×

Holi: होली के जश्न में डूबा पूरा देश, चारों ओर छाया उत्सव का रंग,पकवान खिलाकर लोगों ने एक-दूसरे को किया सराबोर

Holi Celebration: देशभर में होली धूमधाम से मनायी जा रही है। लोग गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 March 2024 9:48 AM IST (Updated on: 25 March 2024 10:23 AM IST)
Holi Celebration
X

Holi Celebration (Photo:Social Media)

Holi Celebration: पूरे देश में आज होली का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार की रात होलिका दहन के बाद ही देश के विभिन्न हिस्सों में लोग होली के जश्न में डूब गए। सुबह होने के साथ ही गांवों और मोहल्लों में ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ पूरा माहौल होलियाना हो गया।

फाग गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते उमंग से सराबोर बच्चों व उत्साही युवाओं ने होली के माहौल में रंग भर दिया। इस मौके पर जगह-जगह लोग गीत-संगीत के साथ नृत्य करते हुए दिखे। देश के प्रसिद्ध मंदिरों में इस दौरान विशेष पूजा की गई और लोगों ने भगवान का आशीर्वाद लिया। दुनिया के अन्य देशों में भी होली का रंग दिखा और भारतीय मूल के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ यह त्योहार मनाया।



रंगों से सराबोर करके खाया पकवान

होली के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे के साथ गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं और एक-दूसरे के घरों पर पकवानों का जमकर आनंद उठाया। सुबह से ही घरों में महिलाएं तरह-तरह के व्यंजन बनाने में जुटी हुई थीं। होली के त्योहार का इंतजार लोग केवल रंग खेलने के लिए ही नहीं बल्कि तमाम तरह के व्यंजन खाने के लिए भी किया करते हैं।

होली के मौके पर महिलाओं ने विशेष तौर पर गुझिया बनाई। बाजारों में भी मिठाई की दुकानों पर इस बार गुझिया की जमकर बिक्री हुई है। जानकारों का कहना है कि कोरोना कल के बाद अबकी बार होली में सबसे अधिक गुझिया की बिक्री हुई है। होली के मौके पर भारी डिमांड होने के कारण खोवा भी काफी महंगे रेट पर बिका।




इन शहरों में अच्छी होली की विशेष धूम

मथुरा- वृंदावन,काशी और अयोध्या में होली का अलग ही नजारा दिखा। काशी में जगह-जगह होली पर कलाकार फाग गाकर एक दूसरे को रंगों से सराबोर कर रहे थे। अयोध्या में रामलला के मंदिर में भी होली के मौके पर विशेष पूजा की गई। रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची है। होली के मौके पर देशभर से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए राम मंदिर पहुंचे हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ, उज्जैन में महाकाल और बैद्यनाथ में बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

अमेरिकी राजदूत भी होली के रंग में रंगे

भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गारसेटी भी होली के मौके पर काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने भी अपने खास अंदाज में होली का पर्व मनाया। गारसेटी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में इस बात की जानकारी भी दी है। उन्होंने बताया कि वे भारत में अपनी पहली होली अमेरिकी मेवों से बनी स्वादिष्ट गुझिया के साथ मना रहे हैं।

उन्होंने होली को परंपराओं का एक आनंददायक मिश्रण और अमेरिका-भारत दोस्ती का उत्सव बताया है। गारसेटी ने कहा कि मैंने लॉस एंजिल्स में होली समारोह मनाया है, लेकिन रंगों के त्योहार के लिए यहां भारत आने से बेहतर कुछ नहीं है।




पटनायक ने बनाई शानदार कलाकृति

ओडिशा में रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने होली के अवसर पर सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए पुरी में रेत से एक शानदार कलाकृति भी बनाई। अपनी कलाकृतियों के जरिए देश दुनिया में नाम कमाने वाले पटनायक ने रेत पर राधा-कृष्ण की कलाकृति बनाई और उसके नीचे लिखा होली की शुभकामनाएं। अपनी कलाकृति को शानदार लुक देने के लिए उन्होंने अलग-अलग रंगों का इस्तेमाल किया।

सियासी हस्तियों ने दीं होली की शुभकामनाएं

दुनिया के अन्य देशों में भी होली का उत्साह दिखा। विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों ने भी इस त्योहार को उमंग और उत्साह के साथ मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने होली पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि, सद्भाव और नई ऊर्जा की कामना की। सोशल मीडिया पोस्ट में शाह ने लिखा, 'सभी देशवासियों को रंग व हर्षोल्लास के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों का यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में समृद्धि व सद्भाव का रंग लाए और नई ऊर्जा के संचार का माध्यम बने।'


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी होली के मौके पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि होली के पर्व की आप सभी को अनंत शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार आपके जीवन में उल्लास, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार करे। हैप्पी होली!


अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में भी होली की धूम देखने को मिली। शहर के डुपोंट सर्किल पर लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली का त्योहार मनाया।



Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Hi! I am Snigdha Singh, leadership role in Newstrack. Leading the editorial desk team with ideation and news selection and also contributes with special articles and features as well. I started my journey in journalism in 2017 and has worked with leading publications such as Jagran, Hindustan and Rajasthan Patrika and served in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi during my journalistic pursuits.

Next Story