×

Kiren Rijiju: किरेन रिजिजू ने आज संभाली नई जिम्मेदारी, कानून मंत्रालय छिनने पर कही ये बात

Kiren Rijiju: अरूणाचल प्रदेश से आने वाले रिजिजू साल 2014 से मोदी कैबिनेट का हिस्सा हैं और हाल के दिनों में न्यायपालिका के खिलाफ अपनी तीखी टिप्पणियों को लेकर खूब खबरों में रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 19 May 2023 2:24 PM GMT
Kiren Rijiju: किरेन रिजिजू ने आज संभाली नई जिम्मेदारी, कानून मंत्रालय छिनने पर कही ये बात
X
Kiren Rijiju (photo: social media)

Kiren Rijiju: गुरूवार को मोदी सरकार में अचानक एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला। जिसके तहत कुछ मंत्रियों के विभाग बदल दिए गए। इनमें सबसे चर्चित नाम हैं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू। अरूणाचल प्रदेश से आने वाले रिजिजू साल 2014 से मोदी कैबिनेट का हिस्सा हैं और हाल के दिनों में न्यायपालिका के खिलाफ अपनी तीखी टिप्पणियों को लेकर खूब खबरों में रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने उनसे कानून मंत्रालय लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जन राम मेघवाल को दे दिया।

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को किरेन रिजिजू के केंद्र सरकार में डिमोशन के रूप में देखा जा रहा है। जिसके बाद विपक्ष के हमले भी उनपर शुरू हो गए। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी न्यायापालिक के साथ खुलेआम चल रहे टकराव को लेकर खुश नहीं थे। उन्हें भू विज्ञान मंत्रालय की नई जिम्मेदारी मिली है। इन सबके बीच रिजिजू ने शुक्रवार को अपने मंत्रालय में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीट करके भी दी है।

कानून मंत्रालय छिनने पर कही ये बात

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंत्रालय में पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं पीएम मोदी को बधाई देता हूं कि उन्होंने मुझे अवसर दिया है। इसके लिए मैं आभारी हूं। इस दौरान कानून मंत्रालय छिनने की बात पर उन्होंने कहा कि मुझसे कोई गलती नहीं हुई है, फेरबदल चलते रहता है। विपक्ष का काम ही है मेरे खिलाफ बोलना, उनको बोलने दीजिए, ये सब रूटीन प्रोसेस है।

इससे पहले कल उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि माननीय पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री के रूप में सेवा करना एक सौभाग्य और सम्मान की बात रही है। मैं भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, सुप्रीम कोर्ट के सभी न्यायधीशों, सभ हाईकोर्ट्स के मुख्य न्यायधीशों और अन्य जजों, निचली अदालतों और कानून विभाग के अधिकारियों की ओर से मिले भारी समर्थन के लिए धन्यावाद देता हूं। उन्होंने आगे लिखा, मैं भू-विज्ञान मंत्रालय में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन को उसी जोश के साथ पूरा करने के लिए तत्पर हूं। मैं बीजेपी के एक विनम्र कार्यकर्ता के रूप में इसे स्वीकार करता हूं।

2021 में मिला था कानून मंत्रालय का प्रभार

साल 2021 में मोदी सरकार के कैबिनेट फेरबदल में बिहार के पटना साहिब से सांसद और वरिष्ठ वकील रविशंकर प्रसाद से कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी लेकर खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे किरेन रिजिजू को दे दी गई थी। रिजिजू भी दिल्ली विश्वविद्यालय से लॉ ग्रेजुएट हैं। गुरूवार को उनसे यह जिम्मेदारी लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को दे गई। राजस्थान की बीकानेर सीट से सांसद मेघवाल फिलहाल केंद्रीय संस्कृति और संसदीय राज्य मंत्री का जिम्मा संभाल रहे थे, अब उनके पास कानून मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।

गुरूवार को उत्तर प्रदेश से आने वाले एक केंद्रीय मंत्री के विभाग में भी फेरबदल हुआ था। आगरा सीट से सांसद एसपी सिंह बघेल अब कानून और न्याय मंत्रालय की जगह स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री होंगे।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story