×

गूगल की मदद से सीखें नई भाषा, बना सकते हैं कॅरियर

Newstrack
Published on: 17 Feb 2018 8:10 AM GMT
गूगल की मदद से सीखें नई भाषा, बना सकते हैं कॅरियर
X

नई दिल्ली: गूगल अब केवल एक ऑनलाइन टूल तक ही सीमित नहीं है। इसके माध्यम से अब अपनी योग्यता बढ़ा सकते हैं। इसके माध्यम से अपना कॅरियर भी बना सकते हैं। आप किसी भी भाषा का शब्द ज्ञान बढ़ाकर अपना जीवन भी बेहतर कर सकते हैं। आप जिस नई भाषा को सीखना चाहते हैं, यह एक्सटेंशन वेब पेज को उसी भाषा में बदल देता है। इससे आप आसानी से नई भाषा का अभ्यास कर सकते हैं। आप जिस भाषा को सीखना चाहते हैं, सॄफग के दौरान उसके कंटेंट को समझने का प्रयास करें। आइए जानते हैं कि कैसे गूगल की मदद से कोई भाषा आसानी से सीखकर बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।

ऑनलाइन क्लास या ऑडियो बुक: गूगल के जरिये आप नई भाषा सीखने के लिए ऑनलाइन क्लास ले सकते हैं। इसके लिए कई वेबसाइट भी मौजूद हैं जो आपको मुफ्त में यह सुविधा उपलब्ध करवा रही हैं। इसके माध्यम से आप चार दर्जन नई भाषाओं पर अपनी पकड़ बना सकते हैं। इसके अलावा आप नई भाषा सीखने के लिए ऑडियो बुक भी डाउनलोड कर सकते हैं। नई भाषा को सुनकर आप तेजी से सीखते हैं।

ये भी पढ़ें : अगर नौकरी में चाहिए प्रमोशन तो अपनाएं ज्योतिष के ये उपाय

बढ़ाएं अपना शब्दकोश : आपके पास जब अधिक शब्द होंगे तो आपको कई भाषा सीखने में आसानी होगी। नई भाषा सीखने के लिए शब्दों का अभ्यास करना बहुत जरूरी है। इससे आप उतनी ही अच्छी तरह भाषा को बोल, पढ़ और लिख सकेंगे। शब्दों को दोहराने और कमजोर पहलुओं को सुधारने से आप तेजी से भाषा सीखते हैं। इसके लिए जरूरी है कि इसका अधिक से अधिक उपयोग लिख और बोलकर करें।

लिखने-सुनने की क्षमता बढ़ाएं : भाषा सीखते समय एक बात का ध्यान रखना चाहिए वो ये है कि जब कोई शब्द सुनें तो उसे ध्यान से सुनें और उसे तुरंत कहीं लिख लें। यह नियम बना लें कि जो भी नया शब्द सुनें, उसे लिखें। इससे आपके कान भाषा के लहजे के प्रति अभ्यस्त होने के साथ नए शब्दों के प्रति सजग हो जाते हैं। सुनने के बाद लिखने से याद्दाश्त मजबूत होती है। इसके साथ ही आपका अभ्यास होता रहेगा और वर्ड पावर भी बढ़ता रहेगा।

ये भी पढ़ें : कॅरियर ऑप्शन : भविष्य बेहतर बनाने के लिए चुनें बिजनेस बैंकिंग

गैजेट्स का यूज करें : अगर आप आज के समय में कोई भाषा सीखते समय मोबाइल फोन, टैबलेट, कम्प्यूटर या गेमिंग सिस्टम का यूज नहीं करते हैं तो भाषा सीखने में अधिक समय लेगा। जब आप नई भाषा का इस्तेमाल करने लगते हैं तो आपका दिमाग उस भाषा के प्रति अभ्यस्त होने लगता है। जब आपका दिमाग उस भाषा को सहजता से स्वीकार करने लग जाता है तो आप तेजी से सीखने लगते हैं। साथ ही आपकी रुचि भी बनी रहेगी।

उसी भाषा में ही देखें फिल्में : कहा जाता है कि जब भी आप कोई भाषा सीख रहे हैं तो उस भाषा की फिल्में देखें। इसमें सब टाइटल्स भी होने चाहिए ताकि आप समझ सकें कि क्या बोला जा रहा है। आपको दूसरी भाषा के म्यूजिक वीडियोज भी देखने चाहिए। इससे आप हाव-भावों के आधार पर भाषा सीख सकते हैं। इसके साथ ही आपको उसे देश के कल्चर आदि के बारे में पता चलेगा। अगर कभी वहां जाने का मौका मिला तो आपको कोई परेशानी नहीं होगी।

सोते समय करें प्रैक्टिस : आपको रात को सोने से पहले कुछ शब्दों का अभ्यास करना चाहिए। शब्दों को मन ही मन में दोहराते हुए सो जाना चाहिए। इससे शब्द आपके अनकॉन्शस माइंड में चले जाते हैं और हमेशा के लिए याद रहते हैं। जब तक नई भाषा आपके इर्द-गिर्द नहीं रहेगी, आप उसे भूल जाएंगे। इसलिए नई भाषा के आसपास रहने की कोशिश करें। आप जितना ज्यादा दोहराएंगे उतना ही जल्दी सीखेंगे। नई भाषा सीखते समय पूरी तरह कॉन्फिडेंट रहना चाहिए।

ये भी पढ़ें : कॅरियर : बनें कार्डियक केयर टेक्नीशियन, अस्पतालों में है अच्छी डिमांड

नई भाषा में ही करें बात : अगर आप नई भाषा को नियमित रूप से नहीं बोलेंगे तो आप उसमें महारत हासिल नहीं कर सकते। आपको नई भाषा को हर रोज तीस मिनट तक जरूर बोलना चाहिए। इसके लिए कई एप्स हैं जिनकी मदद से आप बातचीत के लिए पार्टनर से भी जुड़ सकते हैं। इससे बोलने का अभ्यास बना रहेगा। आप जब भी ग्रुप में हों, नई भाषा के शब्दों का इस्तेमाल बेहिचक करें, इससे आपको ही फायदा होगा। आप चाहें तो कई फ्री वेब और मोबाइल एप की मदद से भाषा सीखने की अपनी प्रोग्रेस पर नजर रख सकते हैं। इसके अलावा आप दूसरे लर्नर्स के साथ भी कनेक्ट हो सकते हैं। ड्यूलिंगो एप में बेसिक से लेकर एडवांस्ड लर्नर्स तक के लिए अभ्यास मौजूद हैं।

शर्म करना छोड़ें : अक्सर देखा जाता है कि कई बार व्यक्ति नई भाषा सीखने के दौरान साथियों के बीच में शर्म करता है और नई भाषा से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल नहीं कर पाता है। इसके बजाय आपको नए-नए शब्द बोलने चाहिए। हो सकता है कि आप गलती कर रहे हों, पर अभ्यास से ही गलतियों पर काबू पाया जा सकता है। आपको अपने दोस्तों का ऐसा ग्रुप बनाना चाहिए, जिसमें हर सदस्य नई भाषा सीखने के लिए उत्सुक हो। अगर आपके साथ अन्य लोग भी नई भाषा सीखेंगे तो आपका कॉन्फिडेंस बना रहेगा और आप बहुत जल्दी लैंग्वेज पर अपनी कमांड बना पाएंगे। इससे आप अपने कॅरियर को एक मुकाम पर ले जा सकते हैं।

Newstrack

Newstrack

Next Story