×

Indian Billionaries: 2023 में तेजी से नेटवर्थ गंवा रहे भारतीय उद्योगपति, सूची में इस दिग्गज धनकुबेर की भी हुई एंट्री

Indian Billionaries: दुनियाभर में अपना डंका बजाने वाले गौतम अडानी और मुकेश अंबानी की कंपनियों के शेयर लगातार गिर रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Feb 2023 4:36 AM GMT (Updated on: 28 Feb 2023 5:00 AM GMT)
Indian Billionaries
X

Indian Billionaries (Photo: Social Media)

Indian Billionaries: साल 2023 भारत के दिग्गज उद्योगपतियों को रास नहीं आ रहा। शुरूआत के दो महीने के भीतर देश के नामचीन बिजनेस समूहों की संपत्ति में भारी गिरावट आ चुकी है। भारी भरकम नेटवर्थ के साथ दुनियाभर में अपना डंका बजाने वाले गौतम अडानी और मुकेश अंबानी की कंपनियों के शेयर लगातार गिर रहे हैं। कभी दुनिया के शीर्ष रईस व्यक्तियों में शामिल ये भारतीय उद्योगपति अब काफी पीछे रह गए हैं। अडानी-अंबानी के बाद इस सूची में एक और दिग्गज भारतीय धनकुबेर की एंट्री हुई है।

डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी

दिग्गज अरबपति कारोबारी और डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी की गिनती देश के मशहूर उद्योगपतियों में की जाती है। पिछले कुछ सालों में जिस तरह उनकी संपत्ति में इजाफा हुआ है, उसने लोगों को उनकी ओर आकर्षित किया। दमानी को भी इस साल भारी घाटा उठाना पड़ा है। उनके नेटवर्थ में भारी गिरावट देखने को मिली है। इस तरह वह तीसरे भारतीय बिजनेसमैन बन गए हैं, जिनकी संपत्ति में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली है।

नेटवर्थ में आई 22 हजार करोड़ से अधिक की कमी

गौतम अडानी और मुकेश अंबानी के बाद साल 2023 में दौलत गंवाने वालों में तीसरे नंबर पर दिग्गज निवेशक और डी-मार्ट के संस्थापक राधाकिशन दमानी हैं। 1 जनवरी 2023 से अब तक दमानी के नेटवर्थ में 2.67 बिलियन डॉलर यानी 22,143 करोड़ रूपये की कमी आई है। 16.7 बिलियन डॉलर के नेटवर्थ के साथ वह दुनिया के अरबपतियों की सूची में 97वें स्थान पर हैं। दमानी को शेयर बाजार के बिग बुल कहे जाने वाले दिवंगत उद्योगपति राकेश झुनझुनवाला का गुरू भी कहा जाता है।

गौतम अडानी ने गंवाई सबसे अधिक दौलत

एशिया के सबसे अमीर और दुनिया के टॉप 3 रईस लोगों की सूची में जगह बनाने वाले अडानी समूह के मालिक गौतम अडानी के लिए 2023 की शुरूआत काफी खराब रही। अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग के खुलासे ने उनके साम्राज्य को हिला कर रख दिया और वो अब तक उससे उबर नहीं पाई है। 2022 में सबसे अधिक कमाई करने वाले अडानी 2023 में गंवाने वालों में टॉप पर हैं। वो अब तक 80.6 अरब डॉलर का नुकसान उठा चुके हैं। बिलेनियर इंडेक्स में भी वह लुढ़क कर 30वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

मुकेश अंबानी को भी हुआ तगड़ा नुकसान

रिलायंस समूह के चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी के लिए भी यह साल ठीक नहीं रहा। गौतम अडानी को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर शख्स बने अंबानी को 5.38 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस तरह सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वालों में अडानी के बाद वो दूसरे स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, उनकी नेटवर्थ 81.7 बिलियन डॉलर है और वे रईस लोगों की सूची में 10वें पायदान पर हैं।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story