×

Gujarat Assembly Election 2022: एग्जिट पोल के नतीजों पर सियासी तकरार शुरू,AAP ने खारिज किया तो BJP का इतिहास रचने का दावा

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात के चुनाव नतीजे बड़ा सियासी संदेश देने वाले माने जा रहे हैं। हालांकि एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर सियासी तकरार शुरू हो गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 Dec 2022 4:58 AM GMT
Gujarat Assembly Election 2022
X

Gujarat Assembly Election 2022 (photo: social media )

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात के विधानसभा चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल में एक बार फिर राज्य में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। लगभग सभी एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में इस बार के चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू दिखेगा और इस कारण 1995 से राज्य की सत्ता पर काबिज भाजपा का सत्ता पर कब्जा बरकरार रहेगा।

गुजरात के चुनाव नतीजे बड़ा सियासी संदेश देने वाले माने जा रहे हैं। हालांकि एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर सियासी तकरार शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात के एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर दिया है। दूसरी ओर भाजपा की ओर से दावा किया गया है कि पार्टी इस बार गुजरात के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सातवीं बार जीत हासिल करके इतिहास रचेगी।

आप के बेहतर प्रदर्शन का दावा

एग्जिट पोल के नतीजों पर टिप्पणी करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और गुजरात के साथ प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि गुजरात के एग्जिट पोल में कोई दम नहीं है। उन्होंने कहा कि आप के मतदाता साइलेंट है और वे एग्जिट पोल में नहीं आते। वहीं दूसरी ओर भाजपा के समर्थक काफी मुखर रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि गुजरात में आम आदमी पार्टी काफी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में हमने पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा है और हमारी ताकत को कम आंका जा रहा है।

चड्ढा ने दिल्ली के 2013 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय आप को चार-पांच सीटें मिलने की बात कही गई थी मगर आप 28 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। यह अंदाजा लगा पाना मुश्किल है कि हमारा मतदाता कौन है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात चुनाव में आप को अच्छा खासा वोट शेयर हासिल होगा और पार्टी सरकार बनाने में कामयाब होगी।

गुजरात में बनेगी आप की सरकार

गुजरात में आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरे इसुदान गढ़वी ने भी राज्य में एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर दिया है। गढ़वी ने कहा कि चुनाव नतीजों से सच्चाई का पता लग जाएगा। गुजरात में भाजपा की सरकार कतई नहीं बनेगी और आम आदमी पार्टी 100 सीटें जीतकर सरकार बनाने में कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के आंकड़े सही नहीं होते क्योंकि आकलन करना काफी कठिन काम है। इसी कारण मेरा मानना है कि एग्जिट पोल के जरिए नतीजों का पता लगा पाना काफी मुश्किल है।।

उन्होंने पहले चरण में 51 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। गढ़वी ने कहा कि दूसरे चरण में भी आप को 52 से अधिक सीटें मिलेंगी और राज्य में भाजपा की सरकार का पतन होना तय है। गुजरात में एग्जिट पोल के नतीजे पूरी तरह गलत साबित होंगे और आप को उम्मीद से अधिक सीटों पर कामयाबी मिलेगी।

राज्य में नया रिकॉर्ड बनाने का दावा

दूसरी और भाजपा ने एग्जिट पोल के नतीजों पर प्रतिक्रिया जताते हुए राज्य में नया इतिहास रचने का दावा किया। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे पूरी तरह सही साबित होंगे। गुजरात में फिर भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार सातवीं बार जीत हासिल करके राज्य में नया रिकार्ड बनाएगी।

उन्होंने कहा कि इस बार और गुजरात का विधानसभा चुनाव पार्टी से ज्यादा गुजरात के लोगों ने लड़ा है और उनका पूरा समर्थन भाजपा को हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में फिर नई सरकार बनाकर पार्टी राज्य के विकास की प्रक्रिया को जारी रखेगी।

क्या कहते हैं एग्जिट पोल के नतीजे

गुजरात में किए गए अधिकांश एग्जिट पोल में राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनती हुई दिख रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में भाजपा को 129 से 151 सीटें मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस को 16 से 30 सीट मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को 9-11 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

एबीपी-सी वोटर के सर्वेक्षण के अनुसार गुजरात में भाजपा को 128 से 140 सीटें मिलने की संभावना है जबकि कांग्रेस 31 से 43 सीटों पर सिमट सकती है। आप को तीन से 11 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

न्यूज एक्स-जन की बात के एग्जिट पोल में भाजपा को 117 से 140 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि कांग्रेस को 34 से 51 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। इस सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी 6 से 13 सीटों पर सिमट सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story