×

BBC के मुंबई दफ्तर से 55 घंटे बाद निकले IT अधिकारी, कई दस्तावेज-हार्ड ड्राइव जब्त...दिल्ली में सर्वे जारी

IT Raid at BBC Office: आयकर विभाग ने बीबीसी के मुंबई दफ्तर से कई दस्तावेज, पेन ड्राइव और हार्ड ड्राइव जब्त किए हैं। दिल्ली ऑफिस में अभी भी कार्रवाई जारी है।

aman
Written By aman
Published on: 16 Feb 2023 4:29 PM GMT (Updated on: 16 Feb 2023 4:30 PM GMT)
BBC News:
X

BBC (Social Media)

IT Survey at BBC Offices: ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के मुंबई दफ्तर में करीब 55 घंटे बाद आयकर विभाग (IT Department) का सर्वे खत्म हुआ। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के 6 कर्मचारी मुंबई के कलिना स्थित बीबीसी दफ्तर (BBC Office) से बाहर जा चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि, आयकर विभाग के कर्मचारी बीबीसी ऑफिस से अपने साथ कई दस्तावेज, पेन ड्राइव और हार्ड ड्राइव जब्त कर ले गए हैं।

जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की एक टीम बैलार्ड एस्टेट स्थित सिंधिया हाउस (Scindia House at Ballard Estate) स्थित मुख्यालय के लिए रवाना हुई। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीबीसी दफ्तर में कार्रवाई अभी भी जारी है। बता दें, बीते तीन दिनों से बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों पर आईटी विभाग का सर्वे किया जा रहा था। आईटी डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने 14 फरवरी की सुबह अचानक बीबीसी के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पहुंच छापा मारा था। तब से कार्रवाई जारी थी।

सर्वे के दौरान बीबीसी कर्मियों के फोन जब्त

आयकर विभाग के सर्वे से बीबीसी दफ्तर के कर्मचारी हैरान रह गए। वो कुछ समझ पाते इससे पहले आयकर विभाग के अधिकारियों ने बीबीसी के कुछ कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए। सर्वे के दौरान कुछ कर्मचारी आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ ही रहे। 55 घंटे से वो भी सर्वे कार्य में मदद दे रहे थे। हालांकि, सियासी हलकों में बवाल मचा रहा।

सर्वे से सियासी हलचल तेज, कांग्रेस हमलावर

बीबीसी दफ्तर में छापेमारी के बाद देश के राजनीतिक दलों की तरफ से प्रतिक्रिया आने लगी थी। कांग्रेस पार्टी ने इस छापेमारी को गुजरात दंगा पर बने डॉक्यूमेंट्री से जोड़कर, बदले की कार्रवाई बताया। पार्टी ने कहा, 'मोदी सरकार बदले की कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस ने आगे कहा, जिस बीबीसी पर नरेंद्र मोदी कभी भरोसा करते थे, अब वही खराब हो गया।'

'मोदी सरकार की तानाशाही है'

कांग्रेस नेता और पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा (Pawan Khera) ने कहा, 'जैसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा होती है।वैसे ही प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), आयकर विभाग (IT) की भी अलग-अलग देशों में शाखा बना देनी चाहिए। इन्होंने देश का मजाक बना दिया है। दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बीबीसी पर आयकर विभाग के सर्वे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि, 'ये मोदी सरकार की तानाशाही है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story