×

Gujarat Assembly Result 2022: गुजरात में अब तक की सबसे बड़ी जीत की ओर भाजपा, 1985 का भी रिकॉर्ड टूटने के आसार

Gujarat Assembly Result 2022: मौजूदा रुझानों के मुताबिक भाजपा 150 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस को सिर्फ 22 सीटों पर बढ़त हासिल है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 Dec 2022 4:15 AM GMT
Gujarat Assembly Result 2022
X

Gujarat Assembly Result 2022 (photo: social media )

Gujarat Assembly Result 2022: गुजरात गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। नतीजों के शुरुआती रुझान में ही भाजपा ने कांग्रेस और आप पर भारी बढ़त बना ली है। मौजूदा रुझानों के मुताबिक भाजपा 150 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस को सिर्फ 22 सीटों पर बढ़त हासिल है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूरी ताकत लगाने के बावजूद आप की हालत पतली है और उसे सिर्फ 8 सीटों पर बढ़त हासिल है।

गुजरात में अभी तक भाजपा को सबसे बड़ी जीत 2002 में हासिल हुई थी जब पार्टी ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल रखी थी और उन्हीं की अगुवाई में पार्टी ने चुनाव लड़ा था। गुजरात के मौजूदा रुझानों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा 2002 का अपना रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है। सियासी जानकारों का मानना है कि गुजरात के ट्रेंड को देखते हुए लग रहा है कि भाजपा 1985 का जीत का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है। 1985 में कांग्रेस ने 149 सीटें जीतकर सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया था।

भाजपा तोड़ सकती है 2002 का रिकॉर्ड

गुजरात में 1995 से ही भाजपा ने सत्ता पर कब्जा बनाए रखा है और इस बार भी पार्टी की ही सरकार बनना तय हो गया है। गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सबसे शानदार प्रदर्शन 2002 के चुनाव में था जब पार्टी ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस समय नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे और पार्टी को जीत दिलाने के लिए उन्होंने धुआंधार प्रचार अभियान छेड़ा था।

इस बार के विधानसभा चुनाव में गुजरात के मतदाताओं ने भाजपा को भारी समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही कहा था कि उन्हें गुजरात के मतदाताओं पर पूरा भरोसा है और इस बार भी राज्य के मतदाता भाजपा को समर्थन देकर गुजरात में विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।

1985 का रिकॉर्ड भी टूटने के आसार

यदि गुजरात के चुनावी इतिहास को देखा जाए तो अब तक की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड कांग्रेस के नाम है।1985 के विधानसभा चुनाव में माधव सिंह सोलंकी की अगुवाई में कांग्रेस ने 149 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा अभी तक यह रिकॉर्ड तोड़ने में नाकाम रही है। इसे आज तक की सबसे बड़ी जीत माना जाता है मगर गुजरात के रुझानों से स्पष्ट है कि भाजपा यह रिकार्ड भी तोड़ सकती है। अभी तक भाजपा ने 147 सीटों पर बढ़त बना ली है और पार्टी की बढ़त लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में अगर भाजपा 1985 का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दे तो किसी को अचरज नहीं होना चाहिए।

गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी का दावा है कि भाजपा इस बार गुजरात में रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में हुए दो चरणों के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मतदाताओं का भारी समर्थन मिला है और इस समर्थन के दम पर ही पार्टी सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रचेगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story