×

Jabalpur Hospital Fire: जबलपुर के निजी अस्पताल में लगी भीषण आग, अब तक 10 की मौत, सीएम शिवराज ने किया मुआवजे का ऐलान

Jabalpur Hospital Fire: सबसे अधिक जनहानि अस्पताल के दूसरे मंजिल पर होने की खबर है। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए दमकल विभाग की टीम रवाना हो गई। वरीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 1 Aug 2022 11:08 AM GMT (Updated on: 1 Aug 2022 12:10 PM GMT)
Jabalpur Hospital fire
X

Jabalpur Hospital fire (Image: Social Media)

Jabalpur Hospital Fire: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 10 की मौत और 13 लोगों के गंभीर रूप से जख्मी होने की सूचना है। प्रवेश द्वार पर आग लगने के कारण अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए। सबसे अधिक जनहानि अस्पताल के दूसरे मंजिल पर होने की खबर है। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए दमकल विभाग की टीम रवाना हो गई। वरीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं।

आग जैसे ही लगी अस्पताल में हड़कंप मच गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। निकलने का एक ही गेट होने के कारण लोग अंदर फंस गए। देखते ही देखते आग ने पूरे अस्पताल को अपने आगोश में ले लिया। ऊपरी मंजिल पर मौजूद कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी, जिसके कारण उन्हें चोटें भी आईं। अस्पताल की आग इतनी भयानक थी कि दमकल विभाग की टीम उस पर काबू नहीं कर पा रही थी।

फिर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पॉवर सप्लाई का कनेक्शन काटा, इसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। तबतक काफी कुछ नुकसान हो चुका था। जानकारी के मुताबिक, मृतकों में अधिकतर अस्पताल के कर्मियों की है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को अन्य अस्पतालों में एडमिट करवाया जा रहा है। जबलपुर के सिटी एसपी ने हादसे में चार लोगों के मरने और तीन लोगों के गंभीर रूप से जख्मी होने की पुष्टि की है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक और लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए शहर के अन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं अन्य मृतकों की भी शिनाख्त की जा रही है।

सीएम शिवराज ने घटना पर जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख प्रकट करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, जबलपुर के न्यू लाइफ अस्पताल में आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति। वहीं प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि घटना की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे के शिकार मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। सीएम ने ट्वीट कर कहा, दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें,मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जायेगी।घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।

Rakesh Mishra

Rakesh Mishra

Next Story