×

Heavy Rain in India: भारी बारिश ने देश के पांच राज्यों में बरपाया कहर, सड़कें, पुल, इमारत सब बहे, अब तक 76 मौतें

Heavy Rain in India: मैदानी क्षेत्र में जहां बाढ की स्थिति उत्पन्न हो गई है, वहीं पहाड़ों में जमकर भूस्खलन हो रहे हैं। भारी बारिश के कारण सड़क, रेलवे ट्रैक, पुल-पुलिया सभी जलमग्न हो चुके हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 11 July 2023 7:21 AM GMT
Heavy Rain in India: भारी बारिश ने देश के पांच राज्यों में बरपाया कहर, सड़कें, पुल, इमारत सब बहे, अब तक 76 मौतें
X
rainfall (photo: social media )

Heavy Rain in India: इस साल गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। अप्रैल-मई आते-आते सूरज की तीखें किरणें धरती को जला रही थीं और नीचे मौजूद हर आंखें आसमान में बादल को खोज रही थीं, ताकि कुछ राहत की बूंदें बरसें। इंतजार थोड़ा लंबा हुआ लेकिन जब वे आए तो राहत के अलावा अपने साथ बर्बादी भी लाए। पिछले कुछ दिनों से मानसून की बारिश उत्तर भारतीय राज्यों में कहर बनकर टूट रही है।

मैदानी और पहाड़ी इलाकों में स्थिति बद से बदतर हो चली है। मैदानी क्षेत्र में जहां बाढ की स्थिति उत्पन्न हो गई है, वहीं पहाड़ों में जमकर भूस्खलन हो रहे हैं। भारी बारिश के कारण सड़क, रेलवे ट्रैक, पुल-पुलिया सभी जलमग्न हो चुके हैं। कई जगहों पर सड़क और पुल पूरी तरह से नदी में ही समा गया। यूपी, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और पंजाब में बारिश ने सबसे अधिक तांडव किया है।

इन राज्यों में पिछले 6 दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। सड़कें पूरी तरह से पानी में डूब चुकी हैं। मोहल्लों में नाव चल रहे हैं। दिल्ली में तो मंत्रियों और बड़े नेताओं के घर तक में पानी घुस गया है। उत्तर भारतीय राज्यों में वर्षा जनित हादसों में व्यापक पैमाने पर जानमाल को हानि पहुंची है। हिमाचल और उत्तराखंड से बादलों के फटने और भूस्खलन की खौफनाक तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। अलग-अलग प्रदेशों में पिछले 72 घंटे में 76 लोगों की जान जा चुकी है।

हिमाचल प्रदेश

पर्यटकों के बीच खूबसूरत हॉली डे डेस्टिनेशन के रूप में मशहूर हिमाचल प्रदेश में इन दिनों प्रकृति का रौद्र रूप नजऱ आ रहा है। प्रदेश से बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की खौफनाक तस्वीरें आ रही हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि सरकार को लोगों से फिलहाल अपने घरों में ही रहने की अपील जारी करना पड़ा। विभिन्न हादसों में अब तक 20 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है।

उत्तराखंड

देवभूमि उत्तराखंड में भी पिछले 15 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। भारी बरसात के कारण राज्य के नदी-नाले उफान पर हैं। बद्रीनाथ एनएच पर भूस्खलन की घटना के कारण चारधाम यात्रा में भी रूकावट आई। उत्तराखंड डाकपत्थर में नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर फंसे 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया। राज्य में फिलहाल पयर्टकों को किसी भी तरह की ट्रैकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है।

पंजाब

पंजाब में इसबार प्री मानसून बारिश भी अच्छी-खासी हुई है। इसके बाद अब जमकर मानसून की बारिश भी हो रही है। भीषण बरसात के कारण राज्य की स्थिति गंभीर हो गई है। राजधानी चंडीगढ़ जैसे शहरों गलियों में भी नाव चलने की स्थिति उत्पन्न हो गई। राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। हिमाचल में भारी बारिश के कारण व्यास नदी का जलस्तर काफी ज्यादा बढ़ गया है। पंजाब में कई जगहों से इमारतों के ढहने की भी खबर आई है।

यूपी

उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश कहर बरपा रही है। 65 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वर्षा जनित हादसों में 38 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य से गुजरने वाली रेलवे ट्रैक पानी में डूब गई हैं, जिसके कारण कई ट्रेनों को कैंसिल करना पड़ा है।

दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली की हालत इस बार बारिश से कुछ ज्यादा ही खराब हो गई है। बारिश ने 4 दशकों का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। खान मार्केट जैसे इलाके पानी में डूब गए हैं। आमलोग की बात ही क्या करें नेता और अफसर तक के घरों के दरवाजे पर पानी ने दस्तक दे दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस तरह की बारिश झेलने के लिए हमारा सिस्टम डिजाइन नहीं किया गया है। यमुना के लगातार रौद्र होने के कारण राजधानी पर बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है।

इन राज्यों के अलावा हरियाणा, राजस्थान और जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। इन राज्यों में भी वर्षा जनित हादसों में जानमाल को काफी नुकसान पहुंचा है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story