×

HP Assembly Election 2022: प्रचार के आखिरी दिन आज शाह,नड्डा और योगी की धुआंधार रैलियां, प्रियंका भी संभालेंगी मोर्चा

HP Assembly Election 2022: प्रियंका गांधी भी प्रचार के आखिरी दिन आज हिमाचल में रैली करेंगी। हिमाचल प्रदेश में प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल रखा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 10 Nov 2022 3:25 AM GMT
CM Yogi, Amit Shah, Jp Nadda
X

सीएम योगी, अमित शाह, जे पी नड्डा (photo: social media )

HP Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है। राज्य में 12 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए आज चुनावी शोर थम जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस की ओर से पूरी ताकत झोंकने की तैयारी है। भाजपा की ओर से गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई रैलियों का आयोजन किया गया है। प्रचार के आखिरी दिन योगी आज हिमाचल प्रदेश में चार रैलियां करेंगे।

दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से हिमाचल प्रदेश में प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल रखा है। प्रियंका गांधी भी प्रचार के आखिरी दिन आज हिमाचल में रैली करेंगी। राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी चार जनसभाओं के जरिए भाजपा को जवाब देने की कोशिश करेंगे।

शाह और नड्डा करेंगे कई रैलियां

हिमाचल प्रदेश का विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की जंग बना हुआ है। राज्य की सत्ता पर कब्जा बनाए रखने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी राज्य में बदलाव के लिए पूरी ताकत लगा रखी है। प्रचार के आखिरी दिन आज भाजपा की ओर से कई बड़े चेहरे मोर्चा संभालेंगे। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह आज हिमाचल प्रदेश में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। वे आज दोपहर सुलह और पावंटा साहिब विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों के जरिए भाजपा के लिए मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश करेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज हिमाचल प्रदेश में तीन रैलियां करेंगे। वे फतेहपुर, घुमरावी और झूंडता विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों के जरिए कांग्रेस पर हमला बोलेंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी का भी आज हिमाचल में कई जनसभाओं का कार्यक्रम रखा गया है।

योगी की हिमाचल में आज चार रैलियां

हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ को भी उतारने की तैयारी है। योगी आदित्यनाथ आज पूरे दिन हिमाचल प्रदेश में सक्रिय रहेंगे और उनकी राज्य में धुआंधार चार रैलियां होंगी।

योगी की मंडी जिले में दो, कुल्लू में एक और ऊना जिले में एक रैली का कार्यक्रम रखा गया है। योगी की ये रैलियां सुबह साढ़े ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक होंगी। योगी पहले भी दूसरे राज्यों में भाजपा के चुनाव प्रचार में प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं।

प्रियंका संभालेंगी कांग्रेस का मोर्चा

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा से मजबूत मोर्चा लेने की तैयारी में जुटी हुई है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी की गैरहाजिरी में कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल रखा है। प्रियंका पार्टी की ओर से सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी।

कांग्रेस के चुनाव प्रचार में राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। सचिन पायलट आज हिमाचल में कांग्रेस की ओर से आयोजित चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

हिमाचल प्रदेश का चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सत्ता बदलती रही है मगर भाजपा ने इस परंपरा को तोड़ने के लिए इस बार पूरी ताकत लगा रखी है। दूसरी ओर कांग्रेस सत्ता में वापसी करके भाजपा को करारा झटका देने की कोशिश में जुटी हुई है

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story