×

HP Political Crisis: हिमाचल में संकट टला, सुखविंदर सिंह सुक्खू बने रहेंगे मुख्यमंत्री, बोले- मैं शराफत में रह गया

HP Political: हिमाचल में जारी सियासी घमासान थम गया है। पार्टी ने 6 सदस्यों की कमेटी बनाने का ऐलान किया है। इस कमेटी में सीएम, डिप्टी सीएम और हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष शामिल होंगे।

aman
Written By aman
Published on: 29 Feb 2024 12:28 PM GMT (Updated on: 29 Feb 2024 12:49 PM GMT)
HP Political Crisis
X

कांग्रेस ऑब्जर्वर डीके शिवकुमार के साथ सीएम सुक्खू (Social Media) 

Himachal Pradesh Politics: हिमाचल प्रदेश में तीन दिनों से जारी राजनीतिक उठापटक गुरुवार (29 फरवरी) को आखिरकार खत्म हो गया। राजधानी शिमला स्थित मुख्यमंत्री आवास में मैराथन बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह ऐलान हुआ। सीएम आवास पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस विधायक, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री (Deputy CM Mukesh Agnihotri), सरकार के मंत्री, ऑब्जर्वर, कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) के बीच मीटिंग हुई। इसके बाद, सभी ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।

कांग्रेस ऑब्जर्वर डीके शिवकुमार (Congress Leader DK Shivakumar) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हिमाचल के राज्यसभा चुनाव को देख रहा था। हमारे सीनियर लीडर हार गए। मुख्यमंत्री और प्रतिभा सिंह से भी बात की गई। सभी मतभेद दूर हुए हैं। हम सब आगे मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा, पार्टी संगठन में समन्वय के लिए कॉर्डिनेशन कमेटी बनाई जाएगी।'

'संकटमोचक' ने संभाला

कांग्रेस आलाकमान की तरफ से शिमला भेजे गए डीके शिवकुमार ने मीडिया को बताया, कि 'हमने कांग्रेस के सभी विधायकों से बात की। सभी मतभेद दूर हो गए हैं। हम सरकार और पार्टी संगठन में समन्वय समिति बना रहे हैं। इसका ऐलान दिल्ली से किया जाएगा। पार्टी पूरी तरह एकजुट है। बता दें, डीके शिवकुमार को कांग्रेस का संकटमोचक कहा जाता है।

डीके शिवकुमार- यहां ऑपरेशन लॉटस नहीं चले

उन्होंने ये भी कहा कि, 'यहां (हिमाचल) ऑपरेशन लॉटस नहीं चलेगा। डीके शिवकुमार ने आगे कहा कि, बीजेपी अनैतिक तरीकों का इस्तेमाल कर रही थी। वहीं, एक अन्य ऑब्जर्वर भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupendra Singh Hudda) ने कहा कि, 'राज्यसभा चुनाव में पार्टी सीट खोने से दुख हुआ। आज सभी विधायकों से अलग-अलग बात की गई। सभी छोटे छोटे मतभेद थे, जो सब दूर हो गए। 6 सदस्यीय कॉर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है।'

प्रतिभा सिंह बोलीं- राज्यसभा में मिली हार का हमें दुख

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रमुख प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'लोकसभा चुनाव हमारी अगली चुनौती है। राज्यसभा चुनाव में मिली हार पर हमें दुख है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी पहले भी मजबूत थी, आज भी मजबूत है। हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें हम जीतेंगे। हम तालमेल चाहते हैं। समन्वय समिति में वरिष्ठ लोग होंगे।'

सुक्खू बोले- मैं शराफत में रह गया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी किस बहुमत की बात कर रही है? षड्यंत्र के तहत मेरे इस्तीफे की झूठी खबर फैलाई गई। बागी विधायक हिमाचल प्रदेश की जनता का सामना नहीं कर पाएंगे। हमारी सरकार अगले 5 साल चलेगी। उन्होंने आगे कहा, बीजेपी ओछी राजनीति कर रही। सरकार गिराने की कोशिश में जुटी है। उन्हें जनता जवाब देगी। बागियों की गलती माफ की जा सकती है। अगर, वो (बागी) कांग्रेस में आना चाहें तो उनका स्वागत है। मेरी कमी रही कि मैं शराफत में रह गया।'

राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस विधायकों ने किया 'खेल'

गौरतलब है कि, हिमाचल प्रदेश में सियासी तापमान मंगलवार को उस वक़्त चरम पर रहा, जब राज्यसभा के चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई। कांग्रेस के 6 विधायकों ने भाजपा के उम्मीदवार हर्ष महाजन (Harsh Mahajan) को वोट किया। इसका रिजल्ट ये हुआ कि सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी (Abhishek Manu Singhvi) को हार का सामना करना पड़ा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story