×

उपचुनाव के बाद गिरेगी सरकार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दावा, कही ये बड़ी बात...

दुमका में शिबू सोरेन के सुपुत्र बसंत सोरेन और बेरमो में स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के सुपुत्र जयमंगल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस और झामुमो के अंदर से ही इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठने लगी है।

Suman  Mishra | Astrologer
Published on: 24 Oct 2020 3:03 PM GMT
उपचुनाव के बाद गिरेगी सरकार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दावा, कही ये बड़ी बात...
X
झारखंड विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग प्रत्याशी मैदान में उतारे। गठबंधन नहीं होने का ख़ामियाज़ा भी दोनों दलों को उठाना पड़ा।

रांची: झारखंड में बेरमो और दुमका विधानसभा उप चुनाव के बाद हेमंत सोरेन की सरकार गिर जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की मानें तो सरकार अपने आप ही सत्ता से हाथ धो बैठेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, इस सरकार की आयु लंबी नहीं है। उन्होंने दुमका और बेरमो सीट पर दिए गए कांग्रेस और झामुमो प्रत्याशियों का ज़िक्र किया।

दीपक प्रकाश ने कहा कि, दोनों ही सीटों पर वंशवाद को बढ़ावा दिया गया है। दुमका में शिबू सोरेन के सुपुत्र बसंत सोरेन और बेरमो में स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के सुपुत्र जयमंगल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस और झामुमो के अंदर से ही इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठने लगी है।

सत्ताधारी कांग्रेस की प्रतिक्रिया

भाजपा के आरोपों का कांग्रेस ने उसी अंदाज़ में जवाब दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि, बेरमो और दुमका दोनों विधानसभा सीटों में भाजपा उम्मीदवारों की ज़मानत ज़ब्त हो जाएगी। आलोक दूबे ने कहा कि, बीजेपी ग़लतबयानी न करे वरना झारखंड की जनता हलक से ज़बान खींच लेगी।

अगर दोनों सीटों पर भाजपा को हार होती है तो भाजपा नेता कहें कि, मुंह में कालिख पोत कर जनता के सामने हाज़िर होंगे। प्रत्याशियों के चयन के सवाल पर पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि, कांग्रेस और झामुमो ने किसी बलात्कारी, भ्रष्टाचारी या फिर कोयला माफिया को टिकट नहीं दिया है। भाजपा अपनी चिंता करे।

यह पढ़ें....बलिया गोलीकांड में पुलिस का कारनामा, मृत को बनाया आरोपी, दर्ज किया केस

मुख्यमंत्री में कॉन्फीडेंस की कमी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की मानें तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन में कॉन्फीडेंस की भारी कमी है। उन्होने कहा कि, हेमंत सोरेन को प्रधानमंत्री से मुलाकात करने में डर लगता है। यही वजह है कि, उन्होने पीएम से कैबिनेट के अन्य साथियों के साथ मुलाकात का समय मांगा है।

दीपक प्रकाश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि, देश में ये पहला मामला होगा जब मुख्यमंत्री को खुद पर भरोसा नहीं होगा कि, वो राज्य के सीएम हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि, हेमंत सोरेन कांग्रेस की तैयार की गई स्क्रिट को पढ़ते हैं।

दरअसल, डीवीसी के बकाया मद में काटी गई राशि समेत अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार आमने सामने है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुलाकात के लिए समय मांगा है।

jharkhand

झारखंड में विपक्ष का आक्रमक रुख़

झारखंड में प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा हेमंत सोरेन सरकार को लेकर हमलावर रही है। पार्टी ने कोई भी मौका अबतक छोड़ा नहीं है। कई मौकों पर सरकार को असहज होना पड़ा है। बात चाहे मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र दुमका और बरहेट में महिलाओं और बच्चियों के साथ बढ़ते अपराध का हो या फिर केंद्र और राज्य के बीच तनावपूर्ण होते संबधों का मामला हो।

बीजेपी इन तमाम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरती रही है। अब उप चुनाव में वंशवाद को लेकर पार्टी हमलावर हो गई है। जनता के बीच इस बात को पहुंचाया जा रहा है कि, संताल परगना में एक ही परिवार के लोग जनता का प्रतिनिधित्व करते आए हैं। पार्टी कांग्रेस के वंशवाद को भी वोटरों के सामने रख रही है और बेरमो प्रत्याशी का उदाहरण पेश कर रही है।

jharkhand2

झारखंड में भाजपा-जदयू साथ-साथ

झारखंड विधानसभा उप चुनाव में जनता दल यूनाइटेड ने बीजेपी के दोनों प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा की है। इस बाबत जानकारी देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह ने बताया कि, जदयू के राष्ट्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि, बिहार की तरह झारखंड में भी पार्टी भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन करेगी।

उन्होंने कहा कि, बिहार में जिस तरह भाजपा और जेडीयू साथ-साथ हैं उसी तरह झारखंड में भी दोनों दल साथ-साथ रहेंगे। हालांकि, झारखंड विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग प्रत्याशी मैदान में उतारे। गठबंधन नहीं होने का ख़ामियाज़ा भी दोनों दलों को उठाना पड़ा।

रांची से शाहनवाज़ की रिपोर्ट

Suman  Mishra | Astrologer

Suman Mishra | Astrologer

एस्ट्रोलॉजी एडिटर

मैं वर्तमान में न्यूजट्रैक और अपना भारत के लिए कंटेट राइटिंग कर रही हूं। इससे पहले मैने रांची, झारखंड में प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में रिपोर्टिंग और फीचर राइटिंग किया है और ईटीवी में 5 वर्षों का डेस्क पर काम करने का अनुभव है। मैं पत्रकारिता और ज्योतिष विज्ञान में खास रुचि रखती हूं। मेरे नाना जी पंडित ललन त्रिपाठी एक प्रकांड विद्वान थे उनके सानिध्य में मुझे कर्मकांड और ज्योतिष हस्त रेखा का ज्ञान मिला और मैने इस क्षेत्र में विशेषज्ञता के लिए पढाई कर डिग्री भी ली है Author Experience- 2007 से अब तक( 17 साल) Author Education – 1. बनस्थली विद्यापीठ और विद्यापीठ से संस्कृत ज्योतिष विज्ञान में डिग्री 2. रांची विश्वविद्यालय से पत्राकरिता में जर्नलिज्म एंड मास कक्मयूनिकेश 3. विनोबा भावे विश्व विदयालय से राजनीतिक विज्ञान में स्नातक की डिग्री

Next Story