दरबार में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। शाह 5 सितंबर को मुंबई के दौरे पर पहुंचने वाले हैं।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में विराजेंगे बप्पा

लालबाग के राजा की तरह ही मुंबई का एक और प्रसिद्ध गणेश उत्सव गणेश गली का है। लालबाग में ही होने वाले इस गणेश उत्सव में इस बार काशी के विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर बप्पा का दरबार सजाया गया है। गणेश गली के एक आयोजक का कहना है कि काशी विश्वनाथ मंदिर का एक इतिहास रहा है और इस कारण हमने इस बार विश्वनाथ मंदिर की थीम पर पंडाल को सजाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यहां पर आने वाले सभी भक्तों को बप्पा के पंडाल में काशी विश्वनाथ मंदिर की झलक दिखेगी।

उन्होंने कहा कि पंडाल को काशी विश्वनाथ मंदिर जैसा लुक देने के लिए काफी मेहनत की गई है और हमें उम्मीद है कि यह लोगों को काफी पसंद आएगा। गणेश गली का उत्सव भी मुंबई में काफी प्रसिद्ध है और पिछले 94 वर्षों से यह आयोजन किया जा रहा है। मुंबई में इस बार दो हजार से ज्यादा स्थानों पर गणेश पंडाल स्थापित किए गए हैं। पूरे महाराष्ट्र में इस बार गणेश उत्सव को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story