×

आईटी सर्वे पर बीबीसी का आया रिएक्शन, कंपनी पर IT Raid था या IT Survey, जानें क्या है अंतर?

BBC IT Survey: बीबीसी ने अपने दिल्ली और मुंबई दफ्तरों में आयकर सर्वे पर कहा है, कि 'हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यह स्थिति जल्द से जल्द हल हो जाएगी।'

aman
Written By aman
Published on: 14 Feb 2023 10:34 AM GMT (Updated on: 14 Feb 2023 10:44 AM GMT)
BBC IT Survey
X

BBC IT Survey (Social Media)

BBC IT Survey: इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (IT Department) ने टैक्स चोरी के आरोप में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कंपनी (BBC) के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर में मंगलवार (14 फरवरी) को सर्वे किया। पहले इसे आयकर विभाग का छापा बताया गया था। अब इस मामले पर बीबीसी की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। BBC ने अपने दिल्ली-मुंबई दफ्तर पर आयकर सर्वे के बीच ट्वीट किया। कंपनी का कहना है 'हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यह स्थिति जल्द से जल्द हल हो जाएगी।'

ख़बरों की मानें तो बीबीसी के वित्त विभाग (BBC Finance Department) में अकाउंट के कुछ दस्तावेजों की पुष्टि की जा रही है। बीबीसी दिल्ली का ऑफिस कस्तूरबा गांधी मार्ग (केजी मार्ग) पर स्थित है। जांच के दौरान दफ्तर में मौजूद सभी कर्मियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए। अकाउंट विभाग में रखे कम्प्यूटर को भी स्कैन किया गया है। इस कार्रवाई के बाद बीबीसी ने दोपहर की शिफ्ट में आने वाले कर्मचारियों को दफ्तर आने से रोक दिया है। उन्हें वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है। दरअसल, बीबीसी ने गुजरात दंगों और पीएम नरेंद्र मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री 'इंडिया: द मोदी क्वेश्चन' (India: The Modi Question) रिलीज करने के कुछ सप्ताह बाद ही आईटी सर्वे किया है। दोनों मामलों को जोड़कर देखा जा रहा है।

'इनकम टैक्स सर्वे' और 'आयकर छापा' में उलझी मीडिया

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने समाचार समूह बीबीसी के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर ‘सर्वे’ को अंजाम दिया। मगर, आम लोग सहित मीडिया भी जहां इसे आईटी रेड समझ रहे थे, तभी जानकारी आई कि नहीं ये ‘आयकर सर्वे’ है। दरअसल, 'आयकर छापा’ (IT Raid) को आयकर सर्वेक्षण (IT Survey) का अर्थ अलग-अलग है। इनमें काफी अंतर है। चलिए इसे हम समझाते हैं। इनकम टैक्स एक्ट (Income Tax Act) में इंग्लिश में 'Raid' जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं होता है। बल्कि, यहां दो अलग-अलग शब्द ‘Searches’और ‘Survey’ को परिभाषित किया गया है।

जानें क्या होता है 'आईटी सर्वे' (IT Survey)?

इनकम टैक्स कानून (income tax law) के अनुसार, जब विभागीय अधिकारी किसी अघोषित आय (undisclosed income) या छिपी संपत्ति को उजागर करने की कार्रवाई करते हैं, तो उसे आयकर सर्वे कहा जाता है। इस कार्रवाई का पूरा मकसद सूचनाओं का संग्रह करना होता है। इतना ही नहीं, आयकर सर्वे ये देखने के लिए भी किया जा सकता है कि संबंधित शख्स या बिजनेस ने अपने बही-खातों को सही तरह से मेंटेन किया है कि नहीं। इनकम टैक्स ऑफिसर आईटी एक्ट-1961 की धारा-133A के तहत 'आयकर सर्वे' को अंजाम देते हैं। इसे कानून में 1964 में जोड़ा गया था। समय-समय पर इसमें कुछ संशोधन होते रहे। वित्त विधेयक-2002 के माध्यम से संशोधन किए गए थे। इस संशोधन के बाद अब कर अधिकारी 'आयकर सर्वे' के दौरान बही खातों और दस्तावेजों की जब्ती भी कर सकते हैं। लेकिन, इसके लिए उन्हें सही कारण की जानकारी देना अनिवार्य होता है।

क्या होता है 'IT Searches' ?

इनकम टैक्स कानून (IT Law) का सेक्शन-132 'आयकर छापा' (Income Tax Raid) को बताता है। आम लोग बोलचाल में इसे ही आईटी रेड (IT Raid) समझते हैं। जिसके तहत इनकम टैक्स अधिकारी 'आयकर छापा' अमूमन कर चोरी के मामलों में मारते हैं। आयकर छापा के तहत किसी व्यक्ति या बिजनेस के भवन, घर या किसी भी तरह के परिसर पर कार्रवाई की जा सकती है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story