×

केजरी के MLA के घर IT का छापा, मिली 130 करोड़ की बेनामी संपत्ति

By
Published on: 9 Aug 2016 6:24 PM GMT
केजरी के MLA के घर IT का छापा, मिली 130 करोड़ की बेनामी संपत्ति
X

नई दिल्लीः दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए ये खबर किसी झटके से कम नहीं है। छतरपुर से उनकी आम आदमी पार्टी के एमएलए करतार सिंह तंवर के घर इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा। छापे से पता चला कि करतार के पास 130 करोड़ की बेनामी संपत्ति है। उनकी 20 कंपनियों का पता भी इस छापे से चला। करतार के घर से मिली इस बेनामी संपत्ति के मामले में फिलहाल आम आदमी पार्टी की ओर से कुछ नहीं कहा गया है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल आजकल हिमाचल प्रदेश में विपश्यना कर रहे हैं।

क्या है मामला?

करतार सिंह तंवर के घर, ऑफिस और फार्महाउस के अलावा 11 ठिकानों पर 100 से ज्यादा इनकम टैक्स अफसरों ने छापा मारा था। इसमें पता चला कि करतार की 20 कंपनियां हैं। इन कंपनियों में टैक्स और स्टाम्प ड्यूटी चोरी का भी पता चला। तंवर और उनके भाई से 1 करोड़ नकद के अलावा जेवरात भी बरामद हुए। कुल मिलाकर 130 करोड़ की संपत्ति बेनामी मिली। इसकी कोई जानकारी भी इनकम टैक्स अफसरों को करतार सिंह नहीं दे सके। माना जा रहा है कि इस खुलासे के बाद अब बीजेपी फिर से केजरीवाल पर भ्रष्टाचारियों को शह देने के का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोलेगी।

कौन हैं करतार सिंह तंवर?

करतार सिंह तंवर ने सरकारी नौकरी से वीआरएस लेने के बाद प्रॉपर्टी का काम शुरु किया था। एक शिकायत में कहा गया था कि इसमें उन्होंने करोड़ों रुपए कमाए। आम आदमी पार्टी में जाने से पहले तंवर बीजेपी के पार्षद थे। 2014 में वह केजरीवाल की पार्टी में शामिल हुए और छतरपुर से एमएलए चुने गए। सूत्रों के मुताबिक, तंवर ने हाल ही में घिटोरनी गांव में एक फार्म हाउस खरीदा था। इसका पूरा पैसा नकद दिया गया था। तभी इनकम टैक्स में शिकायत की गई थी। कई और मामलों में भी करतार सिंह तंवर ने न स्टांप ड्यूटी चुकाई और न ही रजिस्ट्रेशन फीस दी। लोन भी उन्होंने नहीं लिया।

Next Story