पंजाब में AAP और Congress हाथ मिलाने को तैयार नहीं, राज्य में INDIA गठबंधन फेल, दोनों दलों का सभी सीटों पर लड़ने का ऐलान

AAP vs Congress: पंजाब में तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच जबर्दस्त खींचतान चल रही है। पंजाब कांग्रेस राज्य में गठबंधन करने को तैयार नहीं है तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी में भी अपने पत्ते खोल दिए हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 Sep 2023 6:50 AM GMT
AAP vs Congress,  aap vs congress in Punjab , INDIA alliance
X

आप vs कांग्रेस (फोटो: सोशल मीडिया )

AAP vs Congress: विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की हाल में हुई मुंबई बैठक के बाद भले ही विभिन्न दलों के नेताओं की ओर से एकजुटता का बड़ा दावा किया जा रहा हो मगर हकीकत में यह दावा खोखला साबित होता दिख रहा है। कई राज्यों में विपक्षी दलों के बीच खींचतान की स्थिति दिख रही है और ऐसे में लोकसभा चुनाव के दौरान सीटों का बंटवारा काफी मुश्किल माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में सहयोगी दल अपनी दावेदारी छोड़ने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।

पंजाब में तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच जबर्दस्त खींचतान चल रही है। पंजाब कांग्रेस राज्य में गठबंधन करने को तैयार नहीं है तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी में भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवान सिंह मान ने साफ कर दिया है कि हम पंजाब में अकेले लड़ना और अकेले जीतना जानते हैं। मुख्यमंत्री मान के इस बयान से साफ हो गया है कि पंजाब में आप अपनी मजबूत दावेदारी को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।

मान बोले: हमें अकेले लड़कर जीतना आता है

मुख्यमंत्री मान ने आप को पंजाब में बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजे को देखा जाए तो आप की ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है। विधानसभा चुनाव के दौरान आप ने अकेले चुनाव लड़ा था और इस चुनाव के दौरान पार्टी ने बड़ी जीत हासिल करते हुए 92 सीटों पर कब्जा कर लिया था।

उन्होंने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में आप तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब रही है। गुजरात में भी आप ने ताकत दिखाई थी और आप ने अपने दम पर चुनाव लड़ते हुए 13 फ़ीसदी वोट हासिल किए थे।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे युवा पार्टी होने के बावजूद हम बहुत जल्द राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पाने में कामयाब रहे हैं। हमें अकेले लड़कर चुनाव जीतना आता है। हम अपने दम पर सरकार बनाना और सरकारों को चलाना अच्छी तरह जानते हैं।

कांग्रेस का भी सभी सीटों पर लड़ने का ऐलान

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों शामिल हैं। अभी हाल में इंडिया गठबंधन की मुंबई में हुई बैठक में दोनों दलों के नेता मौजूद थे और इस बैठक के दौरान एकजुटता का इजहार किया गया था मगर पंजाब में दोनों दलों के बीच घमासान छिड़ता नजर आ रहा है। यहां एक ओर आम आदमी पार्टी राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए कमर कसती हुई नजर आ रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस ने भी राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि हमारी पार्टी राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश इकाई को इस बात का पूरा भरोसा है कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व हमें विश्वास में लिए बिना राज्य की सीटों के संबंध में कोई फैसला नहीं लगा। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से हमें राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनावी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।

पंजाब में आप चुनावी समझौते के लिए तैयार नहीं

दूसरी ओर आप नेता अनमोल गगन मान ने भी साफ कर दिया है कि पंजाब में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की रक्षा करने और बीजेपी से लड़ने के लिए विपक्षी दलों ने एक मोर्चा छरूर बनाया है मगर पंजाब के मतदाताओं के प्रति हमारी अलग जिम्मेदारियां हैं। इसलिए पंजाब में कांग्रेस के साथ किसी भी प्रकार का चुनावी समझौता नहीं किया जाएगा।

दरअसल पंजाब में आम आदमी पार्टी को मजबूत माना जाता है और पार्टी लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी दावेदारी छोड़ने को तैयार नहीं दिख रही है। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी तीखे तेवर दिखाते हुए आप के साथ किसी भी समझौते से इनकार कर दिया है। ऐसे में विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया पंजाब में फेल होता हुआ नजर आ रहा है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story