Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में भाजपा की दूसरी सूची जारी, छह और सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित

Gujarat Assembly Election 2022:पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में 160 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 12 Nov 2022 5:36 AM GMT
Gujarat Assembly Election 2022
X

गुजरात में भाजपा की दूसरी सूची जारी (photo: social media )

Gujarat Assembly Election 2022: भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात के विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। भाजपा की दूसरी सूची में छह उम्मीदवारों के नाम शामिल है। पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में 160 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। इस तरह पार्टी ने अभी तक 166 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। गुजरात विधानसभा में 182 सीटें हैं। पार्टी ने अभी भी 16 विधानसभा सीटों पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

पार्टी की ओर से जारी की गई दूसरी सूची में भी अल्पेश ठाकोर का नाम शामिल नहीं है। अल्पेश को राधनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाई जाने की चर्चा है मगर पार्टी ने अभी तक इस सीट से उम्मीदवार के रूप में उनका नाम घोषित नहीं किया है।

दूसरी सूची में इन प्रत्याशियों के नाम

भाजपा की ओर से आज जारी की गई सूची में धोराजी सीट से महेंद्रभाई पाडलिया, खंभालिया से मूलुभाई बेरा, कुतियाना से श्रीमती ढेलिबेन मालदेभाई ओडेदरा, भावनगर पूर्व से श्रीमती सेजल राजीव कुमार पांड्या, डेडियापाड़ा से हितेश देवजी वसावा और चोर्यासी से संदीप देसाई को टिकट दिया गया है। गुजरात की सत्ता पर 1995 से ही भाजपा का कब्जा है और पार्टी ने इस बार भी अपनी सरकार बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है। इसीलिए प्रत्याशियों के चयन में काफी सतर्कता बरती जा रही है।

पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची भी गहराई से मंथन करने के बाद जारी की गई थी। पार्टी की पहली सूची में 5 मंत्रियों समेत 38 विधायकों के टिकट काटे गए थे। हालांकि प्रत्याशियों के चयन से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक वर्ग में नाराजगी भी बताई जा रही है। टिकट काटे जाने के बाद पार्टी के कुछ नेता निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में जुटे हुए हैं। मौजूदा विधायक मधु श्रीवास्तव ने टिकट काटे जाने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान भी कर दिया है। आने वाले दिनों में टिकट से वंचित कुछ और विधायक भी चुनावी अखाड़े में कूदने की घोषणा कर सकते हैं।

दूसरी सूची में भी अल्पेश का नाम नहीं

पार्टी की ओर से जारी दूसरी सूची में भी अल्पेश ठाकोर का नाम शामिल नहीं है। अल्पेश ने 2017 का विधानसभा चुनाव राधनपुर विधानसभा सीट से जीता था मगर बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि उनका यह फैसला गलत साबित हुआ क्योंकि इस सीट पर कराए गए उपचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने अभी तक इस सीट पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

इस सीट से अल्पेश ठाकोर के चुनाव लड़ने की चर्चा थी मगर फिर बाद में उनके गांधीनगर दक्षिण सीट से चुनाव लड़ने की बात सामने आई। इस चुनाव क्षेत्र में अल्पेश के खिलाफ कई पोस्टर लगाए गए। इसी कारण भाजपा ने अभी तक दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं घोषित किए हैं।

भाजपा की घेरेबंदी की कोशिश

गुजरात के विधानसभा चुनाव के लिए 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को मतदान होना है। हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को राज्य के चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। गुजरात की सत्ता पर पिछले 27 वर्षों से भाजपा का कब्जा है और भाजपा ने इस बार भी अपनी सरकार बचाए रखने के लिए जोरदार अभियान छेड़ रखा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का गृह राज्य होने के कारण गुजरात का चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की जंग बना हुआ है। दूसरी ओर कांग्रेस और आप की ओर से भाजपा की तगड़ी घेरेबंदी की जा रही है। आम आदमी पार्टी के जोरदार प्रचार अभियान के कारण इस बार राज्य का सियासी समीकरण बदला हुआ नजर आ रहा है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story