×

Top Trending Baba: 25-26 साल की जया किशोरी और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री, कौन है ज्यादा फेमस, यहां जानें सबकुछ

Jaya Kishori-Dhirendra Shastri: इन दिनों दो युवा संतों मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कथावाचन और मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर अपनी अलग पहचान कायम करने वाली जया किशोरी छायी हुई हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 24 Jan 2023 5:10 AM GMT (Updated on: 24 Jan 2023 5:12 AM GMT)
Jaya Kishori Dhirendra Shastri
X

जया किशोरी और धीरेंद्र शास्त्री (फोटो- सोशल मीडिया)

Jaya Kishori-Dhirendra Shastri: भारत को ऋषि-मुनियों का देश कहा जाता है। यहां एक से बढ़कर संत हुए हैं। यही वजह है कि आज भी भारतीय समाज में संतों को बड़ा आदर-भाव मिलता है। उनके अनुयायियों की संख्या लाखों में होती है। इन दिनों दो युवा संतों मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कथावाचन और मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर अपनी अलग पहचान कायम करने वाली जया किशोरी छायी हुई हैं।

बागेश्वर सरकार के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भले अपने कथित चमत्कार के दावों को लेकर फिलहाल विवादों में हों लेकिन इससे उन्हें मानने वालों पर जरा भी फर्क नहीं पड़ा है। वे आज भी उतनी ही दृढ़ता के साथ बाबा की भक्ति में लीन हैं। वहीं, जया किशोरी जी अपने भजन और कथावाचन को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। दोनों की उम्र 30 साल से भी कम है। इतने कम समय में दोनों ने अद्भुत प्रसिद्धि हासिल की है। तो आइए एक नजर दोनों के प्रोफाइल पर डालते हैं –

जया किशोरी
Jaya Kishori

जया किशोरी एक कथावाचक और मोटिवेशनल स्पीकर हैं। जय किशोरी भगवत गीता, नानी बाई रो मायरो, रामायण जैसी कथा सुनाती हैं। राधा-कृष्ण की भक्ति पर गाया उनका भजन काफी पसंद किया गया था। उनके मोटिवेशनल सोशल मीडिया पर काफी वायरल होते हैं।

जया किशोरी का जन्म 13 जुलाई 1995 को राजस्थान के सुजानगढ़ में हुआ था। उनके पिता का नाम शिव शंकर शर्मा (राधे श्याम हरितपाल) और माता का नाम गीता देवी हरितपाल है। उनकी एक बहन भी है, जिनका नाम चेतना शर्मा है।

जया किशोरी का असली नाम जया शर्मा है। गौड़ ब्राह्मण परिवार से ताल्लूक रखने वाली जया का परिवार उनके जन्म के बाद कोलकाता शिफ्ट हो गया था। जिसके बाद उनकी पढ़ाई-लिखाई यहीं पर हुई। उन्होंने बी.कॉम तक की पढ़ाई की है। बचपन में ही उनका झुकाव अध्यात्म की ओर हो गया था। उन्होंने मात्र 10 वर्ष की उम्र में अमोघफलदायी सम्पूर्ण सुन्दरकाण्ड का पाठ किया था।

जया जी के गुरूजी का नाम गोविंद राम मिश्र है। इन्हीं के द्वारा जया शर्मा को 'किशोरी' की उपाधि दी गई थी। जिसके बाद से जया शर्मा 'जया किशोरी' के नाम से जाने जानी लगीं। जया जी हमेशा खुद को एक साधारण लड़की मानती हैं। वह खुद को साध्वी या संत कहलाना पसंद नहीं करती हैं। उनकी संपत्ति करोड़ों में है।

कई अवार्ड से हो चुकी हैं सम्मानित

मात्र 27 साल की उम्र में बुलंदियों को छूने वालीं जया किशोरी को कई अवार्ड्स से नवाजा जा चुका है। साल 2016 में उन्हें 'आदर्श युवा आध्यात्मिक गुरू पुरस्कार' से नवाजा गया। उन्हें "फेम इंडिया एशिया पोस्ट सर्वे 2019 यूथ आइकॉन" से नवाजा जा चुका है। 2021 में जया किशोरी को "मोटिवेशनल स्पीकर ऑफ द ईय़र" का सम्मान मिला था।

सोशल मीडिया पर भी है धमक

जया किशोरी की सोशल मीडिया पर भी तगड़ी फैन – फॉलोइंग है। ट्विटर पर उनके 92 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या 40 लाख से अधिक है। वहीं, फेसबुक पर 80 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। जया किशोरी के यूट्यूब चैनल के सब्सक्राइबरों की संख्या 1.95 मिलियन है।

बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री
Bageshwar Sarkar Dhirendra Shastri

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बागेश्वर महाराज के नाम से भी जाना जाता है। कथित चमत्कार के दावे को लेकर विवादों में घिरे बाबा बागेश्वर के दरबार में नेता से लेकर अभिनेता तक हाजिरी लगाते हैं। कथावाचन के अपने अलग स्टाइल को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर पहले से वायरल होते रहे हैं। उनका जन्म 4 जुलाई 1996 को एमपी के छतरपुर जिले में स्थित गढ़ा गांव में हुआ था। मात्र 26 साल की उम्र में उनकी गिनती देश के प्रभावशाली धर्मगुरूओं में होने लगी है।

बेहद गरीबी में बचपन गुजारने वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बीए तक पढ़ाई कर रखी है। शुरूआती शिक्षा-दीक्षा के दौरान ही धीरेंद्र शास्त्री ने कथावाचन का काम शुरू कर दिया था। उनका असली नाम धीरेंद्र कृष्ण गर्ग था, बाद में उन्होंने गर्ग को हटाकर 'शास्त्री' अपने नाम में जोड़ लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनकी माता सरोज गर्ग दूध बेचने का काम करती थीं और पिता रामकृपाल गर्ग कथावाचन करते थे। बागेश्वर बाबा अपने तीन भाईयों में सबसे बड़े हैं। कभी आर्थिक बदहाली का सामन करने वाला धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की संपत्ति आज करोड़ों में है।

सोशल मीडिया पर है अच्छी फैन-फॉलोइंग

बागेश्वर महाराज चमत्कार से जुड़े विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। लाखों की संख्या में उनके प्रशंसक इंटरनेट पर बाबा के समर्थन में मुहिम छेड़े हुए हैं। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर बाबा के तगड़े फॉलोअर्स हैं।

ट्विटर – 48.6 हजार

फेसबुक – 29 लाख

इंस्टाग्राम – 1.49 लाख

यूट्यूब – 36.6 लाख

जया किशोरी से शादी पर क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी शोर है। बताया जाता है कि उनकी शादी एक महिला कथावाचक से होगी। यूजर्स का दावा है कि उनकी शादी कथावाचक और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी से होगी। बागेश्वर महाराज ने इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने इसे मिथ्या करार देते हुए खारिज किया है। बाबा का कहना है कि ये सब झूठ है, वो जया किशोरी को अपनी बहन के तौर पर मानते हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story