×

Heavy Rain in Sikkim: सिक्किम में भारी बारिश ने मचाई तबाही, सिंगतम में बादल फटने के बाद आया सैलाब, 23 जवान लापता

Heavy Rain in Sikkim: सिंगतम शहर में बादल फटने के बाद बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी का सैलाब अपने रास्ते में आने वाली हर छोटी-बड़ी चीजों को बहा ले जा रहा है।

Krishna Chaudhary
Published on: 4 Oct 2023 4:01 AM GMT (Updated on: 4 Oct 2023 4:16 AM GMT)
Heavy Rain in Sikkim
X

Heavy Rain in Sikkim  (photo: social media )

Heavy Rain in Sikkim: देश के कुछ इलाकों में अभी भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है। उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम भी उनमें से एक है, जहां पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। जिसके कारण वर्षाजनित हादसे भी हो रहे हैं। सिंगतम शहर में बादल फटने के बाद बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी का सैलाब अपने रास्ते में आने वाली हर छोटी-बड़ी चीजों को बहा ले जा रहा है। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े खौफनाक वीडियो वायरल हो रहे है। जानकारी के मुताबिक, बाढ़ में भारतीय सेना के 23 जवान लापता हो गए हैं। जिन्हें ढूंढने के लिए रेस्क्यू टीम को रवाना कर दिया गया है।

वीडियो में भारी बारिश के बीच पानी के सैलाब को बहते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान रास्ते में आए कई मकान और घर या तो पानी में बह गए या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस आपदा में जानमाल को कितना नुकसान पहुंचा है, फिलहाल राज्य सरकार की ओर से इसकी जानकारी नहीं दी गई है। शहर के गली-मोहल्ले और मुख्य सड़कें पानी से लबालब हैं।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया है। मौसम विभाग ने लोगों से पहाड़ों और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। लोगों को फिलहाल अपने घरों में ही रहने को कहा गया है।

मई-जून में भी मची थी तबाही

अपनी खूबसूरती के लिए विख्यात सिक्किम बड़ी संख्या में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। हर साल बारिश के मौसम में यहां बड़ी संख्या में टूरिस्ट यहां पहुंचते हैं। लेकिन इस बार बारिश ने यहां तबाही मचा दी। 20 मई 2023 को उत्तर सिक्किम में भूस्खलन के कारण 500 पर्यटक फंस गए थे, जिसे भारतीय सेना ने रेस्क्यू किया था। इसमें 113 महिलाएं और 54 बच्चे भी शामिल थे।

इसी प्रकार में जून में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड जैसी घटनाओं की वजह से सड़कें बह गई थीं। जिसके कारण 3 हजार से अधिक पर्यटक फंस गए थे। भारतीय सेना और सीमा सड़क संगठन के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 3500 पर्यटकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story