J&K Election 2024 : बीजेपी ने 29 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की, देविंदर सिंह राणा को नगरोटा से मैदान में उतारा

Jammu and Kashmir Election 2024 : जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 29 प्रत्याशियों की अपनी तीसरी सूची जारी की है।

Rajnish Verma
Published on: 27 Aug 2024 10:54 AM GMT (Updated on: 27 Aug 2024 12:28 PM GMT)
J&K Election 2024 : बीजेपी ने 29 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की, देविंदर सिंह राणा को नगरोटा से मैदान में उतारा
X

सांकेतिक तस्वीर (Pic - Social Media)

Jammu Kashmir Election 2024 : जम्मू और कश्मीर में विधानसभा चुनाव का ऐलान के बाद से सियासत तेज हो गई है। राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर रहे हैं। इस कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है, इस सूची में 29 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। बीजेपी नेता देविंदर सिंह राणा को नगरोटा से मैदान में उतारा गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तीसरी सूची में दूसरे चरण के 10 और तीसरे चरण के 19 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इससे पहले दो सूची और जारी हो चुकी हैं, पहली सूची में 15 और दूसरी सूची में एक उम्मीदवार का नाम शामिल था। बीजेपी ने अब तक कुल 45 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। बता दें कि सबसे पहले बीजेपी 44 उम्मीदवारों की सूची का ऐलान किया था, लेकिन विरोध के बाद वापस ले लिया था।

इस सीट से बदला उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी सूची में श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा के उम्मीदवार को बदल दिया है। इसे सीट से पहले रोहित दुबे को टिकट दिया गया था, हालांकि अब बलदेव राज शर्मा को मैदान में उतारा है। बीजेपी की ओर से जारी की गई सूची से अब तक कई प्रमुख नेताओं के नाम गायब है। इनमें डॉ. निर्मल सिंह और कविंद्र गुप्ता जैसे दिग्गज नेताओं के नाम नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या बीजेपी इन नेताओं को टिकट देकर विधानसभा भेजेगी या कोई और जिम्मेदारी देगी, ये तो आने वाला समय बताएगा।

तीन चरणों में होंगे चुनाव

बता दें कि जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को केंद्र सरकार ने हटा दिया था। इसके साथ ही पूर्ण राज्य के दर्जे को समाप्त करते हुए केंद्र शासित प्रदेश बना दिया था। केंद्र के इस फैसले के बाद यहां पहली बार चुनाव हो रहे हैं। चुनाव आयोग ने यहां की 90 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव का ऐलान किया है। यहां पहले चरण का मतदान 18 सितंबर को, दूसरे चरण का मतदान 25 सितंबर को और तीसरे चरण का मतदान 1 अक्टूबर को होगा। विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story