Election 2024: मोदी राज में इस तरह बदली तस्वीर, जानिए दो राज्यों के चुनाव नतीजों का कितना होगा सियासी असर?

Election 2024: ठीक चार साल बाद मार्च 2018 में देश के 21 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार थी। इन राज्यों में देश की करीब 71 प्रतिशत आबादी रहती है। ये वो समय था जब भाजपा का शासन आबादी के लिहाज से अपने चरम पर था। वहीं, चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार थी।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 8 Oct 2024 6:43 AM GMT
Election 2024 ( Pic-  Social- Media)
X

Election 2024 ( Pic-  Social- Media) 

Election 2024: जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आज यानी मंगलवार को आ रहे हैं। दोपहर तक तस्वीर पूरी तरह से साफ हो जाएगी कि किस पार्टी को कहां बहुमत मिलेगी और कहां कौन सरकार बनाएगा। यह सब आज तय हो जाएगा। वहीं इन दोनों राज्यों के नतीजे आने वाले दिनों में दो राज्यों महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनावों पर क्या प्रभाव डालेंगे यह भी देखना होगा। जहां भाजपा हरियाणा की सत्ता में पिछले दस साल से काबिज है तो वहीं, जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। अब इन दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम किसके पक्ष में जाएंगे यह अभी देखना होगा। लेकिन शुरुआत रूझानों में हरियाणा में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाती नजर आ रही है। वहीं जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलना तय दिख रहा है।

अगर हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के नतीजे भाजपा के पक्ष में आए तो पीएम मोदी और बीजेपी दोनों का कद और बढ़ेगा। वहीं अगर ये नतीजे कांग्रेस के पक्ष में जाते हैं तो कांग्रेस मजबूत होगी और दो राज्यों में होने वाले चुनाव में भी वह मजबूती के साथ बीजेपी को जोरदार टक्कर देगी।बीजेपी दस साल से केंद्र की सत्ता में अकेले ही शासन किया लेकिन 2024 में उसे गठबंधन की सरकार बनानी पड़ी क्योंकि बीजेपी को अकेले अपने दम पर बहुमत नहीं मिल पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता में आने के बाद देश के सियासी नक्शे में बदलाव तो किया ही साथ ही भाजपा की कई राज्यों में सरकार बनवाने में भी उनका बड़ा योगदान रहा है। मोदी सरकार बनने के समय देश के कितने राज्यों में भाजपा की सरकार थी और कहां-कहां कांग्रेस सत्ता में थी और कितने राज्यों में क्षेत्रीय दल सत्ता में थे। इस समय देश में कहां-कहां किसकी सरकार है और देश का सियासी नक्शा कैसा है?

...तो आइये जानते हैं यहां इन सबके बारे में...

कितनी आबादी है इन दोनों राज्यों की

इन दोनों राज्यों में कितनी आबादी है। पहले बात हरियाणा की करते हैं। यहां देश की कुल आबादी के दो प्रतिशत लोग रहते हैं। भाजपा यहां लगातार दो बार से जीतती आ रही है। इस बार यहां भाजपा और कांग्रेस में कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। वहीं, अगर जम्मू-कश्मीर की बात करे तो यहां देश की एक प्रतिशत आबादी निवास करती है। जम्मू-कश्मीर में दस साल बाद चुनाव हो रहे हैं। यहां की जनता किसको जनादेश देगी यह देखना होगा।

तब सात राज्यों में थीं भाजपा की सरकारें

2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी देश के नए प्रधानमंत्री बने। जब मोदी ने सत्ता संभाली थी तो उस समय सात राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें थीं। इनमें से पांच में भाजपा के मुख्यमंत्री थे, जबकि आंध्र प्रदेश और पंजाब में उसकी सहयोगी पार्टी सत्ता में थी। इन दो राज्यों में देश की कुल छह प्रतिशत से ज्यादा आबादी रहती है। वहीं बाकी पांच राज्यों छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा के मुख्यमंत्री थे। इन राज्यों में देश की कुल आबादी की 19 प्रतिशत से ज्यादा जनसंख्या है।

इसका मतलब यह है कि जब नरेंद्र मोदी ने देश की सत्ता संभाली तो उस समय करीब 26 फीसदी आबादी पर भाजपा और उसकी सहयोगी सरकारें चल रही थीं। उस समय 14 राज्यों में कांग्रेस और उसके सहयोगी पार्टियों की सरकार थी। कांग्रेस शासित इन राज्यों में देश की 37 प्रतिशत से ज्यादा आबादी रहती है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे बड़े राज्य शामिल थे।

2018 में अपने चरम पर पहुंची भाजपा

ठीक चार साल बाद मार्च 2018 में देश के 21 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार थी। इन राज्यों में देश की करीब 71 प्रतिशत आबादी रहती है। ये वो समय था जब भाजपा का शासन आबादी के लिहाज से अपने चरम पर था। वहीं, चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार थी। इन राज्यों में सात फीसदी आबादी रहती है।

2024 लोकसभा और चार राज्यों के चुनावों में क्या हुआ?

2024 के लोकसभा चुनावों के साथ ही चार राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा के चुनाव भी हुए थे। जहां बीजेपी अरुणाचल प्रदेश में अपनी सत्ता बरकरार रखने में सफल रही तो वहीं सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने खुद की सरकार बनाई। आंध्र प्रदेश में जीत के साथ एनडीए सरकार सत्ता पर काबिज हुई। वहीं ओडिशा में पहली बार भाजपा ने अपनी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इससे पहले दोनों राज्यों में गैर भाजपाई और गैर कांग्रेस सरकार थी।

इस साल और कहां-कहां होंगे विधानसभा के चुनाव?

इस साल हरियाणा और जम्मू कश्मीर के बाद अब महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव होंने हैं। अभी महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार में शामिल है। वहीं झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है।

अब बात कहां किसकी सरकार?

वर्तमान में 11 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। वहीं, सात राज्यों की सरकार में भाजपा हिस्सेदार है। तीन राज्यों में कांग्रेस के मुख्यमंत्री हैं, जबकि दो राज्यों में यह गठबंधन सरकारों का हिस्सा है। वहीं सात राज्य ऐसे भी हैं जहां अन्य दलों की सरकारें हैं। इनमें दो राज्यों पंजाब और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। वहीं पश्चिम बंगाल में टीएमसी और केरल में लेफ्ट गठबंधन की सरकार है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story