×

हाइजैक एमवी लीला नॉरफ़ॉक में सवार सभी 15 भारतीयों का रेस्क्यू, नेवी कमांडो का सोमालिया में सफल ऑपरेशन

MV Lila Norfolk Hijacked News: सोमालिया तट के पास हाईजैक हुए एमवी लीला नॉरफ़ॉक जहाज पर भारतीय नौसेना का ऑपरेशन सफल रहा। कमांडो ने 15 भारतीयों का रेस्क्यू किया। जहाज को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है।

aman
Report aman
Published on: 5 Jan 2024 1:51 PM GMT (Updated on: 5 Jan 2024 3:33 PM GMT)
MV Lila Norfolk Hijacked News
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

MV Lila Norfolk Hijacked News: सोमालिया (Somalia) के पास हाइजैक एमवी लीला नॉरफॉक जहाज (MV Lila Norfolk) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जहाज पर सवार भारतीय दल सुरक्षित हैं। सोमालिया के पास हाइजैक हुए एमवी लीला नॉरफॉक जहाज में सवार सभी 15 भारतीयों को बचा लिया गया है। इसके अलावा, भारतीय नौसेना ने 6 क्रू मेंबर का भी रेस्क्यू किया है।

इस जहाज को सोमालिया तट के पास अगवा किया गया था। जहाज पर लाइबेरिया का झंडा लगा है। भारतीय नौसेना Indian Navy) के विमान जहाज पर लगातार नजर बनाए हुए थी। क्रू मेंबर के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा था।

मरीन कमांडो ने चलाया सफल ऑपरेशन

सोमालिया कोस्ट (Somalia Coast) के पास हाईजैक हुए एमवी लीला नॉरफ़ॉक जहाज के करीब भारतीय नौसेना का आईएनएस चेन्नई (INS Chennai) पहुंच चुका है। नौसेना ने हेलीकॉप्टर उतारकर समुद्री लुटेरों को चेतावनी देते हुए नॉरफ़ॉक छोड़ने को कहा। सेना अधिकारियों के हवाले से बताया गया था कि, हाईजैक जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। आख़िरकार मरीन कमांडो ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। कमांडो जहाज पर उतर हाइजैक जहाज और सभी 15 भारतीयों को छुड़ाने में सफल रहा।

5-6 हथियारबंद लोग सवार होने के संकेत

जहाज में मौजूद लोगों ने बातचीत में 5 से 6 अज्ञात हथियारबंद लोगों के सवार होने के संकेत दिए थे। नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि, 'भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय साझेदारों तथा मित्र देशों के साथ इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।'

समुद्री लुटेरों को जहाज छोड़ने की चेतावनी

इंडिया टुडे ने सैन्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि, 'भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस चेन्नई सोमालिया तट के पास अपहृत जहाज एमवी लीला नोरफोक के पास पहुंच गया है। भारतीय युद्धपोत (Indian warship) ने अपना हेलीकॉप्टर भी जहाज पर उतार दिया है। समुद्री लुटेरों को हाईजैक किए जहाज को छोड़ने के लिए चेतावनी दी है।

हाईजैक की सूचना के बाद से हलचल तेज

गौरतलब है कि, सोमालिया के पास एक जहाज को हाइजैक की सूचना मिली थी। इसमें 15 भारतीय क्रू मेंबर सवार हैं। इस जहाज का नाम 'एमवी लीला नॉरफ़ॉक' है। जहाज को सोमालिया की समुद्री सीमा के पास हाइजैक किया गया है। अगवा होने की जानकारी मिलने के बाद भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई थी। नौसेना ने अपना एक युद्धपोत INS चेन्नई रवाना कर दिया था। इस बाबत नौसेना ने बताया कि, 'हम किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार हैं।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story