TRENDING TAGS :
Kota: चंबल फर्टिलाइजर्स केमिकल लिमिटेड में हुआ गैस रिसाव, 13 स्कूली बच्चे अचेत
Kota Gas Leak:
Kota Gas Leak (Photo: Social Media)
Kota Gas Leak: कोटा की एक केमिकल फैक्ट्री में गैस लीक हो गई। जानकारी के अनुसार चंबल फर्टिलाइजर्स केमिकल लिमिटेड में अमोनिया गैस रिसाव हो गया। इससे पास के एक स्कूल के 13 बच्चे बेहोश हो गए। बच्चों के बेहोश हो जाने से स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सभी बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है।
चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल लिमिटेड (CFCL) की फैक्ट्री के पास ही सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित है। गैस रिसाव होने की वजह से सरकारी स्कूल के छात्रों की तबीयत अचानक खराब हो गई। जानकारी के अनुसार गैस की चपेट में करीब 13 बच्चे आ गए, जिनका अस्पताल में इलाज करवाया गया। फिलहाल उनकी तबीयत सही बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक सिमलिया थाना क्षेत्र के कोटा-बारा हाईवे पर गढ़ेपान में स्थित चंबल फर्टिलाइजर्स केमिकल लिमिटेड से शनिवार दोपहर अचानक गैस रिसाव होने लगा। धीरे-धीरे केमिकल कंपनी से निकल रही गैस ने पास ही स्थित स्कूल के बच्चों पर असर दिखाना शुरू कर दिया। गैस रिसाव के चलते स्कूल के 13 बच्चे बेहोश हो गया। एकाएक 13 बच्चों के अचानक बेहोश हो जाने के बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्चों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में सात बच्चों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना की जानकारी होने के बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कलेक्टर रविंद्र गोस्वामी और ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे हालात का बारीकी से जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने बच्चों के समुचित उपचार कराने के निर्देश दिये हैं। हालांकि अभी तक केमिकल कंपनी में गैस का रिसाव किस वजह से हुआ। इसका पता नहीं चल रहा है। कंपनी प्रबंधन गैस रिसाव का पता लगाने में जुटी हुई है।