×

Gujarat Election 2022: गुजरात में भाजपा तोड़ सकती है 2002 का रिकॉर्ड, मोदी की अगुवाई में मिली थी सबसे बड़ी जीत

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में अभी तक भाजपा को सबसे बड़ी जीत 2002 में हासिल हुई थी जब पार्टी ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 Dec 2022 6:48 AM GMT
Gujarat Assembly Election
X

Gujarat Assembly Election (photo: social media )

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में सोमवार को विधानसभा चुनाव के मतदान का काम पूरा होने के बाद अब सबकी निगाहें चुनाव नतीजे पर लगी हुई हैं। गुरुवार को आने वाले चुनाव नतीजे से पूर्व लगभग सभी एग्जिट पोल में भाजपा को बड़ी जीत मिलने की भविष्यवाणी की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का गृह राज्य होने के कारण गुजरात के चुनाव नतीजे को काफी अहम माना जा रहा है।

गुजरात में अभी तक भाजपा को सबसे बड़ी जीत 2002 में हासिल हुई थी जब पार्टी ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल रखी थी और उन्हीं की अगुवाई में पार्टी ने चुनाव लड़ा था। सोमवार को आए कई एग्जिट पोल में इस बात का अनुमान लगाया गया है कि भाजपा को इस बार 2002 से भी ज्यादा सीटें मिल सकती हैं।

गुजरात में क्या हो सकता है चुनावी नतीजा

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक गुजरात में भाजपा को 131 से 151 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस सिर्फ 16 से 30 सीटों पर सिमट सकती है। टुडेज चाणक्य के मुताबिक भाजपा काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है और उसे 150 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस की स्थिति काफी खराब रहेगी और उसे 19 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है।

टाइम्स नाउ-ईटीजी के एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में इस बार भाजपा को 139 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस सिर्फ 30 सीटों पर सिमट सकती है। P-MARQ के मुताबिक भी भाजपा की सत्ता में वापसी तय है। भाजपा को इस बार के चुनाव में 128 से 148 सीटों पर जीत मिल सकती है। कांग्रेस को 30 से 42 सीटें मिलने की उम्मीद है। एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार गुजरात में इस बार भाजपा को 128 से 140 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस को 31 से 43 सीटें मिलने का अनुमान है।

जन की बात के एग्जिट पोल के मुताबिक भी भाजपा को 117 से 140 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। कांग्रेस यहां भी काफी पिछड़ती हुई दिख रही है और उसे 34 से 51 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। TV9 के एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में भाजपा को 125 से 130 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है जबकि कांग्रेस 40 से 50 सीटों पर सिमट सकती है।

भाजपा तोड़ सकती है अपना ही रिकॉर्ड

गुजरात में 1995 से ही भाजपा ने सत्ता पर कब्जा बनाए रखा है और इस बार भी पार्टी की ही सरकार बनती दिख रही है। गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सबसे शानदार प्रदर्शन 2002 के चुनाव में था जब पार्टी ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस समय नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे और पार्टी को जीत दिलाने के लिए उन्होंने धुआंधार प्रचार अभियान छेड़ा था।

यदि एग्जिट पोल के चुनाव नतीजों को देखा जाए तो कई एग्जिट पोल में भाजपा 127 के आंकड़े से आगे निकलती हुई दिख रही है। यदि एग्जिट पोल से निकाले गए निष्कर्ष वास्तविक चुनावी नतीजों में बदले तो भाजपा अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ने की ओर अग्रसर दिख रही है।

टूट सकता है 1985 का रिकॉर्ड भी

यदि गुजरात के चुनावी इतिहास को देखा जाए तो अब तक की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड कांग्रेस के नाम है।1985 के विधानसभा चुनाव में माधव सिंह सोलंकी की अगुवाई में कांग्रेस ने 149 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा अभी तक यह रिकॉर्ड तोड़ने में नाकाम रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के पूर्वानुमान के मुताबिक भाजपा को इस बार के चुनाव में बंपर समर्थन हासिल हुआ है और पार्टी 151 सीटें तक जीत सकती है। यदि यह पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो भाजपा 1985 में बना सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है।

भाजपा ने किया बड़ा दावा

हालांकि गुजरात के एग्जिट पोल को लेकर अभी तक कांग्रेस नेताओं की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है मगर आम आदमी पार्टी ने इसे खारिज कर दिया है। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि सारे पूर्वानुमान गलत साबित होंगे और आप राज्य में सरकार बनाने में कामयाब होगी। दूसरी ओर गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी का दावा है कि भाजपा इस बार नया रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहेगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story