×

Interview : जल्द ही अयोध्या जाऊंगा : कल्याण सिंह

seema
Published on: 15 Nov 2019 9:07 AM GMT
Interview  :  जल्द ही अयोध्या जाऊंगा  :  कल्याण सिंह
X

पिछले पांच दशक से अधिक राजनीति में सक्रिय यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह अयोध्या आंदोलन में बड़े अगुवाकार रहे हैं। कल्याण सिंह को कट्टरपंथी हिन्दुत्व वादी के रूप में जाना जाता है। रामजन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कल्याण सिंह ने बाबरी ढांचे के विध्वंस के बाद यूपी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। कल्याण सिंह अब लखनऊ में अपने पौत्र और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री संदीप सिंह के साथ रहते हैं। अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले तथा मंदिर निर्माण के बारे में 'अपना भारत' के श्रीधर अग्निहोत्री ने कल्याण सिंह से बात की।

यह भी पढ़ेंं: रामलला के सखा त्रिलोकी नाथ पांडेय ने निभाई मित्रता

अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को आप किस तरह देखते हैं?

सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आया है उसे सभी को एकमत से स्वीकारना चाहिए। इसे किसी की जीत अथवा किसी की हार के रूप में नहीं देखना चाहिए। 500 साल पुराना विवाद खत्म हो गया। फैसला पूरी तरह से न्याय संगत है। सुप्रीम कोर्ट का निर्णय सर्व समावेशी है जिसके कारण से किसी ने भी इसके विरोध में आवाज नहीं उठाई। अब राम मंदिर की संकल्पना पूरी होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने न्याय और कानून का पालन किया है साथ ही समाज की एकता व अखंडता का भी ध्यान रखा है।

ट्रस्ट बनाए जाने की चर्चा तेज है। ट्रस्ट में किसको शामिल किया जाना चाहिए?

ट्रस्ट बनाना न बनाना सरकार का काम है। केन्द्र सरकार इस दिशा में काम कर रही है। इसमें कौन शामिल होगा कौन नहीं, यह सरकार का काम है। केंद्र को मंदिर बनाने की जिम्मेदारी देना भी अच्छा फैसला है। राम की नगरी में इतना भव्य मंदिर बनना चाहिए कि लोग देखने अयोध्या आएं और विकास इतना हो कि लगे राम की नगरी है।

यह भी पढ़ेंं: भारत -चीन बॉर्डर पर रक्षा मंत्री ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, कही ये बड़ी बात

अब मंदिर निर्माण की कवायद तेज हो रही है, अयोध्या के बारे में क्या कहेंगे?

राम की नगरी में अयोध्या में अब भव्य मंदिर बनेगा। अयोध्या में भी बड़े स्तर पर विकास होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां के विकास के लिए काम कर रहे हैं। वह इस क्षेत्र सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित हैं। मैं खुद एक राम भक्त हूं। पहले दिन से अयोध्या के विकास व राम मंदिर निर्माण का सपना देखता रहा हूं।

अब आप रामलला के दर्शन करने जाएंगे?

जल्द ही अयोध्या जाना चाहता हूं पर अभी समय व तारीख नहीं बताऊंगा। मुझ पर सीबीआई कोर्ट में केस चल रहा है। उस पर निर्णय आना बाकी है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर ओवैसी के बयान के बारे में आपका क्या कहना है?

(थोड़ी देर की चुप्पी.....) अयोध्या में राममंदिर कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि लोगों की आस्था से जुड़ा है। इसे राजनीति से नहीं जोडऩा चाहिए।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story