Kolkata Case: कैसे दरिंदा संजय रॉय पहुंचा सेमिनार हॉल, कैसे दिया वारदात को अंजाम? पॉलीग्राफ टेस्ट में आया अब तक का सबसे बड़ा सच

Kolkata Rape Murder Case: आरोपी संजय रॉय ने बताया है कि आठ-नौ अगस्त की रात वह शहर के अलग-अलग रेड लाइट एरिया गया था, लेकिन उसने यौन संबंध नहीं बनाए थे। वह नौ अगस्त को अपने दोस्त सौरभ के साथ बाइक से आरजी कर अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल में संजय के दोस्त सौरभ का भाई भर्ती था। उसी का हालचाल जानने दोनों अस्पताल गए थे।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 26 Aug 2024 7:25 AM GMT
Kolkata Doctor Rape Murder Case
X

Kolkata Doctor Rape Murder Case    (photo: social media )

Kolkata Rape Murder Case: कोलकाता में नौ अगस्त की रात आरजी कर अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर का रेप कर मर्डर कर दिया गया था। इस मामले की जांच कर रही सीबीआई ने अब तक सात लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया है। इनमें मुख्य आरोपी संजय रॉय भी है। पॉलीग्राफ टेस्ट में संजय रॉय ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है और घटना की रात का पूरा ब्योरा दिया है।

...लेकिन उसने यौन संबंध नहीं बनाए थे

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोपी रॉय ने बताया है कि नौ अगस्त को वह शहर के अलग-अलग रेड लाइट एरिया गया था। लेकिन उसने यौन संबंध नहीं बनाए थे। वह आठ-नौ अगस्त की रात को अपने दोस्त सौरभ के साथ बाइक से आरजी कर अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल में संजय के दोस्त सौरभ का भाई भर्ती था। उसी का हालचाल जानने दोनों अस्पताल गए थे। संजय ने बताया है कि उस रात 11.15 बजे वह और सौरभ दोनों अस्पताल से निकलकर शराब पीने का प्लान बनाते हैं। आरजी कर अस्पताल से तकरीबन एक किलोमीटर दूर 5 प्वाइंट नाम की जगह से दोनों शराब खरीदकर सड़क पर ही शराब पीते हैं। इस दौरान दोनों तय करते हैं कि वो कोलकाता के रेड लाइड एरिया सोनागाछी जाएंगे और वहां यौन संबंध बनाएंगे। संजय रॉय और सौरभ दोनों बाइक से सोनागाछी जाते हैं लेकिन वहां बात नहीं बनती। यहां से दोनों साउथ कोलकाता के रेड लाइट एरिया चेतला जाने का फैसला करते हैं।


सोनागाछी नॉर्थ कोलकाता में जबकि चेतला रेड लाइड एरिया साउथ कोलकाता में है और दोनों इलाकों के बीच की दूसरी तकरीबन 15 किलोमीटर है। चेतला जाते समय दोनों सड़क पर एक लड़की से छेड़छाड़ करते हैं, जो सीसीटीवी में कैद है। दोनों चेतला पहुंचकर बीयर पीते हैं। सौरभ वहां पैसे देकर यौन संबंध बनाता है। सौरभ अंदर जाता है और संजय रॉय बाहर खड़ा होकर अपनी गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल करने को बोलता है। वह अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करता है। वह गर्लफ्रेंड को न्यूड फोटो भेजने को बोलता है, गर्लफ्रेंड उसे न्यूड फोटो भेजती है। इससे साफ है कि चेतला में सौरभ यौन संबंध बनाता है लेकिन संजय रॉय नहीं। दोनों बाइक से वापस लौटते हैं उसी दौरान सौरभ घर जाने के लिए कहता है। संजय रॉय बताता है कि वह सौरभ को अस्पताल छोड़ देता है, सौरभ अपने भाई से घर जाने के लिए कैश मांगने जाता है। सौरभ का भाई कैश नहीं देता है जिसके बाद सौरभ अपने किसी दोस्त के जरिए रैपिडो बुक करता है और घर चला जाता है। इसके बाद रात 3.30 से 3.40 के बीच संजय रॉय आरजी कर अस्पताल पहुंचता है। वह चौथी मंजिल पर ट्रॉमा सेंटर के ऑपरेशन थियेटर में किसी चीज की तलाश में जाता है। चौथी मंजिल से संजय तीसरे फ्लोर पर 4.03 बजे पर सेमिनार हॉल के पास कॉरिडोर में जाता दिखाई देता है। उसके गले में ब्लूटूथ लटका हुआ है। सीसीटीवी में साफ दिखाई देता है कि संजय रॉय दबे पांव आ रहा है। वह चौकन्ना है और किसी चीज की तलाश में है।


और फिर बेहोश हो जाती है

संजय रॉय बताता है कि वह अस्पताल के सेमिनार हॉल में जाता है। वहां पीड़िता सो रही थी, वह सीधे उसका मुंह और गला दबा देता है। पीड़िता थोड़ा छटपटाती है और फिर बेहोश हो जाती है। इस बीच उसका रेप करता है और उसकी हत्या कर वहां से निकल जाता है। इस बीच उसका ब्लूटूथ क्राइम सीन पर छूट जाता है। संजय रॉय अस्पताल से सीधा कोलकाता पुलिस की चौथी बटालियन में अनुपम दत्ता के घर जाता है और सो जाता है।

बता दें कि नौ अगस्त की सुबह कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर का शव बरामद हुआ था। डॉक्टर का रेप कर उसकी हत्या की गई थी। इस मामले में संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया था।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story