Kolkata Doctor Case: डॉक्टरों ने हड़ताल करके 12 लोगों को मार डाला, पप्पू यादव के विवादित बयान पर IMA का पलटवार

Kolkata Doctor Case: सांसद पप्पू यादव के इस बयान पर आईएमए ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। आईएमए की बिहार शाखा ने इस बयान की निंदा की है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 20 Aug 2024 7:12 AM GMT
Kolkata Doctor Case
X
पप्पू यादव (Pic: Social Media)

Kolkata Doctor Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले की गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ रही है। इस घटना पर नाराजगी जताने और सुरक्षा की मांग को लेकर देश के कई राज्यों में डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी है। पिछले आठ दिनों से चल रही हड़ताल के कारण देशभर में चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने डॉक्टरों की इस हड़ताल को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसे लेकर विवाद पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने हड़ताल करके 12 लोगों को मार डाला है। डॉक्टरों को इस बात का जवाब देना चाहिए कि आखिरकार इस नरसंहार का जिम्मेदार कौन है?

पप्पू यादव ने हड़ताल पर खड़े किए सवाल

डॉक्टरों की हड़ताल का बिहार में भी व्यापक का असर दिख रहा है। पटना के चारों बड़े अस्पतालों एम्स पटना, आईजीआइएमएस, पीएमसीएच-एनएमसीएच के डॉक्टर पिछले एक हफ्ते से हड़ताल पर हैं। राज्य के अधिकांश अस्पतालों में डॉक्टरों की हड़ताल के कारण मरीज बेहाल हैं। पिछले एक हफ्ते से ओपीडी सेवा ठप होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है।

डॉक्टरों की इस हड़ताल को लेकर सांसद पप्पू यादव ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की हड़ताल के कारण लोगों की जान जा रही है। डॉक्टरों ने हड़ताल करके 12 लोगों को मार डाला। कोलकाता की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि यदि कोलकाता के दुष्कर्म मामले में डॉक्टर शामिल पाए गए तो क्या डॉक्टर इस रेप की जिम्मेदारी लेंगे? उन्होंने कहा कि दुष्कर्म की जिन घटनाओं में डॉक्टर लिप्त पाए जाते हैं,वहां डॉक्टर समाज को सांप क्यों सूंघ जाता है?

पप्पू यादव के बयान पर भड़का आईएमए

सांसद पप्पू यादव के इस बयान पर आईएमए ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। आईएमए की बिहार शाखा ने इस बयान की निंदा की है। आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह व संयोजक डॉ.अजय कुमार ने कहा कि अगर कोलकाता के सामूहिक दुष्कर्म में डॉक्टर दोषी पाए गए तो आंदोलन कर रहे डॉक्टर इसकी जिम्मेदारी लेंगे। डॉ अजय कुमार ने कहा कि पप्पू यादव को अपने इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो आईएमए की ओर से उनके खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

इन मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं डॉक्टर

कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में डॉक्टर हत्यारे के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हत्यारे को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। इसके साथ ही डॉक्टरों की यह भी मांग है कि विभिन्न अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं को बहाल किया जाए और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। कोलकाता की घटना का असर पूरे देश में दिख रहा है। डॉक्टरों की हड़ताल के कारण चिकित्सा व्यवस्था ठप होने से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story