×

Karnataka Gangrape Case: इंटर फेथ कपल पर हमले का मामला, पीड़िता ने लगाया गैंगरेप का आरोप, बीजेपी ने साधा निशाना

Karnataka Gangrape Case: घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होते ही पुलिस एक्टिव हुई और अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 12 Jan 2024 8:44 AM GMT (Updated on: 12 Jan 2024 9:04 AM GMT)
Karnataka Gangrape Case:
X

Karnataka Gangrape Case (photo: social media)

Karnataka Gangrape Case: कर्नाटक के हावेरी जिले के हनागल तालुका में एक इंटर फेथ कपल पर पिछले दिनों कुछ स्थानीय युवकों ने हमला कर दिया था। एक 26 वर्षीय मुस्लिम महिला अपने हिंदू प्रेमी के साथ होटल गई थी। दोनों होटल के अपने कमरे में थे, तभी छह – सात युवकों का एक समूह उनके कमरे में घुस गया। आरोपियों ने कपल के साथ बहुत बदतमीजी की। महिला के साथ आए शख्स को जमकर पीटा।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होते ही पुलिस एक्टिव हुई और अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने छह लोगों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। घटना 8 जनवरी की है, लेकिन ये वीडियो वायरल होने के बाद 11 जनवरी को पुलिस ने इस पर एक्शन लिया। अब इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है।

महिला ने वीडियो जारी कर मांगा इंसाफ

पीड़ित महिला की ओर से गुरूवार एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें उसने बताया कि आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। रेप करने के बाद हमलावरों ने जबरन उसे एक कार में बिठाया और शहर में घुमाया। बकौल पीड़िता कार के ड्राइवर ने भी उसका बलात्कार किया। बाद में आरोपियों ने उसे एक बस स्टॉप पर कुछ पैसे देकर छोड़ दिया। महिला ने इंसाफ की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सजा की मांग की है।

इस घटना के सभी आरोपी अल्पसंख्यक समाज से बताए जाते हैं। जिसके बाद अब विपक्षी भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कर्नाटक में जो नैतिक पुलिसिंग की घटना सामने आई जिसमें एक अंतरधार्मिक जोड़ी के साथ अफताब, अब्दुल जैसे 7 लोगों ने एक हिंदू लड़का और मुस्लिम लड़की के कमरे घुसकर उनको मारा पीटा वीडियो बनाई और सड़कों पर धकेला।

इसमें एक और गंभीर विषय आया है, महिला ने बताया है कि उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। कर्नाटक में महिलाओं और कानून व्यवस्था के प्रति किस प्रकार का रवैया है, आज ये सामने निकल कर आया है। जो लोग चीख चीख कर महिलाओं के विषय पर लगातार बोलते हैं आज उनमें सन्नाटा क्यों है?

महिला की शिकायत पर 6 लोगों पर रेप का केस दर्ज

हावेरी के एसपी अंशू कुमार ने कहा कि महिला ने पहले रेप के बारे में नहीं बताया था। हमें इसके बारे में महिला के एक वीडियो से पता चला है, जिसके बाद हमने उचित धारा के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन महिला अपने 40 वर्षीय प्रेमी जो कि एक कर्नाटक रोडवेज में ड्राइवर है, के साथ होटल गई थी। बुर्के में होटल में प्रवेश करता देख उसे एक मुस्लिम ऑटो वाले ने देख लिया और उसने आरोपियों को इसकी सूचना दी। पीड़िता शादीशुदा है और उसकी एक सात साल की बच्ची भी है। वह पिछले तीन साल से अपने हिंदू प्रेमी के साथ रिलेशन में है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story