Kolkata Rape - Murder Case : 'हम किसी भी हद तक जाएंगे', भूख हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों से मुलाकात के बाद बोले IMA अध्यक्ष

Kolkata Rape - Murder Case : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. आर.वी. अशोकन ने शुक्रवार को कोलकाता में आमरण अनशन कर रहे जूनियर डॉक्टरों से मुलाकात की।

Network
Newstrack Network
Published on: 11 Oct 2024 12:32 PM GMT (Updated on: 11 Oct 2024 12:46 PM GMT)
Kolkata Rape - Murder Case : हम किसी भी हद तक जाएंगे, भूख हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों से मुलाकात के बाद बोले IMA अध्यक्ष
X

Kolkata Rape - Murder Case : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. आर.वी. अशोकन ने शुक्रवार को कोलकाता में आमरण अनशन कर रहे जूनियर डॉक्टरों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आईएमए उनके साथ मजबूती के साथ खड़ा है। बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की वारदात के बाद से जूनियर डॉक्टरों ने 'काम बंद करो' को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था, लेकिन सरकार से आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल वापस ले लिया था। हालांकि आश्वासन पूरा नहीं होने पर अब डॉक्टरों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोकन ने कहा कि देश के सभी डॉक्टरों को लेकर चिंतित हैं, हम एक परिवार हैं, इसलिए यहां आया हूं। उन्होंने कहा ये युवा, जो चिकित्सा पेशे के संघर्षशील नायक हैं, न्याय के लिए लड़ रहे हैं, उनके लिए बहुत ही भारी मन से आया हूं। इन चिकित्सकों की सभी मांगे पूरी की जा सकती हैं। उन्होंने राज्य सरकार से हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों के बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए तत्काल समाधान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हड़ताल कर रहे एक चिकित्सक की तबियत बिगड़ गई है, अभी स्थिर नहीं है। इसे लेकर पूरा चिकित्सा समुदाय चिंतित है। उन्होंने कहा कि हड़ताल कर रहे चिकित्सकों ने एक भी बार अपने बारे में नहीं बोला है। उन्होंने सिर्फ व्यवस्था और भ्रष्टाचार के बारे में बात की है। उन्होंने कहा कि आईएमए उनके पीछे मजबूती के साथ खड़ा है, हम किसी भी हद तक जाएंगे, हम उन्हें निराश नहीं करेंगे।

आईएमए ने सीएम को लिखा पत्र

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने भी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में भूख हड़ताल पर बैठे जूनियर डॉक्टरों की समस्याओं को हल करने का आग्रह किया गया है। बंगाल के युवा डॉक्टरों को आमरण अनशन करते हुए लगभग एक सप्ताह हो गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन उनकी जायज मांगों का समर्थन करता है। पश्चिम बंगाल सरकार सभी मांगों को पूरा करने में सक्षम है। उनकी समस्याओं पर तत्काल ध्यान दिया जाए।


अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे चिकित्सक

बता दें कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के जूनियर चिकित्सकों ने कोलकाता के धर्मतला में डोरीना क्रॉसिंग पर अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे हैं। डॉक्टरों का आरोप है सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story