×

Deputy CM Wife Died: इस राज्य के उपमुख्यमंत्री की पत्नी का निधन, केंद्रीय मंत्री ने जताया शोक

Deputy CM Wife Died: शुक्रवार को अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया जा रहा था।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Feb 2024 3:51 AM GMT
Deputy CM mukesh agnihotri wife Died
X

Deputy CM mukesh agnihotri wife Died  (photo:  social media )

Deputy CM Wife Died : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पत्रकार से राजनेता बने मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री का निधन हो गया। शुक्रवार को अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने आज तड़के एक्स पर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, अत्यंत दुःखी हृदय से सूचित कर रहे हैं कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री जी इस नश्वर संसार को छोड़, प्रभु के चरणों में विलीन हो गईं हैं। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए हमारे पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद स्थित निजी निवास आस्था कुंज में दोपहर 01:00 बजे तक रखा जाएगा। अंतिम संस्कार शनिवार 10 फ़रवरी दोपहर 02:00 बजे मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद (हरोली) में किया जाएगा।

पंजाब के कुराली में हुई मृत्यु

जानकारी के मुताबिक, डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री शुक्रवार को गोंदपुर जयचंद स्थित अपने निजी आवास पर ही थीं। वहीं, उनके पति डिप्टी सीएम सह वित्त मंत्री मुकेश अग्निहोत्री कैबिनेट बैठक में शामिल होने शिमला गए थे। बैठक से वापस लौटने के क्रम में उन्हें अचानक डॉ. सिम्मी की तबियत खराब होने की सूचना मिली। उनका अचानक ब्लड प्रेशर घटने लगा था। जिसके बाद उन्हें फौरन चंडीगढ़ के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में रात तकरीबन 12 बजे के आसपास पंजाब के कुराली में उनकी मृत्यु हो गई।

इसके बाद वापस उनके पार्थिव शरीर को हिमाचल प्रदेश स्थित उनके पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद लाया जा रहा है। डॉ. सिम्मी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कार्मिक प्रशासन विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। करीब तीन माह पहले उनकी एक पुस्तक का राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने विमोचन किया था। डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री की शैक्षणिक कार्यों के अलावा सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में भी रूचि थी। पति को चुनाव में सफलता मिलने के बाद उन्होंने हिमाचल के प्रसिद्ध तीन देवी मंदिरों की पैदल यात्रा की थी।

सीएम सुक्खू ने शोक प्रकट किया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी के निधन पर शोक प्रकट किया है। एक्स पर उन्होंने डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जी की धर्मपत्नी सिम्मी अग्निहोत्री जी के निधन की सूचना एक वज्रपात से कम नहीं है । इस दुःखद समाचार से मैं बहुत व्यथित हूँ । मैं भगवान से प्रार्थना करता हूँ कि वह दिवंगत आत्मा को स्वर्ग में स्थान दे व परिवार जनों और परिजनों को इस दारुण दुःख को सहने की शक्ति दें।

वहीं, हिमाचल प्रदेश से आने वाले कद्दावर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री के अकस्मात निधन की सूचना मिलने पर शोक प्रकट किया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story