Independence Day: इस बार मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे नरेंद्र मोदी, लगातार 11वीं बार लाल किले पर फहराएंगे तिरंगा

Independence Day 2024: पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे। डॉ मनमोहन सिंह ने 10 बार लाल किले पर झंडा फहराया था।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 13 Aug 2024 4:28 AM GMT (Updated on: 13 Aug 2024 5:01 AM GMT)
Independence Day: इस बार मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे नरेंद्र मोदी, लगातार 11वीं बार लाल किले पर फहराएंगे तिरंगा
X

PM Modi (photo: social media )

Independence Day 2024: देश में 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। राजधानी दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और रिहर्सल का काम जोरों पर चल रहा है। इस बार 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 11वीं बार लालकिले पर तिरंगा फहराएंगे।

इसके साथ ही पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे। डॉ मनमोहन सिंह ने 10 बार लाल किले पर झंडा फहराया था। प्रधानमंत्री के रूप में लालकिले पर सबसे ज्यादा बार झंडा फहराने का रिकॉर्ड देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर दर्ज है जिन्होंने लगातार 17 बार झंडा फहराने के बाद लालकिले से देशवासियों को संबोधित किया था।

मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे पीएम मोदी

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने 2004 से 2013 तक लगातार 10 बार लाल किले पर झंडा फहराया था। 2014 के लोकसभा चुनाव में देश में बड़ा सियासी बदलाव हुआ था और नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एनडीए की सरकार बनी थी। 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तिरंगा फहराने के बाद लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते रहे हैं।

देश में हाल में हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए को जीत मिलने के बाद मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देश की सत्ता संभाली है। इस बार वे लगातार 11वीं बार लाल किले पर झंडा फहराने के बाद देश को संबोधित करेंगे।

पंडित नेहरू ने सबसे ज्यादा 17 बार फहराया तिरंगा

लाल किले पर सबसे ज्यादा बार झंडा फहराने का रिकॉर्ड देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज है। उन्होंने लगातार 17 बार लाल किले पर तिरंगा फहराया था। पंडित नेहरू ने 1947 से 1963 तक लगातार लाल किले पर झंडा फहराया।

पंडित नेहरू के बाद उनकी पुत्री और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 16 बार लाल किले पर झंडा फहराया था। इंदिरा गांधी ने 1966 से 1976 तक और फिर 1980 से 1984 तक कुल 16 बार लाल किले पर झंडा फहराने के बाद देश को संबोधित किया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 11वीं बार लाल किले पर झंडा फहराकर तीसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे।

18 हजार मेहमान होंगे आकर्षण का केंद्र

इस बार लाल किला परिसर में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को अलग रूप देने की कोशिश की गई है। इस बार 11 श्रेणियों में 18 हजार मेहमानों को इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रण भेजा गया है और ये मेहमान स्वाधीनता दिवस पर आकर्षण का केंद्र होंगे। उल्लेखनीय बात है कि इनमें से चार हजार मेहमान महिला, किसान, युवा और गरीब वर्ग से जुड़े हुए होंगे। देश में जातिगत जनगणना को लेकर लोकसभा चुनाव के पहले से ही खींचतान मची हुई है। प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव के समय से ही देश में चार जातियां होने की बात दोहराते रहे हैं। उन्होंने महिला, किसान, युवा और गरीब वर्ग को ही देश की चार जाति बताया था।

पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को भी इस बार स्वाधीनता दिवस के कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। पेरिस ओलंपिक में भारत ने छह मेडल जीते थे मगर ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ी इस बार स्वाधीनता दिवस पर आकर्षण का केंद्र होंगे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story