PM Modi Haryana Victory Speech : ' चुनाव नतीजे संविधान और लोकतंत्र की जीत', हरियाणा में शानदार प्रदर्शन के बाद बोले पीएम मोदी

PM Modi Haryana Victory Speech : हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Network
Newstrack Network
Published on: 8 Oct 2024 2:26 PM GMT (Updated on: 8 Oct 2024 3:51 PM GMT)
PM Modi Haryana Victory Speech :  चुनाव नतीजे संविधान और लोकतंत्र की जीत, हरियाणा में शानदार प्रदर्शन के बाद बोले पीएम मोदी
X

PM Modi Haryana Victory Speech : हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सबने सुना है दूध-दही का खाना, वैसा है अपना हरियाणा। हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया, कमल-कमल कर दिया। बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 सीटों पर जीत मिली है, जो बहुमत के आंकड़े से दो ज्यादा है। वहीं, कांग्रेस ने 37 सीटों पर विजय हासिल की है, जबकि इंडियन नेशनल लोकदल ने दो और निर्दलीयों ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है।

पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज नवरात्रि का छठा दिन है। मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हम सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है। गीता की धरती पर सत्य की जीत हुई है। गीता की धरती पर विकास की जीत हुई है। गीता की धरती पर सुशासन की जीत हुई है। हर जाति, हर वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिया है।

ये भारत के संविधान की जीत

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए, वोटों की गिनती हुई, नतीजे आए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर में जितनी भी पार्टियां चुनाव लड़ रही थीं, उनमें वोट शेयर के हिसाब से भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता को भी बहुत बहुत बधाई देता हूं। मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके तप और तपस्या के लिए नमन करता हूं।

हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रचा

उन्होंने कहा कि हरियाणा की ये जीत कार्यकर्ताओं के अथाह परिश्रम का परिणाम है। हरियाणा की ये जीत नड्डा जी और हरियाणा की टीम के प्रयासों की जीत है। हरियाणा की ये जीत नम्र-विनम्र हमारे मुख्यमंत्री के कर्तव्यों की भी जीत है। आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है। हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली, लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है… सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगाई। भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई, इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से भी ज्यादा समय से अपना आशीर्वाद बनाए हुए है।

कांग्रेस पर किया प्रहार

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए नो इंट्री का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही। लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उसका डिब्बा गोल हो चुका है। कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, वो गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं। हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने उन पर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है।

हरियाणा में भी आरक्षण को समाप्त करना चाहती थी कांग्रेस

पीएम मोदी ने कहा कि ये कांग्रेस है, जिसने उन्हें इतने दशकों तक रोटी, पानी, मकान से वंचित रखा। कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, उनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े, आदिवासी शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं, तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। कांग्रेस के इस शाही परिवार ने तो डंके की चोट पर कहा कि वो आरक्षण खत्म कर देंगे। दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर कांग्रेस अपने वोटबैंक को देना चाहती थी। हरियाणा में भी वो यही करने जा रही थी।

उन्होंने कहा कि मैंने विकसित भारत के लिए 4 स्तंभों की बार-बार चर्चा की है। ये 4 स्तंभ हैं - किसान, युवा, महिलाएं और गरीब। जम्मू-कश्मीर हो या हरियाणा, हम इन्हीं चार स्तंभों के विकास के बलबूते पर विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इनको सशक्त करना ही भाजपा की प्राथमिकता है।

हरियाणा के किसानों ने कांग्रेस को दिया करारा जवाब

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भारत के समाज को कमजोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए वो अलग-अलग वर्गों को भड़का रहे हैं, लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। देश ने देखा कि कैसे किसानों को भड़काने का प्रयास हुआ, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वो देश के साथ हैं, भाजपा के साथ हैं।

भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि ये जो जीत हमने हरियाणा में हासिल की और जम्मू-कश्मीर में भी हमारा वोट शेयर बढ़ा है। ये प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जनता के विश्वास व्यक्त करने का परिणाम है। कांग्रेस के लोग हर तरह से झूठ फैलाने में जुटे थे, लेकिन जनता ने उनकी एक नहीं सुनी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाई।

सीट शेयर और वोट शेयर बढ़ा

उन्होंने आगे कहा कि आपने (मोदी जी ने) पिछले 23 सालों में जिस कार्यकर्ता भाव से, जिस समर्पण भाव से देश की तस्वीर को बदलने के लिए अथक प्रयास किया है, ये उसका नतीजा है कि आज हरियाणा और देश का मिजाज 'मोदीमय' है। यह बात फिर से साबित होती है कि 'मोदी है तो मुमकिन है।' ये मोदी की गारंटी है। आज मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा का गढ़ बन गया है और वहां बिना किसी रोकटोक के लगातार तीसरी बार हमारी सरकार बन रही है। मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा में हमारा सीट शेयर भी बढ़ा है और वोट शेयर भी बढ़ा है।

यह विकास और सुशासन की जीत

बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, हरियाणा का हृदय से आभार! भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत देने के लिए मैं हरियाणा की जनशक्ति को नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस महाविजय के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले अपने सभी कार्यकर्ता साथियों को भी मेरी बहुत-बहुत बधाई! आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की है, बल्कि विकास के हमारे एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।

वहीं, उन्होंने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस के सराहनीय प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, मैं जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में जेकेएनसी के सराहनीय प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई देना चाहता हूं। उन्होंने आगे लिखा, जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदर्शन पर गर्व है। हम उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमारी पार्टी को वोट दिया और हम पर भरोसा जताया। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम जम्मू-कश्मीर के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे। हम कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों की भी सराहना करते हैं।

उन्होंने आगे लिखा, जम्मू-कश्मीर में ये चुनाव बहुत खास रहे हैं। अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटने के बाद पहली बार हुए इन चुनावों में भारी मतदान हुआ, जो लोकतंत्र में लोगों की आस्था को दर्शाता है। मैं इसके लिए जम्मू-कश्मीर के हर व्यक्ति को बधाई देता हूं।


Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story