×

Har Ghar Tiranga: PM मोदी ने तिरंगे के साथ बदला डीपी, तो राहुल ने राष्ट्र ध्वज के साथ नेहरू से बदली प्रोफाइल पिक्चर

Har Ghar Tiranga: तिरंगा यात्रा को लेकर जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग तेज हो चली है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में ट्वीट कर पलटवार किया।

aman
Written By aman
Published on: 3 Aug 2022 7:11 AM GMT (Updated on: 3 Aug 2022 7:22 AM GMT)
tiranga yatra controversy rahul gandhi says our tricolor is in the heart of every Indian
X

Rahul Gandhi on Tiranga Yatra

Rahul Gandhi on Har Ghar Tiranga Campaign: देश अपनी आजादी के 75 साल पूरे कर रहा है। केंद्र सरकार इस साल 15 अगस्त को भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके को बेहद खास बनाने की तैयारियों में जुटी है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार 'आजादी का अमृत महोत्सव' (Azadi Ka Amrit Mahotsav) के तहत कई खास आयोजन करने जा रही है। राजधानी दिल्ली में बुधवार को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 'तिरंगा यात्रा' निकाली गई। जिसमें सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी सांसद और मंत्री शामिल हुए, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस सहित अन्य ने दूरी बनाए रखी।

इस 'तिरंगा यात्रा' में विपक्षी दलों के किनारा करने से सत्ता पक्ष हमलावर होती दिख रही है। सत्ता पक्ष और विपक्षी खेमे में जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सत्ता पक्ष पर पलटवार किया है। दरअसल, राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि, 'देश की शान है हमारा तिरंगा, हर हिंदुस्तानी के दिल में है हमारा तिरंगा।'

PM मोदी ने बदली डीपी, राहुल-प्रियंका का भी बदला प्रोफाइल पिक्चर

दरअसल, राहुल गांधी ने अपनी बात के साथ जो तस्वीर ट्वीट की है उसमें भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को हाथ में तिरंगा लिए दिखाया है। गौरतलब है कि, एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर प्रोफाइल पिक्चर की जगह तिरंगा लगाया था। वहीं, आज राहुल और प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जवाहरलाल नेहरू के हाथ में राष्ट्र ध्वज वाली तस्वीर लगायी है।

प्रियंका गांधी ने भी किया ट्वीट

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Congress General Secretary Priyanka Gandhi) ने भी इसी तस्वीर को ट्वीट किया है। राहुल की बहन प्रियंका गांधी ने ट्वीट में लिखा, 'विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा'।

अधीर रंजन- कौन देशभक्त है, सब जानते हैं

वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) ने भी इसे लेकर कहा है कि, 'कौन देशभक्त है, सब जानते हैं। देश की आजादी के लिए जो अखबार निकाला गया था उसके खिलाफ क्या घिनौनी साजिश की जा रही है, ये भी देखो।' अधीर रंजन आगे कहते हैं, हम भारतीय जनता पार्टी का राजनीतिक एजेंडा कैसे लेंगे, हम अपना आयोजन करेंगे।'

सरकारी कार्यक्रम में राजनीतिक एजेंडा

अधीर रंजन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, 'सरकारी कार्यक्रम में जो 'राजनीतिक एजेंडा' चलाया जाता है, उसमें कैसे शामिल हो जाएं। केंद्र सरकार की आड़ में भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है।' मीडिया से बात करते हुए अधीर रंजन ने बीजेपी पर खादी को खत्म करने तक का आरोप लगाया।

संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजन

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की संसदीय दल की बैठक के बाद मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा था कि, 'यह आयोजन संस्कृति मंत्रालय (Ministry of Culture) की तरफ से किया जा रहा है। यह बीजेपी की तरफ से नहीं है।' इस दौरान उन्होंने सभी दलों के सांसदों से इस आयोजन में हिस्सा लेने की अपील की।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story