Haryana Election 2024: 'लगा दो आग पानी में...', महज चार लाइन लिखकर पूर्व मंत्री ने दिया BJP से इस्तीफा

Haryana Election 2024: हरियाणा में भाजपा मंत्रियों के इस्तीफे के बीच अब पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

Network
Newstrack Network
Published on: 7 Sep 2024 11:05 AM GMT (Updated on: 7 Sep 2024 11:54 AM GMT)
Haryana Election 2024
X

बच्चन सिंह आर्य (Pic: Social Media)

Haryana Election 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में बगावत का दौर जारी है। पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी में हंगामा मचा है। एक तरफ से कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसी क्रम में आज प्रदेश के पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य ने भी बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने महज चार लाइन लिखकर पार्टी छोड़ दी है। अपने त्याग पत्र में उन्होंने लिखा कि, 'मैं बच्चन सिंह आर्य विधानसभा क्षेत्र सफीदों, आज से बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता और प्रदेश कार्यकारिणी से त्याग पत्र देता हूं।'' उन्होंने दो दिन पहले इसके संकेत दे दिए थे। सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट किया था कि 'लगा दो आग पानी में, शरारत हो तो ऐसी हो, मिटा दो हस्ती जुल्मों की, बगावत हो तो ऐसी हो।'

33 साल से क्षेत्र में कर रहे राजनीति

बच्चन सिंह आर्य सफीदों विधानसभा सीट के कद्दावर नेता हैं। पिछले 33 साल से वह क्षेत्र में एक्टिव हैं। इस सीट की राजनीति उनके इर्दगिर्द घूमती नजर आती है। 1991 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत कर सदन में पहुंचे। 2005 में वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते। इस दौरान वह भूपेंद्र हुड्डा की सरकार के प्रति समर्पित रहे। इसी सीट पर उन्होंने पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली। उन्हें कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार सुभाष से हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर इनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। क्षेत्र के मतदाताओं से उनके जमीनी जुड़ाव हैं। मगर भाजपा ने उनका टिकट काट दिया है। पार्टी ने एक सितंबर को भाजपा में शामिल हुए राज कुमार गौतम को चार सितंबर को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसी से नाराज बच्चन आर्य ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नाराजगी भी जाहिर की थी। आज उन्होंने चार लाइन लिखकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन भी कर दिया है।


राजकुमार गौतम को मिला टिकट

भाजपा ने बच्चन आर्य का टिकट काटकर एक सितंबर को पार्टी में शामिल हुए राजकुमार गौतम को उम्मीदवार घोषित किया है। एक सितंबर को जींद में हुई भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में उन्होंने भाजपा का दामन थामा। इससे पहले वह जजपा में थे। 2019 में वह इसी पार्टी के टिकट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार कैप्टन अभिमन्यु सिंह को हराया था। बता दें कि राजकुमार गौतम ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। वह नारनौंद के निवासी हैं। क्षेत्र में लंबे वक्त से राजनीति कर रहे बच्चन आर्य अब उनको निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनौती देंगे। भाजपा के लिए उनके ही नेताओं का बगावत भारी पड़ता नजर आ रहा है। राजकुमार गौतम के लिए भी इस सीट पर कड़ी चुनौती होगी।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story