केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ INDI गठबंधन करेगी मेगा रैली, 31 मार्च को रामलीला मैदान में जुटेंगे विपक्षी नेता

INDIA Alliance: केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध जताने के लिए इंडिया गठबंधन की ओर से 31 मार्च को मेगा रैली किए जाने का ऐलान किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 March 2024 8:36 AM GMT (Updated on: 24 March 2024 8:56 AM GMT)
INDIA Alliance
X

31 मार्च को इंडिया गठबंधन की होगी मेगा रैली (Social Media)

INDIA Alliance: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्षी दलों ने कमर कस ली है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध जताने के लिए इंडिया गठबंधन की ओर से 31 मार्च को मेगा रैली किए जाने का ऐलान किया गया है।

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में इस रैली का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से आज आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मेगा रैली का ऐलान किया गया। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दलों का गुस्सा भड़क उठा है और उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी से लोगों में गुस्सा

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के ओर से आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तानाशाही रवैया अपना रखा है और वे लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बताया।

दोनों पार्टियों के नेताओं ने कहा कि यह मामला सिर्फ अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का नहीं है। केजरीवाल की गिरफ्तारी से देश के संविधान और लोकतंत्र के प्रति मोहब्बत का भाव रखने वाले लोगों में भारी गुस्सा दिख रहा है।

विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमे

विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके सभी विपक्षी दलों को एक-एक करके खत्म करने की साजिश में जुटे हुए हैं। फर्जी मुकदमों के जरिए विपक्षी नेताओं के गिरफ्तारी की साजिश रची जा रही है। पश्चिम बंगाल से लेकर बिहार तक विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर उन्हें चुप करने की कोशिश की जा रही है। विपक्षी नेताओं ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाया।

आप और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद राजधानी दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में प्रदर्शन के जरिए लोग अपना विरोध है जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन का यह सिलसिला थमने वाला नहीं है और विपक्षी कार्यकर्ताओं की ओर से आगे भी प्रदर्शन का दौर जारी रहेगा।

रामलीला मैदान से देंगे देश को संदेश

विपक्षी नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ 31 मार्च को दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में मेगा रैली करने का भी ऐलान किया। आप नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय भी रामलीला मैदान से हुआ है। इसलिए रामलीला मैदान में मेगा रैली करने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए इंडिया गठबंधन के नेता देश और दुनिया को संदेश देने का काम करेंगे।

लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश

आप नेता गोपाल राय ने कहा कि आज पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। लोगों को चलने की आजादी नहीं दी जा रही है। इसके खिलाफ हमने आवाज उठाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खातों को फ्रीज कर दिया गया है। वह चुनाव प्रचार नहीं कर सकती। वे विपक्ष को कुचलना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले ईडी, सीबीआई और आईटी की रेड मारकर विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं। अगर विपक्ष को ही सही से मौका नहीं मिलेगा, तो यह फेयर चुनाव कैसे हुआ? इसका मतलब साफ है कि लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।

मेगा रैली के जरिए दिखाएंगे ताकत

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने भी कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण आज देश के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसके खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ रहे हैं। मोदी सरकार की ओर से सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है। इसके खिलाफ हम 31 मार्च को आयोजित मेगा रैली में अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story